जनजातीय कार्य मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

देश भर के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय 1 से 15 नवंबर 2025 तक जनजातीय गौरव वर्ष पखवाड़ा मनाएंगे


नेस्ट्स पहल के तहत 1.5 लाख आदिवासी छात्र भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती मनाएंगे

Posted On: 31 OCT 2025 4:59PM by PIB Delhi

जनजातीय मामलों के मंत्रालय के राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा सोसाइटी (नेस्ट्स) के तत्वावधान में, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) 1 से 15 नवंबर 2025 तक जनजातीय गौरव वर्ष पखवाड़ा मनाएंगे। इसका समापन 15 नवंबर 2025 को जनजातीय गौरव दिवस के भव्य राष्ट्रव्यापी समारोह के साथ होगा जो महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाएगा।

जनजातीय नायकों के योगदान का सम्मान करने और जनजातीय युवाओं को सशक्त बनाने के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण से प्रेरित इस पखवाड़े का उद्देश्य भारत के जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत को उजागर कर जनजातीय कला, संस्कृति और विरासत की जीवंत अभिव्यक्तियों को दर्शाते हुए छात्रों को प्रेरित करना है। देश भर के ईएमआरएस रचनात्मक, सांस्कृतिक और शैक्षिक गतिविधियों का आयोजन करेंगे जो देश की जनजातीय परंपराओं की शक्ति और विविधता को प्रदर्शित करेंगी।

जनजातीय छात्रों की क्षमता को और बढ़ावा देने तथा उन्‍हें प्रेरित करने पर प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के अनुरूप देश के इतिहास और विकास में जनजातीय समुदायों की अमूल्य भूमिका के बारे में छात्रों में गौरव, एकता और जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए सभी ईएमआरएस में पदयात्राएँ और विषयगत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पखवाड़े के दौरान उत्कृष्ट भागीदारी और अभिनव गतिविधियों के लिए दो सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले स्कूलों को सम्मानित किया जाएगा।

इस वर्ष देश भर के 497 ईएमआरएस के 1.5 लाख से अधिक छात्रों के जनजातीय गौरव वर्ष पखवाड़ा और जनजातीय गौरव दिवस समारोह में भाग लेने की उम्मीद है जो उनके सामूहिक उत्साह, रचनात्मकता और अपनी विरासत तथा राष्ट्र के स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति श्रद्धा को दर्शाता है।

इन पहलों के माध्यम से, नेस्ट्स जनजातीय छात्रों में गौरव, पहचान और उद्देश्य की भावना का पोषण करना चाहता है। इसमें जनजातीय गौरव वर्ष 2025 की भावना का जश्न मनाना और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करना शामिल है जिनके साहस और आदर्श आज भी देश को विकसित भारत की ओर प्रेरित करते हैं।

जनजातीय छात्रों के लिए राष्ट्रीय शिक्षा समिति (नेस्ट्स) भारत सरकार के जनजातीय मामलों के मंत्रालय के अंतर्गत एक स्वायत्त संगठन है। यह एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों (ईएमआरएस) के एक राष्ट्रव्यापी नेटवर्क के माध्यम से जनजातीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए समर्पित हैं। ये आवासीय विद्यालय समग्र विकास प्रदान करते हैं और जनजातीय संस्कृति और मूल्यों का संरक्षण करते हैं।

*********

पीके/केसी/जेके/एसके


(Release ID: 2184798) Visitor Counter : 62
Read this release in: English , Urdu , Marathi