पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

आईईडब्लू 2026: ऊर्जा डेटा को विकास का अनुमान लगाना चाहिए, उसका पीछा नही, आईईडब्लू 2026 में पंकज जैन ने कहा


नेतृत्व पैनल ने विकसित भारत 2047 के लिए लचीली आर्थिक नीति बनाने में ग्रैनुलर ऊर्जा डेटा की भूमिका पर जोर दिया

प्रविष्टि तिथि: 29 JAN 2026 7:32PM by PIB Delhi

भारत के पूर्व पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस सचिव तथा आठवें केंद्रीय वेतन आयोग के सदस्य सचिव, पंकज जैन ने कहा कि ऊर्जा की योजना आर्थिक विकास से पहले बनाई जानी चाहिए, अन्यथा इसके एक बाध्यकारी बाधा बनने का जोखिम रहता है। उन्होंने यह बात गोवा में 27 से 30 जनवरी 2026 तक आयोजित किए जा रहे 'इंडिया एनर्जी वीक 2026' के तीसरे दिन एक लीडरशिप स्पॉटलाइट सत्र के दौरान कही।

एडिशन स्टेज पर ऊर्जा डेटा के साथ आर्थिक नीति को सशक्त बनाना: विकसित भारत 2047 की दिशा में भारत की प्रगति का संचालन” विषय पर बोलते हुए, पंकज जैन ने भविष्योन्मुखी और डेटा-संचालित नीति निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने खंडित निर्णय लेने की प्रक्रिया के कारण क्षमता निर्माण में होने वाली देरी के जोखिमों को रेखांकित करते हुए कहा, “ऊर्जा केवल पीछे-पीछे नहीं चल सकती। ऊर्जा को भविष्य का अनुमान लगाना होगा। यदि हम जीडीपी की वृद्धि के लिए ऊर्जा नियोजन में एक बार भी चूकते हैं, तो यह एक बाधा बन जाती है।”

जैन ने इस बात पर जोर दिया कि यद्यपि भारत के पास विभिन्न क्षेत्रों का विशाल डेटासेट उपलब्ध है, लेकिन ऊर्जा डेटा अभी भी साइलो में बिखरा हुआ है। उन्होंने व्यापक आर्थिक पूर्वानुमान, राजकोषीय नियोजन और बुनियादी ढांचे की प्राथमिकताओं का समर्थन करने के लिए पेट्रोलियम, बिजली, कोयला और गैस के डेटा के बेहतर एकीकरण का आह्वान किया। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि सटीक ऊर्जा डेटा न केवल क्षमता नियोजन के लिए, बल्कि राजकोषीय परिणामों के प्रबंधन, निवेश के लिए प्रोत्साहन और दीर्घकालिक आर्थिक स्थिरता के लिए भी महत्वपूर्ण है।

हाइड्रोकार्बन महानिदेशालय के महानिदेशक, श्रीकांत नागुलापल्ली ने इस बात पर जोर दिया कि जैसे-जैसे भारत 2047 की ओर बढ़ रहा है, देश की ऊर्जा जरूरतों में तेजी से विस्तार होना तय है। उन्होंने आगे कहा कि भले ही नवीकरणीय ऊर्जा (रिन्यूएबल्स) का पैमाना बढ़ रहा है, लेकिन हाइड्रोकार्बन विशेष रूप से उर्वरक और रिफाइनिंग जैसे 'हार्ड-टू-एबेट' (जिनमें उत्सर्जन कम करना कठिन है) क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे। भारत की उच्च आयात निर्भरता और घरेलू उत्पादन के लिए लगने वाली लंबी अवधि को देखते हुए, उन्होंने कहा कि ऊर्जा तैयारी और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समय पर और डेटा-आधारित निर्णय लेना आवश्यक है।

बाजार के परिप्रेक्ष्य से, वंदना हरि (संस्थापक और सीईओ, वंदा इनसाइट्स) ने वैश्विक तेल और गैस की कीमतों और भारत के व्यापक आर्थिक संकेतकों के बीच सीधे संबंध पर प्रकाश डाला। उन्होंने परिदृश्य-आधारित योजना के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि कीमतों में अस्थिरता, नीति नियोजन के लिए संभाव्यता और डेटा-आधारित दृष्टिकोण को अपरिहार्य बनाती है।

चर्चा को आगे बढ़ाते हुए, भारतीय अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी लिमिटेड  के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक, प्रदीप कुमार दास ने नवीकरणीय ऊर्जा में भारत के तेजी से विस्तार और इसे बड़े पैमाने पर सक्षम बनाने में वित्त की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ऊर्जा परिवर्तन (एनर्जी ट्रांजिशन) को विश्वसनीय, किफायती और निवेश के अनुकूल बनाए रखने के लिए ऊर्जा की इंटरमिटेंसी, भंडारण, आपूर्ति श्रृंखलाओं और उभरती प्रौद्योगिकियों से संबंधित डेटा को एक साथ जोड़ने की आवश्यकता है।

इंडिया एनर्जी वीक के बारे में

इंडिया एनर्जी वीक देश का प्रमुख वैश्विक ऊर्जा मंच है, जो एक सुरक्षित, टिकाऊ और किफायती ऊर्जा भविष्य की दिशा में प्रगति को गति देने के लिए सरकारी नेताओं, उद्योग जगत के अधिकारियों और इनोवेटर्स को एक साथ लाता है। एक तटस्थ अंतरराष्ट्रीय मंच के रूप में आईईडब्लू निवेश, नीतिगत समन्वय और तकनीकी सहयोग को प्रोत्साहित करता है, जो वैश्विक ऊर्जा परिदृश्य को नया आकार दे रहे हैं।

पीके/केसी/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2220650) आगंतुक पटल : 33
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu