पर्यटन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

एडवेंचर पर्यटन की सुरक्षा एवं प्रचार प्रसार

प्रविष्टि तिथि: 02 FEB 2026 4:03PM by PIB Delhi

एडवेंचर पर्यटन सहित पर्यटन स्थलों का विकास और उन्हें बढ़ावा देने से लेकर एडवेंचर पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा सुनिश्चित करना और पर्यटकों के लिए सुविधाओं का विस्तार मुख्य रूप से राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासन की ज़िम्मेदारी है।

पर्यटन मंत्रालय ने एडवेंचर पर्यटन के क्षेत्र में भारत को विश्व स्तर पर एक पसंदीदा केंद्र के तौर पर स्थापित करने के लिए एक राष्ट्रीय रणनीति तैयार की है। यह रणनीति एडवेंचर पर्यटन स्थलों को विकसित करने, एडवेंचर पर्यटन में सुरक्षा को बढ़ावा देने, कौशल विकास, क्षमता निर्माण और इनके प्रचार प्रसार पर केंद्रित है।

पर्यटन मंत्रालय अपने क्षेत्रीय पर्यटन कार्यालयों के माध्यम से एडवेंचर टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के साथ मिलकर रिस्पॉन्सिबल एडवेंचर टूरिज्म गाइड का पाठ्यक्रम संचालित कर रहा है।

पर्यटन मंत्रालय ने एडवेंचर टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के साथ मिलकर एडवेंचर सुरक्षा गाइडलाइंस तैयार की हैं, जिसका उद्देश्य पूरे भारत में एडवेंचर पर्यटन क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक पूरा और स्टैंडर्ड फ्रेमवर्क तैयार करना है। इन गाइडलाइंस को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में साझा किया गया है और कहा गया है कि इन सुरक्षा नियमों को सभी संबंधित स्थलों पर लागू किया जाए और इसके अनुरूप गाइडलाइंस तैयार की जाएं।

सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों से अनुरोध किया गया है कि वे एडवेंचर से जुड़ी सभी गतिविधियों पर कड़ी नज़र रखें और यह सुनिश्चित करें कि सभी ऑपरेटर सुरक्षा नियमों और लाइसेंसिंग मानदंडों का सख्ती से पालन करें।

आज यह जानकारी केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने लोकसभा में एक लिखित जवाब में दी।

****


पीके/केसी/डीटी/डीए


(रिलीज़ आईडी: 2222273) आगंतुक पटल : 97
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu