कोयला मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी ने कोल इंडिया के कर्मचारियों के लिए नई वर्दी, कॉर्पोरेट वेतन पैकेज और अनुग्रह राशि में बढ़ोतरी का शुभारंभ किया

Posted On: 16 SEP 2025 5:35PM by PIB Delhi

 

  • केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी ने कोल इंडिया के कर्मचारियों के लिए नई वर्दी, कॉर्पोरेट वेतन पैकेज (सीएसपी) और अनुग्रह राशि में वृद्धि का शुभारंभ किया।
  • ये उपाय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के "श्रमिक प्रथम" और "श्रमिक कल्याण" की सोच के अनुरूप हैं।
  • कोल इंडिया की "वी केयर" पहल के तहत खदान दुर्घटना में मृत्यु पर अनुग्रह राशि 15 लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपये कर दी गई है।
  • "सुरक्षा हर कर्मचारी की - सुरक्षा में एकजुट, भविष्य के लिए सशक्त" टैगलाइन के तहत कॉर्पोरेट वेतन पैकेज (सीएसपी) का शुभारंभ किया गया, जिससे वित्तीय सुरक्षा मजबूत हुई।
  • सीएसपी के तहत बीमा कवरेज नियमित कर्मचारियों के लिए 1 करोड़ रुपये और संविदा कर्मचारियों के लिए 40 लाख रुपये प्रदान किया जाता है, जिसमें 2.15 लाख से अधिक नियमित कर्मचारी और 44,000 संविदा कर्मचारी पहले ही नामांकित हैं।
  • नई वर्दी कोल इंडिया कर्मचारियों के बीच साझा पहचान, व्यावसायिकता और सुरक्षा संस्कृति को बढ़ावा देती है।

 

केंद्रीय कोयला और खान मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी ने आज कोल इंडिया कर्मचारियों के लिए नई वर्दी, कॉर्पोरेट वेतन पैकेज (सीएसपी) और अनुग्रह लाभों में बढ़ोतरी का शुभारंभ किया। कोयला मंत्रालय के मार्गदर्शन में, इन पहलों को कोयला श्रमिकों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण में सुधार पर विशेष ध्यान देते हुए सावधानीपूर्वक डिज़ाइन और कार्यान्वित किया गया है। ये सभी पहल कर्मचारियों की पहचान को मजबूत करने, उनकी वित्तीय सुरक्षा बढ़ाने और भूमिगत तथा खुली खदानों से लेकर प्रशासनिक कार्यालयों तक, सभी स्तरों पर सामाजिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए एक व्यापक दृष्टिकोण प्रस्तुत करती हैं, जो समावेशी विकास और कार्यबल-केंद्रित नीतियों के प्रति कोल इंडिया की प्रतिबद्धता की पुष्टि करती हैं।

ये उपाय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के "श्रमिक प्रथम" और "श्रमिक कल्याण" को प्राथमिकता देने के दृष्टिकोण के अनुरूप हैं। कोयला श्रमिकों के कल्याण, सुरक्षा और सम्मान को राष्ट्रीय विकास के केंद्र में रखा गया है। यह दृष्टिकोण यह सुनिश्चित करता है कि भारत की ऊर्जा सुरक्षा में उनके योगदान को सम्मान, संरक्षण और निरंतर समर्थन मिले।

कोल इंडिया ने अपनी "वी केयर" पहल के तहत, खदान दुर्घटना में होने वाली दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु की स्थिति में देय अनुग्रह राशि को 15 लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपये कर दिया है। यह बढ़ा हुआ मुआवज़ा नियमित कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों दोनों पर समान रूप से लागू होगा और मृतकों के परिवारों को सीधे भुगतान किया जाएगा, जिससे समय पर और पारदर्शी सहायता सुनिश्चित होगी। हालांकि कर्मचारियों को लेकर "शून्य क्षति" मिशन बना हुआ है। यह बढ़ी हुई अनुग्रह राशि कोल इंडिया के उस संकल्प को दर्शाती है कि नुकसान होने पर तुरंत और सहानुभूतिपूर्वक कार्रवाई की जाए और प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा रहा जाए।

"सुरक्षा हर कर्मचारी की - सुरक्षा में एकजुट, भविष्य के लिए सशक्त" टैगलाइन के तहत शुरू किया गया कॉर्पोरेट वेतन पैकेज, कोल इंडिया के कर्मचारियों की वित्तीय सुरक्षा में एक महत्वपूर्ण प्रगति का प्रतीक है। यह एक दूरदर्शी वित्तीय पहल है जिसे प्रत्येक कोयला कर्मचारी और उनके परिवार को निर्बाध, सुरक्षित और आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं से सशक्त बनाने के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह पैकेज नियमित कर्मचारियों के लिए एक करोड़ रुपये और संविदा कर्मचारियों के लिए 40 लाख रुपये का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवरेज प्रदान करता है। इस योजना के तहत 2.15 लाख नियमित कर्मचारी और 44,000 संविदा कर्मचारी पहले ही नामांकित हैं। इसे दस प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के साथ समझौता ज्ञापन के माध्यम से कार्यान्वित किया गया है, जिससे लाभों की व्यापक पहुंच और कुशल वितरण सुनिश्चित होता है। इसके लिए कर्मचारियों को कोई प्रीमियम देने की आवश्यकता नहीं है; लाभ सीधे भागीदार बैंकों के माध्यम से प्रदान किए जाते हैं, जिससे यह वास्तव में एक कल्याणकारी पहल बन जाती है।

इन कल्याणकारी उपायों के साथ-साथ, कोल इंडिया कर्मचारियों के बीच एक साझा पहचान, व्यावसायिकता और सुरक्षा संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए नई वर्दी शुरू की गई। भूमिगत और खुली खदानों से लेकर प्रशासनिक कार्यालयों और क्षेत्रीय परियोजनाओं तक, यह वर्दी कोल इंडिया परिवार की एकता, गौरव और गरिमा को दर्शाती है, और पूरे कार्यबल में एकता और सामंजस्य की भावना को मजबूत करती है।

ये पहल कोल इंडिया की अपने कर्मचारियों के कल्याण, सुरक्षा और सम्मान को सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता की पुष्टि करती हैं। सुदृढ़ सामाजिक सुरक्षा, व्यापक वित्तीय सुरक्षा और एक समेकित पहचान को मिलाकर, कोल इंडिया लिमिटेड कर्मचारी कल्याण और कार्यबल प्रबंधन में नए मानक स्थापित कर रहा है। ऐसे उपाय यह सुनिश्चित करते हैं कि भारत के ऊर्जा क्षेत्र को एक सुरक्षित, प्रेरित और मूल्यवान कार्यबल का समर्थन प्राप्त हो और कोयला श्रमिकों को भारत की ऊर्जा सुरक्षा की रीढ़ माना जाए।

****

पीके/केसी/ एके


(Release ID: 2167302) Visitor Counter : 2
Read this release in: English , Urdu