वित्त मंत्रालय
केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण 3 से 5 अक्टूबर, 2025 तक नई दिल्ली में 'प्रतिकूल दौर में समृद्धि की तलाश' विषय पर चौथे कौटिल्य आर्थिक सम्मेलन (केईसी 2025) का उद्घाटन करेंगी।
केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर 5 अक्टूबर 2025 को भारत की विदेश और आर्थिक नीति पर विचार-विमर्श के साथ सम्मेलन का समापन करेंगे।
केंद्रीय संचार मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया केईसी 2025 में 'संचार: उभरती प्रौद्योगिकियां' विषय पर एक चर्चा की अध्यक्षता करेंगे।
Posted On:
27 SEP 2025 1:34PM by PIB Delhi
केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण 3 अक्टूबर 2025 को नई दिल्ली में कौटिल्य आर्थिक सम्मेलन (केईसी 2025) के चौथे आयोजन का उद्घाटन करेंगी। केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर 5 अक्टूबर 2025 को भारत की विदेश एवं आर्थिक नीति पर विचार-विमर्श के साथ सम्मेलन का समापन करेंगे। केईसी 2025 का आयोजन 3-5 अक्टूबर, 2025 तक ताज पैलेस, नई दिल्ली में किया जाएगा।
विशेष लंच सत्रों में "संचार: उभरती हुई प्रौद्योगिकियां" विषय पर एक सत्र शामिल होगा, जिसे केन्द्रीय संचार मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया संबोधित करेंगे। इसमें एआई और डिजिटल बुनियादी ढांचे के प्रमुख विशेषज्ञ शामिल होंगे।
सम्मेलन का समापन वैश्विक समष्टि आर्थिक विवेक पर एक उच्च स्तरीय पूर्ण सत्र के साथ होगा, जिसकी अध्यक्षता प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. पी.के. मिश्रा करेंगे। इसमें वरिष्ठ नीति निर्माता और अर्थशास्त्री वैश्विक अर्थव्यवस्था की स्थिति और वित्तीय प्रशासन में आवश्यक सुधारों का मूल्यांकन करने के लिए एक साथ आएंगे।
इस वर्ष का विषय, "प्रतिकूल दौर में समृद्धि की खोज" , भारत की विकास आकांक्षाओं और असाधारण अनिश्चितता, उथल-पुथल और बदलती भू-राजनीति के दौर में उसकी सफलता, दोनों ही दृष्टि से प्रासंगिक है। अपने समृद्ध अनुभव के आधार पर, केईसी ने समकालीन चुनौतियों पर ध्यान केंद्रित करने के लिए 30 से अधिक देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले 75 विदेशी प्रतिभागियों के साथ अपनी गुणवत्ता और अंतर्राष्ट्रीय उपस्थिति में उल्लेखनीय सुधार किया है।
एजेंडा में तात्कालिक नीतिगत प्राथमिकताओं को दीर्घकालिक बदलावों के साथ समाहित किया गया है। विचार-विमर्श सत्रों में एशिया के एक वैश्विक विकास केंद्र के रूप में उभरने, ब्रिक्स की उभरती संरचना, वित्तीय स्थिरता और औद्योगिक नीति में नई दिशाओं पर चर्चा की जाएगी। मुख्य आकर्षणों में, बैंक डी फ्रांस के मानद गवर्नर श्री जीन-क्लाउड ट्रिचेट, भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर श्री संजय मल्होत्रा के साथ प्रतिकूल दौर में केंद्रीय बैंकिंग की चुनौतियों पर चर्चा करेंगे। अंतरराष्ट्रीय नेताओं में इंडोनेशिया की पूर्व व्यापार मंत्री सुश्री मारी एल्का पंगेस्टू और जापान की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के सदस्य श्री तारो कोनो शामिल हैं। उनके साथ त्सिंगुआ विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र और प्रबंधन स्कूल के डीन श्री बाई चोंग-एन; यूके हाउस ऑफ लॉर्ड्स के सदस्य लॉर्ड करण बिलिमोरिया; लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में स्कूल ऑफ पब्लिक पॉलिसी के डीन श्री एंड्रेस वेलास्को, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स के अध्यक्ष और कुलपति श्री लैरी क्रेमर और वरिष्ठ अधिवक्ता एवं भारत के पूर्व सॉलिसिटर जनरल श्री हरीश साल्वे जैसे कानूनी विशेषज्ञ, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव द्वितीय श्री शक्तिकांत दास की अध्यक्षता में आयोजित एक सत्र में इस विषय पर चर्चा करेंगे कि कानूनी ढाँचे में सुधार किस प्रकार विकास को गति दे सकते हैं और विधि आधारित शासन को मज़बूत कर सकते हैं। अन्य पैनल सार्वभौमिक स्वास्थ्य सेवा, युवा रोज़गार, शहरीकरण, व्यापार और क्षेत्रीय एकीकरण, तथा उभरती प्रौद्योगिकियों के जोखिमों और लाभों पर चर्चा करेंगे।
तीन दिनों के दौरान नेटवर्किंग ब्रेक, विशेष सत्र और संवादात्मक प्रारूप प्रतिभागियों के बीच स्पष्ट, समाधान-संचालित आदान-प्रदान सुनिश्चित करेंगे।
केईसी 2025 एक गतिशील मंच बनने का वादा करता है, जो भारत की घरेलू प्राथमिकताओं को वैश्विक परिप्रेक्ष्य के साथ जोड़ेगा तथा प्रतिकूल परिस्थियों में समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेगा।
पिछले तीन वर्षों में, प्रत्येक आयोजन के विषयों को सबसे आसन्न चुनौतियों का सामना करने के लिए उपयुक्त तरीके से चुना गया है। 2022 में पहला आयोजन, जिसका विषय "भविष्य को पुनर्परिभाषित करना" था , ने प्रौद्योगिकी, जलवायु और राजकोषीय नीति पर व्यापक बहस के लिए 21 देशों के प्रतिभागियों को आकर्षित किया। इसके साथ ही थर्मन षणमुगरत्नम ने अरुण जेटली मेमोरियल उद्घाटन व्याख्यान भी दिया। 2023 में, "नेविगेटिंग ए वर्ल्ड ऑन फायर" ने एमडीबी सुधार, जलवायु वित्त और भू-राजनीतिक हियाता पर उच्च-स्तरीय बातचीत के लिए मंच तैयार किया। 2024 कॉन्क्लेव, "द इंडियन एरा" , ने हरित संक्रमण, एशिया के उदय और बहुपक्षवाद के भविष्य पर सत्रों के साथ इन बहसों को और विस्तृत किया। केईसी स्पष्ट, सीमा पार संवाद के लिए एक प्रमुख स्थान बन गया है।
आर्थिक विकास संस्थान (आईईजी) ने श्री एन.के. सिंह की अध्यक्षता में वित्त मंत्रालय के साथ घनिष्ठ साझेदारी में 2022 में कौटिल्य आर्थिक सम्मेलन की शुरुआत की थी। यह एक "केवल आमंत्रण द्वारा" सम्मेलन है।
****
पीके/केसी/जेके/एनके
(Release ID: 2172139)
Visitor Counter : 105