महिला एवं बाल विकास मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी कल स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान, 8वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ करेंगे और पीएमएमवीवाई लाभ वितरित करेंगे


महिला एवं बाल विकास मंत्रालय अपने आंगनवाड़ी केंद्रों के व्यापक नेटवर्क के माध्यम से पोषण माह की गतिविधियों को अभियान के साथ पूर्ण रूप से एकीकृत करना सुनिश्चित करेगा, जिससे महिलाओं और किशोरियों को संगठित किया जा सकेगा

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी, स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का रायपुर, छत्तीसगढ़ से प्रतिनिधित्व करेंगी, जिससे एक स्वस्थ, सशक्त समाज का दृष्टिकोण आगे बढ़ेगा

Posted On: 16 SEP 2025 10:31PM by PIB Delhi

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी कल (17 सितंबर 2025) धार, मध्य प्रदेश से स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान और 8वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ करेंगे। वह प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) के तहत 10 लाख से अधिक लाभार्थियों को एक साथ नकद लाभ भी वितरित करेंगे।

स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक पूरे देश में मनाया जाएगा। जबकि, आठवां राष्ट्रीय पोषण माह 17 सितंबर से 16 अक्टूबर 2025 तक पूरे देश में मनाया जाएगा। देश भर में गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को सहायता प्रदान करने के लिए पीएमएमवीवाई के तहत पंजीकरण हेतु विशेष अभियान इसका एक अभिन्न अंग होगा।

यह अभियान महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से क्रियान्वित किया जा रहा है, जो स्वास्थ्य और पोषण सेवाओं के एकीकरण के प्रति सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय अपने व्यापक आंगनवाड़ी केंद्रों के नेटवर्क के माध्यम से महिलाओं और किशोरियों को संगठित कर पोषण माह की गतिविधियों को अभियान के साथ पूर्ण रूप से एकीकृत करना सुनिश्चित करेगा। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय देश भर में स्वास्थ्य शिविरों और स्वास्थ्य सुविधाओं के माध्यम से निवारक, प्रोत्साहनात्मक और उपचारात्मक सेवाओं के वितरण का नेतृत्व करेगा।

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी, रायपुर, छत्तीसगढ़ से स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का प्रतिनिधित्व करेंगी और एक स्वस्थ, सशक्त समाज के निर्माण के लक्ष्य को आगे बढ़ाएंगी। उनके इस दौरे में महिला लाभार्थियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और स्वयं सहायता समूहों के साथ प्रभावशाली संवाद देखने को मिलेगा। यह राष्ट्र की प्रगति की प्रेरक शक्ति के रूप में महिलाओं की निर्णायक भूमिका को रेखांकित करेगा।

महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री मध्य प्रदेश के धार से कार्यक्रम में शामिल होंगी।

स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान, विकसित भारत 2047 के आधार के रूप में एक स्वस्थ, सशक्त समाज के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण को दर्शाता है। महिला-केंद्रित निवारक देखभाल पर केंद्रित, यह प्रमुख स्वास्थ्य मुद्दों पर जांच, शीघ्र पहचान और जागरूकता को बढ़ावा देता है। तालमेल में, 8वें राष्ट्रीय पोषण माह में मोटापा कम करने के लिए तेल और चीनी की खपत में कमी, प्रारंभिक बचपन की देखभाल और शिक्षा, शिशु और छोटे बच्चों को खिलाने की प्रथाएं, देश भर के आंगनवाड़ी केंद्रों में महिलाओं और बच्चों के पोषण और देखभाल में पुरुषों को शामिल करना, स्थानीय आहार और खाद्य प्रणालियों को बढ़ावा देना, और अभिसरण क्रियाएं और डिजिटलीकरण जैसे विषयों पर केंद्रित गतिविधियां देखी जाएंगी। स्वास्थ्य, पोषण और मातृत्व लाभों को एकजुट करके, यह पहल इस बात को पुष्ट करती है कि महिलाओं का स्वास्थ्य मजबूत परिवारों और एक मजबूत राष्ट्र की नींव है।

***

पीके/केसी/केके/एसके


(Release ID: 2167543) Visitor Counter : 43
Read this release in: English , Urdu , Kannada