रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

डीआरडीओ ने डीआरडीएल हैदराबाद में उभरते विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार सम्मेलन (ईएसटीआईसी-2025) के लिए पूर्वावलोकन कार्यक्रम का आयोजन किया

Posted On: 17 OCT 2025 5:19PM by PIB Delhi

रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने 17 अक्टूबर, 2025 को हैदराबाद स्थित रक्षा अनुसंधान एवं विकास प्रयोगशाला (डीआरडीएल) में आगामी उभरते विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार सम्मेलन (ईएसटीआईसी-2025) के लिए एक पूर्वावलोकन कार्यक्रम का आयोजन किया। प्रमुख आयोजकों में से एक के रूप में, डीआरडीओ इस सम्मेलन के 11 विषयगत सत्रों में से एक, "इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सेमीकंडक्टर विनिर्माण" विषय पर आयोजित सत्र का नेतृत्व कर रहा है।

डीआरडीएल हैदराबाद में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए, रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग (डीडीआरएंडडी) के सचिव एवं डीआरडीओ के अध्यक्ष डॉ. समीर वी. कामत ने आधुनिक प्रौद्योगिकी इको-सिस्टम में सेमीकंडक्टरों की केंद्रीय भूमिका पर प्रकाश डाला, जो स्वास्थ्य सेवा, संचार, परिवहन, रक्षा और अंतरिक्ष में महत्वपूर्ण प्रणालियों को सशक्त बनाते हैं। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे वैश्विक अर्थव्यवस्थाएं गहन डिजिटलीकरण और स्वचालन की ओर बढ़ रही हैं, सेमीकंडक्टर राष्ट्रीय सुरक्षा, आर्थिक प्रगति और तकनीकी संप्रभुता के लिए महत्वपूर्ण हो गए हैं।

भारत की सेमीकंडक्टर यात्रा के बारे में डॉ. समीर वी. कामत ने कहा कि 2021 में भारत सेमीकंडक्टर मिशन (आईएसएम) के शुभारंभ के बाद से, भारत ने केवल चार वर्षों में विजन से कार्यान्वयन तक का सफर तय किया है। उन्होंने अनुसंधान, नवाचार और कार्यबल विकास के क्षेत्र में 2036 तक भारत को सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में दुनिया के शीर्ष तीन देशों में स्थान दिलाने की राष्ट्रीय आकांक्षा की पुष्टि की। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि डीआरडीओ ने 4-इंच सिलिकॉन कार्बाइड (एसआईसी) वेफर्स के उत्पादन और 150 डब्ल्यू तक के गैलियम नाइट्राइड (जीएएन) हाई इलेक्ट्रॉन मोबिलिटी ट्रांजिस्टर (एचईएमटी) के निर्माण के लिए स्वदेशी तरीके विकसित करके सेमीकंडक्टर प्रौद्योगिकी में महत्वपूर्ण प्रगति की है।

ईएसटीआईसी-2025 का आयोजन भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार (पीएसए) के मार्गदर्शन में सरकार के 13 मंत्रालयों और विभागों द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। विकसित भारत 2047 - सतत नवाचार, तकनीकी उन्नति और सशक्तिकरण में अग्रणीविषय पर यह सम्मेलन 3 से 5 नवंबर, 2025 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।

****

पीके/केसी/एसकेएस/एसवी


(Release ID: 2180497) Visitor Counter : 54
Read this release in: English , Urdu