मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय
ओंगोल नस्ल के मवेशियों के संरक्षण की स्थिति
Posted On:
23 JUL 2025 3:22PM by PIB Delhi
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, पशुधन जनगणना 2012 (नस्ल सर्वेक्षण रिपोर्ट 2013) और 2019 (नस्ल रिपोर्ट 2022) के बीच ओंगोल नस्ल के मवेशियों की संख्या 6.34 लाख से बढ़कर 7.03 लाख हो गई है, जो 10.88% की वृद्धि है। राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत आंध्र प्रदेश में ओंगोल नस्ल के मवेशियों सहित देशी नस्लों के विकास और संरक्षण के लिए निम्नलिखित कदम उठाए जा रहे हैं:
(i) गोजातीय आईवीएफ तकनीक का कार्यान्वयन: इस घटक के अंतर्गत, लाम फार्म, गुंटूर; पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय, तिरुपति और राष्ट्रीय कामधेनु प्रजनन केंद्र, चिंतालादेवी, नेल्लोर में 3 आईवीएफ प्रयोगशालाएँ चालू की गई हैं। ये प्रयोगशालाएँ आईवीएफ तकनीक के माध्यम से ओंगोल नस्ल और पुंगनूर नस्ल सहित देशी नस्लों का विकास कर रही हैं।
(ii) ओंगोल नस्ल सहित देशी नस्लों के वैज्ञानिक और समग्र विकास और संरक्षण के उद्देश्य से दक्षिणी क्षेत्र के लिए राष्ट्रीय कामधेनु प्रजनन केंद्र, चिंतलादेवी, नेल्लोर जिले में स्थापित किया गया है।
(iii) विभाग ने प्रकाशम जिले के चदलवाड़ा में ओंगोल नस्ल के मवेशियों के विकास और संरक्षण के लिए गोकुल ग्राम की स्थापना में सहयोग दिया है। गोकुल ग्राम प्रजनन कार्यक्रम में उपयोग के लिए उच्च आनुवंशिक योग्यता वाले सांडों के प्रजनन और आपूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
(iv) चिंतालादेवी स्थित ओंगोल नस्ल के मवेशियों के बैल-माता फार्म को सुदृढ़ करने के लिए राज्य को सहायता उपलब्ध कराई गई है।
(v) पशुपालन और डेयरी विभाग, ओंगोल नस्ल के मवेशियों सहित देशी नस्लों के उत्कृष्ट पशुओं की पहचान, स्थान निर्धारण और प्रसार के लिए ओंगोल में केंद्रीय झुंड (हर्ड) पंजीकरण योजना लागू कर रहा है।
(vi) बनवासी, नांदयाल और विशाखापत्तनम स्थित वीर्य केंद्रों को सुदृढ़ करने के लिए राज्य को सहायता उपलब्ध कराई गई है। वर्तमान में इन वीर्य केंद्रों पर ओंगोल नस्ल के मवेशियों के 24 उच्च आनुवंशिक योग्यता (एचजीएम) सांड उपलब्ध हैं और 2024-25 के दौरान राज्य में ओंगोल वीर्य की कुल 5.07 लाख डोज उत्पादित की गई हैं।
यह जानकारी केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने 23 जुलाई, 2025 को राज्यसभा में लिखित उत्तर में दी।
*****
एमजी/केसी/पीके
(Release ID: 2147336)