अल्‍पसंख्‍यक कार्य मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केरल के कोच्चि में  पांचवां लोक संवर्धन पर्व सफलतापूर्वक संपन्न; अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय का महत्वपूर्ण आयोजन

Posted On: 08 SEP 2025 8:51PM by PIB Delhi

भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने 26 अगस्त से 4 सितंबर 2025 के बीच केरल में कोच्चि के मरीन ड्राइव प्रदर्शनी क्षेत्र में पाँचवें लोक संवर्धन पर्व का आयोजन किया। यह आयोजन प्रधानमंत्री विरासत का संवर्धन (पीएम विकास) के अंतर्गत आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य अल्पसंख्यक समुदाय के कारीगरों, शिल्पकारों, बुनकरों और पाक विशेषज्ञों को बाज़ार से जुड़ने, उनकी उपस्थिति बढ़ाने और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सुव्यवस्थित मंच प्रदान करना था।

इस कार्यक्रम का उद्घाटन माननीय अल्पसंख्यक कार्य, मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री श्री जॉर्ज कुरियन ने 27 अगस्त, 2025 को किया।

25 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के कारीगरों के 100 स्टॉलों पर ब्लू पॉटरी (राजस्थान), चन्नपटना खिलौने (कर्नाटक), नेट्टीपट्टम (केरल), बनारसी ज़री और चिकनकारी (उत्तर प्रदेश), फुलकारी (पंजाब), बस्तर लौह शिल्प (छत्तीसगढ़), मधुबनी पेंटिंग (बिहार), और लकड़ी की नक्काशी, कढ़ाई, जूट का काम, लाख कला, मोती, नारियल की जटा और आदिवासी बुनाई आदि पारंपरिक शिल्पों की विस्तृत शृंखला प्रदर्शित की गई।

इसके अलावा, छह राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के 14 खाद्य स्टॉलों पर राजस्थान, बिहार, गुजरात, केरल, उत्तर प्रदेश और बिहार के प्रामाणिक व्यंजन उपलब्ध कराए गए। इनमें स्ट्रीट फूड, बेकरी उत्पाद, अचार और आयुर्वेदिक उत्पाद भी शामिल थे।

इस आयोजन में 49 महिला कारीगरों, 50 पुरुष कारीगरों और 1 ट्रांसजेंडर कारीगर; तथा 8 महिलाओं और 6 पुरुष पाककला विशेषज्ञों ने भाग लिया; जिससे आयोजन की समावेशी प्रकृति का प्रदर्शन हुआ। आगंतुकों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराने के लिए आयोजन के विभिन्न दिनों में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस दस दिवसीय महोत्सव में 46,000 से अधिक दर्शकों ने हिस्सा लिया, जो जनता की गहरी रुचि और सराहना को दर्शाता है। इसमें प्रतिभागी कारीगरों ने ₹66 लाख से ज़्यादा की बिक्री भी की, जबकि पाक विशेषज्ञों ने ₹12 लाख से ज़्यादा की बिक्री की। यह महोत्सव में शामिल कारीगरों और पाक विशेषज्ञों के लिए वास्तविक और ठोस आर्थिक लाभ को दर्शाता है।

लोक संवर्धन पर्व अपने लगातार संस्करणों में अल्पसंख्यक समुदायों के पारंपरिक शिल्प, कौशल और व्यंजनों को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण मंच बन गया है। स्थायी व्यावसायिक अवसरों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के माध्यम से, यह पर्व भारत सरकार के "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास" के दृष्टिकोण का समर्थन करता है। कोच्चि में आयोजित पाँचवें लोक संवर्धन पर्व ने समावेशी विकास, आजीविका सृजन और सांस्कृतिक पोषण के लिए मंत्रालय की प्रतिबद्धता को और मज़बूत किया है, इस प्रकार यह आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

 ******

 

पीके/केसी/पीके


(Release ID: 2164823) Visitor Counter : 2
Read this release in: English , Urdu , Malayalam