युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

“जमीनी स्तर के खेल युवा नेताओं को तैयार कर सकते हैं और समाज में परिवर्तन ला सकते हैं”: केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया

“खेल युवाओं को दिशा और समाज को मजबूती प्रदान करते हैं”: डॉ. मनसुख मांडविया

‘बिचारपुर – जुनून फुटबॉल का’ की विशेष स्क्रीनिंग ने जमीनी स्तर के खेलों की परिवर्तनकारी शक्ति पर प्रकाश डाला

प्रविष्टि तिथि: 07 MAY 2026 9:10PM by PIB Delhi

केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने वृत्‍तचित्र ‘बिचारपुर – जुनून फुटबॉल का’ की विशेष स्क्रीनिंग में भाग लिया। यह फिल्म जमीनी स्तर के फुटबॉल से जुड़ी प्रेरणादायक कहानियों और समाज में खेलों की परिवर्तनकारी भूमिका को दर्शाती है।



 

स्क्रीनिंग के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री डॉ. मांडविया ने इस बात को रेखांकित किया कि खेल युवाओं के विचारों को आकार देने और उन्हें सार्थक दिशा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि एक जीवन शैली है, जो संस्कृति, अनुशासन, मानसिक क्षमता और सामूहिक भावना को मजबूत बनाती है।

डॉ. मांडविया ने कहा, “पच्चीस वर्ष पहले, कई युवा गलत दिशा में जा रहे थे, लेकिन जब वे खेलों से जुड़े, तो उनका जीवन बदल गया। खेल युवा नेताओं को दिशा देते हैं और उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में प्रवाहित करते हैं।”



 

खेलों में सामुदायिक भागीदारी के व्यापक सामाजिक प्रभाव को रेखांकित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कूर्ग के कोडवा समुदाय और उनकी हॉकी संस्कृति की गहरी जड़ों का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि समुदाय द्वारा संचालित किए जाने वाले खेल अभियान एकता, अनुशासन, सामूहिक जिम्मेदारी और राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत करते हैं।

उन्होंने कहा, “खेल आपसी भाईचारे और राष्ट्र के प्रति योगदान की भावना विकसित करते हैं। खिलाड़ी भले ही अपने लिए खेलते हों, लेकिन वे देश का गौरव भी बढ़ाते हैं।”



 

कहानी सुनाने और ऐसी यात्राओं को सहेजने के महत्व के बारे में चर्चा करते हुए डॉ. मांडविया ने ऐसी खेल कहानियों के दस्तावेजीकरण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “जब किसी प्रयास का दस्तावेजीकरण होता है, तो वह प्रेरणादायक बन जाता है। ऐसी कहानियाँ युवाओं और समूचे समुदायों को मार्गदर्शन और प्रेरणा प्रदान कर सकती हैं।”

 डॉ. मांडविया ने खेलों में सम्मान और प्रोत्साहन के महत्व पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को सम्मानित करने वाले मंच युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने में सहायक होते हैं और अंततः राष्ट्रीय गौरव को मजबूत करते हैं।



 

*****

पीके/केसी/आरके / डीए 


(रिलीज़ आईडी: 2258927) आगंतुक पटल : 52
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Gujarati