युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने खेलो इंडिया जल खेल महोत्सव 2025 का उद्घाटन किया


केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे की उद्घाटन समारोह में गरिमामयी उपस्थित रहीं, मेजबान जम्मू-कश्मीर ने पहले दिन स्वर्ण पदक जीता

Posted On: 21 AUG 2025 9:20PM by PIB Delhi

केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने बृहस्पतिवार को एक वीडियो संदेश के माध्यम से खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल (केआईडब्ल्यूएसएफ) का उद्घाटन किया। केआईडब्ल्यूएसएफ के उद्घाटन संस्करण की शानदार शुरुआत स्थानीय शिकारा वाले मोहसिन अली द्वारा खेलों का पहला स्वर्ण पदक जीतने के साथ हुई।

23 अगस्त को समाप्त होने वाले इस तीन दिवसीय आयोजन में 28 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 500 से ज़्यादा खिलाड़ी पांच स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। नौकायन, कैनोइंग और कयाकिंग में 24 पदक दांव पर होंगे, जबकि शिकारा स्प्रिंट, ड्रैगन बोट रेस और वाटर स्कीइंग प्रदर्शन स्पर्धाएं होंगी।

केआईडब्ल्यूएसएफ के उद्घाटन समारोह में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री श्रीमती रक्षा निखिल खडसे भी उपस्थिति थीं। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल श्री मनोज सिन्हा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि और मुख्यमंत्री श्री उमर अब्दुल्ला विशिष्ट अतिथि थे। जम्मू-कश्मीर के खेल मंत्री श्री सतीश शर्मा भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

डल झील के किनारे आयोजित उद्घाटन समारोह बेहद आकर्षक रहा। लोक नर्तकों और स्थानीय कलाकारों ने स्थानीय रंग भर दिया, जबकि खिलाड़ी, प्रशिक्षक और स्वयंसेवक खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल 2025 के उपलक्ष्य में शेरे कश्मीर अंतर्राष्ट्रीय दीक्षांत समारोह केंद्र में कतार में खड़े थे। विस्तारित हो रहे खेलो इंडिया कैलेंडर में, केआईडब्ल्यूएसएफ, मई में दीव में आयोजित खेलो इंडिया बीच गेम्स के बाद दूसरा आयोजन है।

डॉ. मांडविया ने कहा, "आज जब खिलाड़ी जोश और उत्साह के साथ इतिहास रचने के लिए कश्मीर की डल झील में उतरेंगे, तो यह नज़ारा न केवल सभी खेल प्रेमियों को रोमांचित करेगा, बल्कि दुनिया के सामने एक भारत, श्रेष्ठ भारत की एक सशक्त तस्वीर भी प्रस्तुत करेगा। मैं इस खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल में भाग लेने वाले सभी युवा खिलाड़ियों को अपनी शुभकामनाएं देता हूं। मेरी कामना है कि आप इसी खेल भावना के साथ हमारे राष्ट्र के गौरव को बनाए रखें। इन्हीं शब्दों के साथ, मैं खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल के शुभारंभ की घोषणा करता हूं।"

डॉ. मांडविया ने कहा, " प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व 2014 में प्रभावशाली सरकार के सत्ता में आने के बाद हम भारत को एक वैश्विक खेल महाशक्ति बनाने के अपने दृष्टिकोण में निरंतर कार्यरत रहे हैं। खेलो इंडिया के अंतर्गत हमने देश भर में विभिन्न खेल आयोजनों की शुरुआत की। हमें जम्मू-कश्मीर में खेलो इंडिया वाटर गेम्स का शुभारंभ करने पर गर्व है।"

उन्होंने कहा, "खेलो भारत नीति (राष्ट्रीय खेल नीति) के माध्यम से हम खेलों को राष्ट्र की संस्कृति बनाना चाहते हैं। हर घर खेल, घर-घर खेल (हर घर में खेल) के लक्ष्य के साथ, हमारी सरकार पिछले 11 वर्षों से लगातार इस दिशा में काम कर रही है।"

डॉ. मांडविया ने कहा, "पिछले सप्ताह ही संसद में राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक 2025 पारित हुआ है। इसके माध्यम से अब हम न केवल खेलों में बल्कि खेल प्रशासन में भी ऐतिहासिक सुधारों की ओर बढ़ रहे हैं।"

