सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ शहर के लिए दक्षिण-पूर्व बाईपास के निर्माण का ठेका दिया
प्रविष्टि तिथि:
23 MAR 2026 5:22PM by PIB Delhi
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ के लिए 15 किलोमीटर लंबे चार लेन वाले दक्षिण-पूर्व बाईपास के निर्माण हेतु लेटर ऑफ अवार्ड (एलओए) जारी किया है। यह परियोजना इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (ईपीसी) मोड पर 368.85 करोड़ रुपये की लागत से मेसर्स कालूवाला कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड को सौंपी गई है।
रानी-का-सराय गांव के पास से शुरू होकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास समाप्त होने वाला यह बाईपास, आज़मगढ़ के क्षेत्रीय सड़क नेटवर्क में एक महत्वपूर्ण कड़ी को पूरा करेगा और एक निरंतर रिंग रोड का निर्माण करेगा। इस परियोजना से क्षेत्रीय यातायात सुगम होगा और आज़मगढ़ के अंदर भीड़भाड़ कम होगी।
इस परियोजना के कार्यान्वयन में एक फ्लाईओवर, एक आरओबी, दो इंटरचेंज, दो वाहन अंडरपास (वीयूपी), आठ एलवीयूपी, तीन छोटे पुल, प्रत्येक तरफ 11.6 किमी और 9 किमी लंबाई की सर्विस रोड और 7.5 किमी लंबी स्लिप रोड का निर्माण भी शामिल है।
यह बाईपास एक बार पूरा हो जाने पर, क्षेत्रीय संपर्क को बढ़ावा देगा, रसद लागत को कम करेगा और दीर्घकालिक आर्थिक विकास को समर्थन देगा, साथ ही पूरे क्षेत्र में सुरक्षित और तेज यात्रा को गति देगा।
***
पीके/केसी/एचएन/एचबी
(रिलीज़ आईडी: 2244069)
आगंतुक पटल : 173