उपभोक्ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय
एक दिन एक घंटा एक साथ: भारत सरकार के खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग ने राष्ट्रव्यापी श्रमदान किया
Posted On:
25 SEP 2025 6:44PM by PIB Delhi
भारत सरकार के खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग और उसके कई सार्वजनिक उपक्रमों/ संबद्ध/ अधीनस्थ अधिकारियों ने 25 सितंबर, 2025 को सुबह 8 बजे पूरे देश में "एक दिन एक घंटा एक साथ" कार्यक्रम के अंतर्गत स्वच्छता गतिविधियों के साथ एक और उपलब्धि हासिल की।
खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग (डीएफपीडी) ने "एक दिन, एक घंटा, एक साथ: स्वच्छता ही सेवा 2025" अभियान के अंतर्गत राष्ट्रव्यापी श्रमदान के अंतर्गत नई दिल्ली के बाबा खड़क सिंह मार्ग स्थित हनुमान मंदिर के बाहरी परिसर में सफाई अभियान चलाया। विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस अभियान में बड़े पैमाने पर उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता सुनिश्चित करना, सफाई व्यवस्था में सुधार लाना और आम जनता में स्वच्छता और अपशिष्ट के उचित निपटान के बारे में जागरूकता पैदा करना था। अपने एक घंटे के सामूहिक श्रमदान से विभाग के कर्मचारियों ने एक स्वच्छ, स्वस्थ और कचरा मुक्त भारत सुनिश्चित करने का प्रयास किया।

इसके अतिरिक्त, विभाग के विभिन्न सार्वजनिक उपक्रमों/ अधीनस्थ कार्यालयों की ओर से अनेक गतिविधियां आयोजित की गईं।
हापुड़ स्थित भारतीय अनाज प्रबंधन एवं अनुसंधान संस्थान (आईजीएमआरआई) ने हापुड़ बस डिपो पर स्वच्छता अभियान चलाया, जबकि लुधियाना स्थित आईजीएमआरआई ने आईएसबीटी, लुधियाना में इस अभियान को चलाया।
केंद्रीय भंडारण निगम (सीडब्ल्यूसी) की टीम ने राष्ट्रीय स्वच्छता अभियान - "एक दिन, एक साथ, एक घंटा" में सक्रिय रूप से भाग लेकर सामुदायिक कल्याण के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता का प्रदर्शन किया। मयूर विहार स्थित आरडब्ल्यूए पार्क में श्रमदान किया गया। इस अवसर पर एक अत्यंत प्रेरित टीम ने ऊर्जा, उत्साह और सच्ची टीम भावना के साथ एकजुट होकर सार्वजनिक स्थल की सफाई और सौंदर्यीकरण के लिए एक घंटा समर्पित किया। यह प्रभावशाली प्रयास एक स्वच्छ, स्वस्थ और अधिक उत्तरदायी भारत के उनके साझा दृष्टिकोण को प्रतिबिंबित करता है। सामूहिक कार्रवाई और नागरिक गौरव के जरिए, वे स्वच्छ भारत अभियान के मिशन का सहयोग करते रहेंगे।
विभाग के एक अन्य सार्वजनिक उपक्रम, भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) ने भारत में अपने मुख्यालय, क्षेत्रीय और जिला कार्यालयों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। इस अभियान का उद्देश्य "स्वच्छता ही सेवा" अभियान के अंतर्गत एक स्वच्छ भारत के निर्माण में सामूहिक योगदान को प्रोत्साहन देना था। वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में, विभिन्न क्षेत्रीय और जिला स्तरीय कार्यालयों के कर्मचारियों ने इस अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
***
पीके/केसी/एमएम
(Release ID: 2171443)
Visitor Counter : 39