श्रीमती खडसे ने कहा, "जल क्रीड़ाएं काफी आकर्षक होती हैं और प्राकृतिक सौंदर्य की पृष्ठभूमि के कारण ये और भी रोमांचक हो जाती हैं। युवाओं को खेल गतिविधियों से जुड़ने और उन्हें प्रेरित करने के लिए ये खेल अच्छे माध्यम हैं। भारत में रोमांचक खेलों में भाग लेने के लिए बहुत सारे जलाशय और प्राकृतिक भूभाग हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का सपना देश की खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है और मुझे लगता है कि ये खेल और शीतकालीन खेल एक अच्छा अवसर प्रदान करते हैं।"

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image001776K.jpg

मेजबान जम्मू-कश्मीर के लिए यह खेलों की शानदार शुरुआत रही। डल झील में शिकारावाला का काम करने वाले 17 वर्षीय मोहसिन अली ने केआईडब्ल्यूएसएफ 2025 का पहला स्वर्ण पदक पुरुष एकल कयाकिंग दौड़ में जीता। अली ने 4:12.41 सेकंड में 1000 मीटर दौड़ में अपना पहला राष्ट्रीय स्तर का स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने ओडिशा के नाओराम जेम्स सिंह (4:14.68) और मध्य प्रदेश के मयंक (4:23.28) को पीछे छोड़ा।

कैनोइंग और कयाकिंग प्रतियोगिता में दो और स्वर्ण पदक का परिणाम सामने आया। उत्तर प्रदेश के विशाल कुमार ने कैनो एकल में स्वर्ण पदक जीता। विशाल ने 4:30.59 सेकंड में 1000 मीटर दौड़ पूरी की। मध्य प्रदेश के कृष्ण जाट (4:31.36) ने रजत और जम्मू-कश्मीर के मोहम्मद हुसैन ने 4:32.83 सेकंड में कांस्य पदक जीता।

विशाल ने कहा, "उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में वाटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में भाग लेने में बहुत अंतर है, मैदानी क्षेत्रों की तुलना में समुद्र तल से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों में सांस लेने में समस्या होती है। लेकिन मैंने इसका सफलतापूर्वक सामना किया और स्वर्ण पदक जीता।"

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image002RO9S.jpg

दिन के एकमात्र महिला फाइनल में, ओडिशा की रस्मिता साहू ने 200 मीटर कैनो एकल स्पर्धा में 53.53 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता। केरल की नक्षत्रा संतोष (53.83 सेकंड) और मध्य प्रदेश की मासूमा यादव (54.26 सेकंड) ने रजत और कांस्य पदक जीते।

केआईडब्ल्यूएसएफ 2025 के बारे में अधिक जानकारी www.water.kheloindia.gov.in पर उपलब्ध है।

पदक तालिका के लिए यहां क्लिक करें: https://water.kheloindia.gov.in/medal-tally

खेलो इंडिया जल क्रीड़ा महोत्सव:

खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल, खेलो इंडिया कैलेंडर का एक संकलन है। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर स्थित प्रतिष्ठित डल झील में 21 से 23 अगस्त के बीच आयोजित होने वाले केआईडब्ल्यूएसएफ में छह खेल रोइंग, कैनोइंग, कयाकिंग, वाटर स्कीइंग, शिकारा रेस और ड्रैगन बोट रेस शामिल होंगे। पहली बार आयोजित होने वाले इन खेलों में 36 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश भागीदारी करेंगे, जो एक किसी भी आयु वर्ग के लिए खुली प्रतियोगिता है। गुलमर्ग में आयोजित खेलो इंडिया विंटर गेम्स के बाद, यह वाटर स्पोर्ट्स कार्निवल जम्मू-कश्मीर में दूसरा खेलो इंडिया आयोजन होगा। वर्ष 2017-18 में शुरू किया गया, खेलो इंडिया जमीनी स्तर पर खेल संस्कृति को प्रोत्साहन देने का एक मिशन है और इसका उद्देश्य संगठित प्रतिभाओं की पहचान, संरचित खेल प्रतियोगिताओं और बुनियादी ढाँचे के विकास पर भी केंद्रित है।

****

पीके/केसी/एजे/एचबी


(Release ID: 2159715)
Read this release in: English , Urdu