कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय
केंद्र सरकार के मंत्रालय/विभाग विशेष अभियान 5.0 के लिए तैयारी चरण की गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल हैं
तैयारी चरण की प्रगति की समीक्षा के लिए नोडल अधिकारियों की तीसरी बैठक आयोजित
इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और सोशल मीडिया के माध्यम से बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान और प्रचार-प्रसार किया गया, जिसमें 307 ट्वीट, 45 पीआईबी वक्तव्य और सोशल मीडिया पर #Specialcampaign5 का प्रचार-प्रसार हुआ
मंत्रालय/विभाग अभियान को संपूर्ण करेंगे
Posted On:
20 SEP 2025 4:22PM by PIB Delhi
प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग को नोडल विभाग बनाकर सरकार की ओर से शुरू किए गए विशेष अभियान 5.0 ने अपने तैयारी चरण में उल्लेखनीय गति प्राप्त की है। विशेष अभियान 5.0,2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2025 तक कार्यान्वयन चरण में प्रवेश करेगा, जिसके पहले 15 सितंबर 2025 से 30 सितंबर 2025 तक तैयारी चरण जारी है।
इस चरण के दौरान, मंत्रालयों/विभागों ने अपने-अपने संबद्ध/अधीनस्थ कार्यालयों/सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों/स्वायत्त संगठनों में स्थित अभियान कार्यालयों में नोडल अधिकारियों को नामित किया और उन्हें अभियान में उनकी भूमिकाओं को लेकर प्रशिक्षित किया। इसमें क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं को संगठित करना, लंबित मामलों की पहचान करना, स्वच्छता अभियान के लिए कार्यालयों की सूची को अंतिम रूप देना, निपटाए जाने वाले इलेक्ट्रॉनिक/ऑटोमोबाइल/कार्यालय स्क्रैप की मात्रा का आकलन करना और उनके निपटान की प्रक्रियाओं को अंतिम रूप देना जैसी विभिन्न गतिविधियां शामिल थीं। उन्होंने कार्यालय स्थानों के विस्तार, डिजिटलीकरण प्रक्रियाओं, स्क्रैप निपटान प्रक्रियाओं, स्वच्छता प्रोटोकॉल, समावेशी उपायों और अभिलेखों की छंटाई तथा ऐतिहासिक अभिलेखों के संरक्षण हेतु अभिलेख प्रबंधन प्रक्रियाओं की योजनाएं भी शुरू कीं।
विशेष अभियान 5.0 की प्रगति की निगरानी एक समर्पित वेब-पोर्टल (https://scdpm.nic.in/specialcampaign5/) के माध्यम से की जाएगी। सभी मंत्रालय/विभाग इस अभियान के प्रारंभिक चरण के लक्ष्य विशेष अभियान 5.0 वेब पोर्टल पर अपलोड करेंग। प्रारंभिक चरण 15 सितंबर 2025 को शुरू हुआ। उल्लेखनीय है कि भारतीय राष्ट्रीय अभिलेखागार विशेष अभियान 5.0 के तहत 10 से 14 अक्टूबर 2025 तक "सुशासन और अभिलेख प्रदर्शनी" का आयोजन करेगा। यह प्रदर्शनी विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों के ऐतिहासिक विकास पर केंद्रित होगी और इसमें इन मंत्रालयों द्वारा योगदान किए गए महत्वपूर्ण अभिलेखीय अभिलेखों को प्रदर्शित किया जाएगा।
स्वच्छता और लंबित मामलों के निपटान हेतु विशेष अभियान 5.0 के नोडल अधिकारियों के साथ तीसरी बैठक प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) के सचिव श्री वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में की गई। इस बैठक में प्रारंभिक चरण की गतिविधियों की समीक्षा की गई। इस बैठक में 84 मंत्रालयों/विभागों के 190 से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान, राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) ने एससीडीपीएम 5.0 पोर्टल का प्रदर्शन किया और नोडल अधिकारियों को डेटा अपलोड करने और लक्ष्यों की निगरानी के बारे में मार्गदर्शन दिया। कई मंत्रालयों/विभागों ने भी अपनी प्रारंभिक प्रगति और योजनाओं को साझा किया: रक्षा मंत्रालय, केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी), संस्कृति मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (एमओईएफसीसी) ने विशेष अभियान 4.0 की प्रमुख उपलब्धियों को प्रदर्शित किया और विशेष अभियान 5.0 की योजनाएं प्रस्तुत कीं।
इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और सोशल मीडिया के माध्यम से बड़े पैमाने पर जागरूकता पैदा करने और अभियान की पैरवी करने का काम किया जा रहा है। अब तक #SpecialCampaign5 के तहत 307 ट्वीट और 45 पीआईबी वक्तव्य जारी किए जा चुके हैं, जो विशेष अभियान 5.0 में व्यापक भागीदारी के संकेत हैं। प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग सुशासन सप्ताह 2025 की गतिविधियों के हिस्से के रूप में विशेष अभियान 5.0 के तहत सर्वोत्तम प्रथाओं का एक संग्रह प्रस्तुत करेगा।
***
पीके/केसी /एके/डीके
(Release ID: 2169007)