युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
युवा मामले विभाग स्वच्छता, रिकॉर्ड प्रबंधन और ई-कचरा निपटान पर ध्यान केंद्रित करते हुए विशेष अभियान 5.0 के लिए तैयार
प्रविष्टि तिथि:
01 OCT 2025 1:20PM by PIB Delhi
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार का युवा कार्यक्रम विभाग, उत्तरदायी शासन और सुव्यवस्थित प्रशासनिक कार्यप्रणाली का उदाहरण प्रस्तुत करता रहा है। विशेष अभियान 4.0 की उपलब्धियों के आधार पर विभाग ने विशेष अभियान 5.0 की तैयारी शुरू कर दी है, जिसमें स्वच्छता, अभिलेख प्रबंधन और ई-कचरा प्रबंधन नियम, 2022 के अनुरूप इलेक्ट्रॉनिक कचरे के उत्तरदायी निपटान सहित सतत प्रथाओं पर ज़ोर दिया जाएगा।
विशेष अभियान 4.0 (2 - 31 अक्टूबर, 2024) के दौरान, विभाग और उसके संगठन-राष्ट्रीय सेवा योजना, नेहरू युवा केंद्र संगठन और राजीव गांधी राष्ट्रीय युवा विकास संस्थान-ने संसद सदस्य संदर्भ, संसदीय आश्वासन, लोक शिकायत और पीजी अपील की पेंडेंसी को कम किया तथा व्यवस्थित रिकॉर्ड और स्क्रैप निपटान किया एवं व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ मनसुख मंडाविया के नेतृत्व में गुजरात के पोरबंदर बीच पर एक राष्ट्रव्यापी समुद्र तट सफाई कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें 700 समुद्र तटों और तटीय क्षेत्रों में वरिष्ठ अधिकारियों और 6.22 लाख माई भारत स्वयंसेवकों ने भाग लिया था।
"स्वच्छता ही सेवा" अभियान के तहत देशभर में 1.29 लाख से अधिक गतिविधियां आयोजित की गईं, जिसमें 15.82 लाख किलोग्राम प्लास्टिक कचरा का एकत्रिकरण किया गया, जिसे व्यवहार परिवर्तन संचार गतिविधियों के साथ-साथ माई भारत पोर्टल पर 15,400 से अधिक कार्यक्रमों द्वारा समर्थित किया गया।
विशेष अभियान 5.0 (2-31 अक्टूबर, 2025) के लिए युवा मामले विभाग और उसके संगठन, प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग द्वारा जारी निर्देश, प्रधानमंत्री कार्यालय, सांसदों, राज्य सरकारों से लंबित मामलों के निपटान, व्यवस्थित समीक्षा और रिकॉर्ड प्रबंधन, लोक शिकायतों, संसदीय आश्वासनों, स्क्रैप निपटान तथा कार्यालयों एवं क्षेत्रीय इकाइयों में स्वच्छता गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करते हैं।
एनएसएस और माई भारत संगठनों के युवा स्वयंसेवकों को जागरूकता फैलाने और स्वच्छ भारत मिशन की भावना को मजबूत करने वाले स्वच्छता अभियानों और अभियानों में भाग लेने के लिए देशभर में संगठित किया जाएगा।
****
पीके/केसी/पीसी/जीआरएस
(रिलीज़ आईडी: 2173525)
आगंतुक पटल : 118