पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय
मुंबई में स्थित जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह प्राधिकरण (जेएनपीए) में भारत समुद्री सप्ताह 2025 की तैयारियों के तहत ‘हरित और डिजिटल समुद्री गलियारा संवाद’ का आयोजन किया गया
हरित और डिजिटल कॉरिडोर (गलियारे) आर्थिक विकास, नवाचार और स्थिरता के इंजन हैं ; सर्बानंद सोनोवाल
वधावन बंदरगाह अपने संचालन के पहले दिन से ही दुनिया के शीर्ष 10 बंदरगाहों में शामिल होने के लिए तैयार है : देवेंद्र फडणवीस
हरित और डिजिटल शिपिंग में भारत-सिंगापुर की साझेदारी वैश्विक सहयोग का एक मॉडल है : गान किम योंग
Posted On:
12 AUG 2025 8:51PM by PIB Delhi
पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय (एमओपीएसडब्लू) के तत्वावधान में आज मुंबई में जवाहरलाल नेहरू पत्तन प्राधिकरण (जेएनपीए) और भारतीय बंदरगाह संघ (आईपीए) की ओर से हरित और डिजिटल समुद्री गलियारों पर लीडर्स का संवाद आयोजित किया गया। अक्टूबर 2025 में होने वाले भारत समुद्री सप्ताह की तैयारियों को लेकर इसका आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 300 से अधिक प्रतिनिधि शामिल हुए। इनमें वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, अंतरराष्ट्रीय गणमान्य व्यक्ति, उद्योग जगत के लीडर्स और भारत एवं विदेश के प्रमुख समुद्री साझेदार शामिल थे।
अपने विडियो संदेश में केंद्रीय पत्तन, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में सिंगापुर के साथ हमारे द्विपक्षीय संबंधों का विभिन्न क्षेत्रों में विस्तार हुआ है। भारत-सिंगापुर ग्रीन और डिजिटल शिपिंग कॉरिडोर कम उत्सर्जन वाली तकीनक को अपनाने में तेजी लाएगा, डिजिटल साधनों को मजबूत करेगा और समुद्री परिचालन में बदलाव लाएगा। ये गलियारे सिर्फ व्यापार मार्ग नहीं हैं बल्कि आर्थिक, हरित और डिजिटल रास्ते हैं जो वैश्विक व्यापार गतिशीलता को नए सिरे से परिभाषित करेंगे।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 2029, 2035 और 2047 तक के लक्ष्यों के साथ महाराष्ट्र की समुद्री योजना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वधावन बंदरगाह परिचालन के पहले दिन से ही विश्व स्तर पर शीर्ष दस बंदरगाहों में शामिल होने के लिए तैयार है, जो भारत के समुद्री बुनियादी ढांचे के पारिस्थितिकी तंत्र को बदल देगा।
सिंगापुर के उप प्रधानमंत्री गान किम योंग ने 60 साल पुरानी भारत-सिंगापुर साझेदारी की सराहना करते हुए कहा कि हरित नौवहन, नवीकरणीय ऊर्जा और समुद्री नवाचार में हमारा सहयोग बेहतर भविष्य की ओर परिवर्तन को गति देगा। सिंगापुर के कार्यवाहक परिवहन मंत्री जेफरी सिओ ने कहा कि भारत और सिंगापुर समुद्री क्षेत्र में स्वाभाविक सहयोगी हैं। सितंबर 2025 में पूरा होने वाला हरित और डिजिटल समुद्री परिवहन पर आगामी समझौता ज्ञापन तकनीक और स्थिरता पर संयुक्त कार्य के लिए एक मजबूत मंच प्रदान करेगा।
सभा को संबोधित करते हुए पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय के सचिव टी. के. रामचंद्रन ने व्यापार, समुद्री प्रशासन और क्षेत्रीय एकीकरण को बढ़ावा देने में अंतरराष्ट्रीय गलियारों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारा (आईएमईईसी), अंतरराष्ट्रीय उत्तर-दक्षिण परिवहन गलियारा (आईएनएसटीसी) और पूर्वी समुद्री गलियारा (ईएमसी) विकास के इंजन हैं, जो वैश्विक समुद्री एकीकरण और सतत विकास को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत-सिंगापुर ग्रीन एवं डिजिटल शिपिंग कॉरिडोर, जिसे मार्च 2025 में एक आशय पत्र के माध्यम से औपचारिक रूप दिया गया। यह स्वच्छ ऊर्जा, स्मार्ट लॉजिस्टिक्स और डिजिटल नवाचार में दोनों देशों की प्राथमिकताओं के अनुरूप है।
पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय के संयुक्त सचिव (बंदरगाह) आर. लक्ष्मणन ने भारत की समुद्री क्षमताओं, नवाचार, नीतिगत दृष्टि और वैश्विक साझेदारियों को प्रदर्शित करने के लिए मंत्रालय के प्रमुख मंच के रूप में आईएमडब्ल्यू 2025 के बारे में उपस्थित लोगों को जानकारी देते हुए कहा कि महासागरों को एक साथ लाना, एक महासागर दृष्टिकोण केवल एक नारा नहीं है बल्कि वर्तमान भू-राजनीतिक वातावरण में दुनिया के समुद्री हितधारकों को एक साथ लाने की हमारी प्रतिबद्धता है।
जेएनपीए के अध्यक्ष और वीपीपीएल के सीएमडी उन्मेष शरद वाघ (आईआरएस) ने अपने स्वागत भाषण में भारत के समुद्री दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने में जेएनपीए की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने हरित, स्मार्ट और अधिक कनेक्टेड परिवहन मार्ग बनाने के लिए समाधानों की पहचान करने का आह्वान किया। दिन भर चले इस संवाद में समुद्री सुधार, बुनियादी ढांचे की उपलब्धियों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर विषयगत सत्र आयोजित किए गए। इसके बाद आत्मनिर्भर और बेहतर समुद्री आर्थिक गलियारों पर पैनल चर्चा हुई।
भारत समुद्री सप्ताह 2025 समुद्री अमृत काल विजन 2047 में योगदान करते हुए नवाचार, नीति संवाद और निवेश को बढ़ावा देने के लिए वैश्विक और घरेलू हितधारकों को एक साथ लाएगा।
भारत-सिंगापुर हरित एवं डिजिटल शिपिंग कॉरिडोर को आगे बढ़ाने की साझा प्रतिबद्धता के साथ लीडर्स डायलॉग का समापन हुआ। इस कार्यक्रम को उद्योग भागीदार के रूप में एसोचैम और ज्ञान भागीदार के रूप में ग्रांट थॉर्नटन भारत एलएलपी द्वारा सहयोग प्रदान किया गया।
मुंबई के गोरेगांव स्थित बॉम्बे प्रदर्शनी केंद्र में 27 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2025 तक भारत समुद्री सप्ताह 2025 का आयोजन किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए कृपया
www.imw.org.in पर क्लिक करें।


****
पीके/केसी/आरकेजे / डीए
(Release ID: 2155956)