रेल मंत्रालय
केन्द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बिहार के कर्पूरीग्राम स्टेशन पर कई विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से कहा- आधुनिक और सुरक्षित यात्रा अनुभव सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता
केंद्रीय मंत्री ने कर्पूरीग्राम स्टेशन के उन्नयन कार्य का शिलान्यास किया, दीघा ब्रिज हॉल्ट का निरीक्षण किया और 17.30 करोड़ रूपये की परियोजनाओं को समर्पित किया
कर्पूरीग्राम और खुदीराम बोस पूसा स्टेशनों के बीच रेलवे भूमिगत मार्ग से स्थानीय यातायात की भीड़ कम होगी और रेलगाडि़यों के निर्बाध आवागमन में सुधार होगा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बिहार का रेल बजट 1000 करोड़ से बढ़कर 10,000 करोड़ रूपये हो गया: अश्विनी वैष्णव
Posted On:
07 JUL 2025 9:16PM by PIB Delhi
केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री, श्री अश्विनी वैष्णव ने बिहार में रेलवे के बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण और उन्नयन के निरंतर प्रयास के तहत आज समस्तीपुर मंडल के अंतर्गत कर्पूरीग्राम स्टेशन पर कई प्रमुख परियोजनाओं की आधारशिला रखी और उद्घाटन किया।

श्री वैष्णव ने सबसे पहले दीघा ब्रिज हॉल्ट का निरीक्षण किया और यात्री सुविधाओं, सुरक्षा, स्वच्छता, प्लेटफॉर्म की स्थिति, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सभी यात्रियों के लिए आधुनिक और सुरक्षित यात्रा अनुभव सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य करें क्योंकि यह रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
केंद्रीय मंत्री ने कर्पूरीग्राम स्टेशन पर 3.30 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन पुनर्विकास कार्यों की आधारशिला रखी। उन्नयन में स्टेशन भवन का आधुनिकीकरण, प्रतीक्षालय, शौचालय, डिजिटल सूचना प्रणाली, पेयजल सुविधाएं, दिव्यांगजनों के लिए रैंप और अन्य यात्री सुविधाएं शामिल हैं। उन्होंने स्टेशन पर कई नवनिर्मित यात्री सुविधाओं का उद्घाटन भी किया।

श्री वैष्णव ने कर्पूरीग्राम और खुदीराम बोस पूसा स्टेशनों के बीच लेवल क्रॉसिंग गेट नंबर 59 'सी' पर बनने वाले भूमिगत रेलवे सबवे के लिए भूमि पूजन किया। 14.0 करोड़ रूपये की लागत वाली इस परियोजना से स्थानीय यातायात के बोझ में काफी कमी आएगी और रेलगाडि़यों के निर्बाध आवागमन में सुधार होगा, इससे समग्र सुरक्षा भी बढ़ेगी।
भारतीय रेलवे की प्रगति का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि पिछले 11 वर्षों में 35,000 किलोमीटर नई रेल लाइनें बिछाई गई हैं और यह पिछली सरकारों की उपलब्धियों से कई गुना अधिक है। ये प्रयास न केवल बुनियादी ढांचे को मज़बूत कर रहे हैं बल्कि आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति दे रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने 'विकसित भारत' के विजन में बिहार जैसे राज्यों को समान भागीदार बनाने के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री रामनाथ ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ रेलवे अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक भी उपस्थित थे।
****
एमजी/केसी/एसएस/एसके
(Release ID: 2143048)
Visitor Counter : 6