खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय
आधुनिक गुड़ प्रसंस्करण अवसंरचना का विकास
खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय (एमओएफपीआई) आधुनिक अवसंरचना, वित्तीय प्रोत्साहनों और ओडीओपी-आधारित मूल्य श्रृंखला सहयोग के माध्यम से भारत के गुड़ प्रसंस्करण क्षेत्र को सशक्त बना रहा है।
प्रविष्टि तिथि:
29 JAN 2026 3:25PM by PIB Delhi
देश भर में गुड़ प्रसंस्करण उद्योगों सहित खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय (एमओएफपीआई) अपनी केंद्रीय क्षेत्र योजनाओं, जैसे प्रधानमंत्री किसान संपदा योजना (पीएमकेएसवाई), खाद्य प्रसंस्करण उद्योग के लिए उत्पादन-आधारित प्रोत्साहन योजना (पीएलआईएसएफपीआई) और केंद्र प्रायोजित – सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों के औपचारिककरण (पीएमएफएमई) योजना के माध्यम से संबंधित बुनियादी ढांचे की स्थापना/विस्तार को प्रोत्साहित कर रहा है। ये योजनाएं किसी क्षेत्र या राज्य विशेष तक सीमित नहीं हैं, बल्कि मांग पर आधारित हैं। इन परियोजनाओं को भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के नियमों का पालन करना आवश्यक है और निर्यात सहित बेहतर बाजार पहुंच के लिए अंतरराष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप होने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।
खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय (एमओएफपीआई) संबंधित योजना के दिशानिर्देशों के अनुसार आधुनिक और उन्नत प्रौद्योगिकियों से युक्त गुड़ प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना/विस्तार के लिए संभावित उद्यमियों को वित्तीय सहायता प्रदान करता है।
31.12.2025 तक, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय (एमओएफपीआई) ने देश में खाद्य प्रसंस्करण एवं संरक्षण क्षमताओं के सृजन/विस्तार (सीईएफपीपीसी) योजना के तहत 17.07 करोड़ रुपये की अनुदान सहायता के साथ 5 गुड़ प्रसंस्करण इकाइयों को मंजूरी दी है, जो कि पीएमकेएसवाई की एक घटक योजना है, और पीएमएफएमई योजना के तहत देश में गुड़ प्रसंस्करण के लिए 102.31 करोड़ रुपये की सब्सिडी राशि के साथ 3528 सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को मंजूरी दी है।
पीएमएफएमई योजना के संबंधित घटक के अंतर्गत (एफपीओ), स्वयं सहायता समूहों (एसएचजीएस), सहकारी समितियों अथवा सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों के विशेष प्रयोजन वाहन (एसपीवी) को ब्रांडिंग एवं विपणन सहायता हेतु 50 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध है।
गुड़ सहित स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए, पीएमएफएमई योजना के तहत एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) दृष्टिकोण अपनाया गया है, ताकि कच्चे माल की खरीद, साझा सेवाओं के उपयोग और उत्पादों के विपणन के मामले में व्यापक लाभ प्राप्त किया जा सके। यह मूल्य श्रृंखला विकास और सहायक बुनियादी ढांचे के समन्वय के लिए एक ढांचा प्रदान करता है। पीएमएफएमई योजना के तहत, देश के 19 जिलों में गुड़ और संबंधित उत्पादों को ओडीओपी के रूप में चिन्हित किया गया है।
खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री श्री रवनीत सिंह ने आज लोकसभा में लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।
***
पीके/केसी/एमके/एनके
(रिलीज़ आईडी: 2221239)
आगंतुक पटल : 27