रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

नौसेना और रक्षा विनिर्माण में गुणवत्ता आश्वासन के भविष्य पर चर्चा करने के लिए क्‍यूए-उद्योग सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा

प्रविष्टि तिथि: 12 FEB 2026 11:59AM by PIB Delhi

गुणवत्ता आश्‍वासन (क्यूए) सम्मेलन 13 फरवरी, 2026 को नई दिल्ली के मानेकशॉ ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा। इसका विषय 'ट्रेसेबिलिटी, स्पीड और ट्रस्ट – लेवरेजिंग टेक्‍नोलॉजी फॉर स्मार्टर क्वालिटी एश्योरेंस' है। इसमें रक्षा मंत्रालय, भारतीय नौसेना, क्वालिटी एश्योरेंस एजेंसियों, शिपयार्ड, रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और प्रमुख उद्योग भागीदारों के वरिष्ठ अधिकारी नौसेना और रक्षा विनिर्माण में गुणवत्ता आश्वासन के भविष्य पर विचार-विमर्श करने के लिए एक साथ आएंगे।

इस सम्मेलन का उद्देश्य गुणवत्ता आश्वासन प्रक्रियाओं को सुदृढ़ करने, विनिर्माण श्रृंखला में पता लगाने की क्षमता बढ़ाने, अनुमोदन और प्रमाणन में तेजी लाने और हितधारकों के बीच दीर्घकालिक विश्वास स्थापित करने में डिजिटल प्रौद्योगिकियों की महत्वपूर्ण भूमिका को उजागर करना है। यह नीति निर्माताओं, पेशेवरों और उद्योगपतियों के लिए सर्वोत्तम प्रथाओं का आदान-प्रदान करने और आधुनिक, प्रौद्योगिकी-आधारित गुणवत्ता आश्वासन इकोसिस्‍टम के लिए एक रूपरेखा तैयार करने हेतु एक साझा मंच के रूप में कार्य करेगा।

तकनीकी सत्रों में जहाज निर्माण के लिए डिजिटल गुणवत्ता आश्वासन (क्यूए) - पता लगाने की क्षमता, गति और विश्वास; गुणवत्ता आश्वासन नीति अनुपालन और उद्योग सहयोग; और नौसेना जहाज निर्माण में गुणवत्ता आश्वासन और स्पेयर पार्ट्स के लिए आपूर्ति आदेशों पर केंद्रित पैनल चर्चाएं होंगी। इन चर्चाओं में जहाज निर्माण, स्पेयर पार्ट्स की आपूर्ति, नीति अनुपालन और सहयोगात्मक गुणवत्ता आश्वासन ढांचों में प्रमुख चुनौतियों और अवसरों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

इस सम्मेलन के दौरान कई महत्वपूर्ण पहलों की शुरुआत की जाएगी, जिनमें उद्योग की सहभागिता और सूचना साझाकरण को मजबूत करने के लिए भारतीय नौसेना और समुद्री उद्योग - एक क्षमता सूची का प्रकाशन; युद्ध प्रणालियों और सेंसरों के एकीकृत डेटा प्रबंधन के लिए सामान्य सूचना मॉडल पर संयुक्त सेवा दिशानिर्देशों का प्रकाशन; और सिद्ध गुणवत्ता प्रदर्शन की मान्यता में पात्र उद्योग भागीदारों को ग्रीन चैनल का दर्जा और स्व-प्रमाणन प्रदान करना शामिल है।

****

पीके/केसी/एचएन/ओपी


(रिलीज़ आईडी: 2226937) आगंतुक पटल : 135
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Tamil