इलेक्ट्रानिक्स एवं आईटी मंत्रालय
भारत के एआई भविष्य का निर्माण - वैश्विक सीईओ ने स्वायत्तता, बुनियादी ढांचे और जन सशक्तिकरण पर दिया जोर
एआई सशक्तिकरण का साधन होना चाहिए, प्रभुत्व का नहीं: आर्थर मेन्श, सीईओ और सह-संस्थापक, मिस्ट्रल एआई
एआई अगली औद्योगिक क्रांति का आधारभूत ढांचा है, विशेष रूप से वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं में: राजेश सुब्रमण्यम, सीईओ, फेडेक्स
अगर किसी देश की ऊर्जा प्रणाली कमजोर है, तो उसकी खुफिया प्रणाली भी कमजोर होगी: जीत अदानी, निदेशक, अदानी डिजिटल लैब्स
जब तक एआई से भारत की आधी आबादी को लाभ नहीं पहुंचता, तब तक हम इसका असल प्रभाव नहीं देख पाएंगे: विनोद खोसला, संस्थापक, खोसला वेंचर्स
प्रविष्टि तिथि:
19 FEB 2026 8:50PM by PIB Delhi
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि आज 140 करोड़ भारतीय नई तकनीकों को अपनाने के लिए उत्सुक हैं। प्रधानमंत्री ने देशवासियों की ओर से शिखर सम्मेलन में भाग लेने वाले राष्ट्राध्यक्षों, वैश्विक एआई तंत्र के नेताओं और नवप्रवर्तकों का हार्दिक स्वागत किया।
इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान, मिस्ट्रल एआई के सीईओ और सह-संस्थापक आर्थर मेन्श, फेडेक्स के सीईओ राजेश सुब्रमण्यम, अदानी डिजिटल लैब्स के निदेशक जीत अदानी और खोसला वेंचर्स के संस्थापक विनोद खोसला ने अपने मुख्य भाषणों में इस बात पर ज़ोर दिया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता किस तरह संप्रभुता, वैश्विक वाणिज्य, बुनियादी ढांचे और आवश्यक सेवाओं तक पहुंच को नया आकार दे रही है। उन्होंने अपने भाषणों में पारदर्शिता, स्वामित्व और व्यापक सामाजिक प्रभाव पर विशेष बल दिया गया।

मिस्ट्रल एआई के सीईओ और सह-संस्थापक आर्थर मेन्श ने एआई की स्वायत्तता और खुले नवाचार के लिए एक सशक्त तर्क पेश किया। विकेंद्रीकरण और डिजिटल आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा, “एआई सशक्तिकरण का साधन होना चाहिए, प्रभुत्व का नहीं। देशों और क्षेत्रों को अपने एआई भविष्य का नियंत्रण स्वयं करना चाहिए। यह कोई विशेषाधिकार नहीं, बल्कि डिजिटल स्वायत्तता को बनाए रखने के लिए एक ज़रुरत है।” शक्ति के अत्यधिक केंद्रीकरण के खिलाफ चेताते हुए उन्होंने कहा, “हम ऐसी दुनिया नहीं चाहते, जहाँ महज़ तीन या चार विशाल कंपनियों के पास ही बुद्धिमत्ता तक की पहुँच हो। भविष्य का निर्माण जनसमूह द्वारा और जनसमूह के लिए होना चाहिए।”

फेडेक्स के सीईओ राजेश सुब्रमण्यम ने एआई को अगले औद्योगिक युग, खास तौर पर वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं के लिए मूलभूत आधार बताया। कंपनी में आए बदलाव पर बात करते हुए उन्होंने कहा, “एआई अब कोई चलन नहीं है, बल्कि यह अगली औद्योगिक प्रणाली है। बुद्धिमत्ता कोई संपत्ति नहीं, बल्कि बुनियादी ढांचा है।” अवसर की व्यापकता पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने आगे कहा, “अगले 50 सालों में, हमारी विशिष्टता आधुनिक वाणिज्य को संचालित करने वाली बुद्धिमत्ता को व्यवस्थित करने, व्यवधानों का पूर्वानुमान लगाने, प्रवाह को अनुकूलित करने और मज़बूत आपूर्ति श्रृंखलाओं का निर्माण करने से आएगी।”

अडानी डिजिटल लैब्स के निदेशक जीत अडानी ने राष्ट्रीय क्षमता और रणनीतिक संप्रभुता के परिप्रेक्ष्य में एआई को परिभाषित किया। ऊर्जा, कंप्यूटिंग और सेवाओं की संप्रभुता को तीन मुख्य स्तंभ बताते हुए उन्होंने कहा, “एआई कोड में लिखा जाता है, लेकिन यह बिजली से चलता है। यदि किसी देश की ऊर्जा प्रणाली कमजोर है, तो उसकी खुफिया प्रणाली भी कमजोर होगी।” हरित और संप्रभु एआई अवसंरचना में बड़े निवेश की घोषणा करते हुए उन्होंने आगे कहा, “अब सवाल यह नहीं है कि भारत एआई की सदी में भाग लेगा या नहीं। सवाल यह है कि क्या एआई सदी में भारत की छाप उसकी अवसंरचना, उसकी खुफिया जानकारी और उसके मूल्यों में दिखाई देगी।”

खोसला वेंचर्स के संस्थापक विनोद खोसला ने जीवन को बदलने में सक्षम तत्काल और बड़े पैमाने पर अनुप्रयोगों पर ध्यान केंद्रित किया। हर नागरिक के लिए सुलभ एआई ट्यूटर, एआई डॉक्टर और एआई कृषि सेवाओं की वकालत करते हुए उन्होंने कहा, "जब तक एआई भारत की आधी आबादी को लाभ नहीं पहुंचाता, तब तक हम इसका वास्तविक प्रभाव नहीं देख पाएंगे।" व्यावहारिकता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा, "भविष्य आज यहीं है। जिस काम में कभी सैकड़ों अरब डॉलर लगते थे, उसे अब बड़े पैमाने पर और कम लागत में किया जा सकता है, जिससे हर भारतीय के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और विशेषज्ञता तक पहुंच कई गुना बढ़ जाएगी।"
इस सत्र में उस साझा विश्वास को दर्शाया गया कि एआई के अगले चरण को न केवल तकनीकी दिखावे से, बल्कि स्वामित्व, सुलभता और समान वितरण से भी परिभाषित किया जाना चाहिए। ओपन-सोर्स स्वायत्तता और संप्रभु अवसंरचना से लेकर बुद्धिमान आपूर्ति श्रृंखलाओं और सार्वभौमिक डिजिटल सेवाओं तक, नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि भारत आज एक ऐसे निर्णायक मोड़ पर खड़ा है, जहां समावेशी, सशक्त और वैश्विक स्तर पर प्रभावशाली एआई प्रणालियों का निर्माण करने का अवसर है।
***
पीके/केसी/एनएस/एसएस
(रिलीज़ आईडी: 2230556)
आगंतुक पटल : 76