वित्‍त मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

सीबीआईसी सदस्य श्री सुरजीत भुजबल ने आज ईटानगर में जीएसटी भवन का उद्घाटन किया

प्रविष्टि तिथि: 03 MAY 2026 11:40PM by PIB Delhi

केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) के सदस्य (अनुपालन प्रबंधन एवं क्षेत्रीय सदस्य) श्री सुरजीत भुजबल ने आज अरुणाचल प्रदेश के इटानगर में नए 'जीएसटी भवन' का उद्घाटन किया। इस अवसर पर गुवाहाटी क्षेत्र के मुख्य आयुक्त, सीजीएसटी एवं केंद्रीय उत्पाद शुल्क श्री कुल प्रकाश सिंह और इटानगर के आयुक्त, सीजीएसटी एवं सीएक्स श्री श्याम कानू महंत उपस्थित थे।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image001TL0I.jpg

इटानगर के नीति विहार, एमओडब्ल्यूबी-II में स्थित जीएसटी भवन को सीबीआईसी के अंतर्गत इटानगर आयुक्त कार्यालय के लिए एक आधुनिक कार्यालय परिसर के रूप में स्थापित किया गया है। इस सुविधा को करदाताओं के लिए एक समर्पित सुविधा केंद्र के रूप में परिकल्पित किया गया है, जिसका उद्देश्य सेवा वितरण को सुदृढ़ करना, पहुंच में सुधार करना और अनुपालन को सुगम बनाना है।

 

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image002THVB.jpg

उद्घाटन समारोह में श्री लोबसांग त्सेरिंग, डीसी पापुमपारे और अरुणाचल प्रदेश के एसजीएसटी आयुक्त, श्री अमित कुमार सिंह, संयुक्त आयुक्त सीजीएसटी इटानगर, श्री शशि वापंग लानु, अपर आयुक्त सीजीएसटी दीमापुर, श्री ओट्टो येपुथुमी, संयुक्त आयुक्त सीजीएसटी दीमापुर, श्रीमती बुल्लो मामुंग, सचिव, कौशल विकास, श्री मार्टो काटो, उप सॉलिसिटर जनरल, श्री अरुण कासिनाथ, सीजीएम, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन, श्री प्रदीप कुमार, कार्यकारी निदेशक, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन, श्री राजेंदर कुमार, कमांडेंट, सीआरपीएफ और सीजीएसटी एवं सी.ई. गुवाहाटी जोन के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image003886Z.jpg

इस अवसर पर एक सभा को संबोधित करते हुए श्री सुरजीत भुजबल ने अरुणाचल प्रदेश के लोगों को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर बधाई देते हुए जीएसटी के मूलभूत सिद्धांतों पर बल दिया। उन्‍होंने कहा कि जीएसटी की सफलता केवल प्रवर्तन में ही नहीं, बल्कि विश्वास, स्वैच्छिक अनुपालन और करदाताओं तथा प्रशासन के बीच सहयोगात्मक साझेदारी में निहित है। अरुणाचल प्रदेश की अंतर्निहित सत्‍यनिष्‍ठा और सामुदायिक विश्वास के मूल्यों से प्रेरणा लेते हुए उन्होंने कहा कि विभाग इसी प्रकार की उत्तरदायी और जन-केंद्रित कर व्यवस्था विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आगे कहा कि यह जीएसटी भवन केवल एक कार्यालय नहीं, बल्कि सुविधा, संवाद और आपसी विश्वास का केंद्र होगा।

जीएसटी के अंतर्गत राज्य के प्रदर्शन का उल्‍लेख करते हुए उन्होंने बताया कि अरुणाचल प्रदेश में वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान राजस्व संग्रह 526 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 29.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है और देश में सबसे अधिक वृद्धि में से एक है। उन्होंने कहा कि यह वृद्धि जीएसटी के अनुपालन में सुधार और जीएसटी प्रणाली में बढ़े हुए विश्वास को दर्शाती है, और कर आधार को और अधिक बढ़ाने के लिए निरंतर जनसंपर्क की आवश्यकता पर बल दिया।

गुवाहाटी जोन के मुख्य आयुक्त, सीजीएसटी एवं केंद्रीय उत्पाद शुल्क श्री कुल प्रकाश सिंह ने कहा कि बुनियादी ढांचे के निर्माण से करदाताओं के अनुभव में सुधार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास एक सहयोगात्मक अनुपालन प्रारूप की ओर बढ़ना है, जहां करदाताओं को मार्गदर्शन, समर्थन और प्रोत्साहन दिया जाए ताकि वे स्वेच्छा से अनुपालन करें।

उन्होंने इस बात पर बल दिया कि अधिकारियों को सुविधादाता और भागीदार के रूप में कार्य करना चाहिए और विचार-विमर्शों में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र में यह तीसरा जीएसटी भवन है, जो इस क्षेत्र में कर प्रशासन को मजबूत करने पर सरकार के निरंतर ध्यान को रेखांकित करता है।

इटानगर स्थित सीजीएसटी एवं सीएक्स आयुक्त श्री श्याम कानू महंत ने कहा कि नया जीएसटी भवन करदाताओं को दी जाने वाली सेवाओं की सुगमता और दक्षता में उल्लेखनीय सुधार लाएगा। उन्होंने कहा कि पंजीकृत करदाताओं की संख्या में निरंतर वृद्धि जीएसटी प्रणाली में बढ़ते भरोसे का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि हमारी कर प्रणाली की शक्ति करदाताओं के साथ बनाए गए भरोसे में निहित है और हमारा निरंतर प्रयास अनुपालन को सरल, पारदर्शी और बाधा-मुक्त बनाना रहेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्वैच्छिक अनुपालन को बढ़ावा देने और करदाताओं की सहभागिता को मजबूत करने के लिए राज्य भर में नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

**.*

पीके/केसी/एसएस/एसएस


(रिलीज़ आईडी: 2257812) आगंतुक पटल : 69
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu