पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व के कारण भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है: सर्बानंद सोनोवाल


केंद्रीय मंत्री सोनोवाल डिब्रूगढ़ में तिरंगा यात्रा समारोह में शामिल हुए, श्रमिक मित्रों से बातचीत की

सोनोवाल ने लोगों से राष्ट्र निर्माण के लिए प्रतिबद्ध होने और प्रधानमंत्री के 'मन की बात' से प्रेरणा लेने का आग्रह किया

सोनोवाल ने कोइलाबारी में मटक राजा की प्रतिमा का अनावरण किया, उनकी सार्वजनिक सेवा की विरासत की सराहना की

Posted On: 25 MAY 2025 9:04PM by PIB Delhi

केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री श्री सर्बानंद सोनोवाल ने दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में भारत के उभरने पर देशवासियों को बधाई दी और इस उपलब्धि का श्रेय 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल, गतिशील और मजबूत नेतृत्व को दिया। पिछले दशक में भारत के इस ऐतिहासिक परिवर्तन की सराहना करते हुए डिब्रूगढ़ के सांसद ने देश के नागरिकों से राष्ट्र निर्माण के लिए प्रतिबद्ध होने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत' के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में ईमानदारी से काम करने का आह्वान किया।

श्री सर्बानंद सोनोवाल ने डिब्रूगढ़ पश्चिम मंडल के बूथ नंबर 112 पर आयोजित प्रधानमंत्री के "मन की बात" कार्यक्रम सुनने के लिए आयोजित कार्यक्रम और 'तिरंगा यात्रा' में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 'मन की बात' कार्यक्रम ने देश भर से परिवर्तनकारी विचारों और साहस की कहानियों के माध्यम से देश के नागरिकों को लगातार प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि आज का संबोधन सुनकर वह एक बार फिर इससे प्रेरित हुए। प्रधानमंत्री ने सभी नागरिकों से विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए खुद को समर्पित करने का आग्रह किया है। उनके नेतृत्व में भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है। श्री सोनोवाल ने कहा कि हमें विकास और समृद्धि की इस यात्रा को और अधिक ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए खुद को प्रतिबद्ध करना चाहिए और मोदी जी के विकसित भारत के सपने को साकार करना चाहिए।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता का जश्न मनाने के लिए तिरंगा यात्रा में शामिल होकर श्री सोनोवाल ने भारत के सशस्त्र बलों की सराहना की और मिशन की सफलता के लिए उनके निडर समर्पण और प्रधानमंत्री मोदी के दृढ़ नेतृत्व को श्रेय दिया। तिरंगा यात्रा के दौरान, श्री सोनोवाल ने रिक्शा चालकों और मजदूरों से भी बातचीत की और समाज के प्रति उनकी सेवा के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।

डिब्रूगढ़ से लोकसभा सांसद श्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा, श्रमिक हमारे महान राष्ट्र की प्रमुख प्रेरक शक्तियों में से एक हैं। इन मेहनती व्यक्तियों से मिलना मेरे लिए हमेशा खुशी और प्रेरणा का स्रोत होता है। समाज की सेवा के लिए उनकी कड़ी मेहनत के लिए मैं उन्हें धन्यवाद देता हूं। उनके साथ बातचीत करने के बाद, मुझे देश के प्रति प्रोत्साहन और आभार महसूस  हुआ, जहां हर कोई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के गतिशील और प्रेरक नेतृत्व में बेहतर कल के निर्माण की दिशा में काम कर रहा है। कठिनाइयों का सामना करने के बावजूद भी श्रमिकों की अडिग मुस्कान ही हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। वे मुझे हमेशा प्रेरित करते हैं। मोदी सरकार उनके समग्र कल्याण और विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

केंद्रीय मंत्री श्री सर्बानंद सोनोवाल ने इसके बाद सदिया के कोइलाबारी में मटक सम्राट स्वर्गदेव सर्बानंद सिंह देव की पूर्ण आकार की प्रतिमा का अनावरण किया। समारोह में समुदाय के सदस्य, गणमान्य व्यक्ति और सांस्कृतिक क्षेत्र के हस्ती शामिल हुए। इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री सोनोवाल ने मटक राजा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके ऐतिहासिक महत्व तथा दूरदर्शी नेतृत्व का उल्लेख किया। सोनोवाल ने कहा, "स्वर्गदेव सर्बानंद सिंह देव का जीवन और विरासत सार्वजनिक सेवा, न्याय और अपने लोगों के कल्याण के प्रति गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। अपनी मातृभूमि के प्रति उनका अटूट समर्पण हमारी राष्ट्रीय भावना को प्रेरित करता रहता है। सदिया के कोइलाबारी में इस पूर्ण आकार की प्रतिमा का अनावरण करते हुए मैं सभी से, विशेष रूप से युवा पीढ़ी से, उनके आदर्शों से शक्ति प्राप्त करने और राष्ट्र निर्माण के लिए ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ खुद को समर्पित करने का आग्रह करता हूं। उनका उदाहरण हमें एक अधिक न्यायपूर्ण, एकजुट और समृद्ध भारत की ओर हमारी सामूहिक यात्रा में मार्गदर्शन करे।"

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री के साथ असम सरकार के मंत्री रनोज पेगु और प्रशांत फुकन, चबुआ के विधायक पोनाकन बरुआ, लाहोवाल के विधायक बिनोद हाजरिका, असम पर्यटन विकास निगम (एटीडीसी) के अध्यक्ष रितुपर्ण बरुआ, असम राज्य महिला आयोग (एएसडब्ल्यूसी) की अध्यक्ष हेमप्रभा बरठाकुर, सोनोवाल कचारी स्वायत्त परिषद (एसकेएसी) के मुख्य कार्यकारी सदस्य (सीईएम) टंकेश्वर सोनोवाल, डिब्रूगढ़ जिला भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष मामून गोगोई मित्रा, मटक स्वायत्त परिषद (एमएसी) के सीईएम डेविड सेतिया और मटक सामुदायिक संगठनों के कई नेता और सदस्य, स्थानीय नागरिक और पार्टी कार्यकर्ता शामिल थे।


 

***

एमजी/केसी/बीयू/एसएस


(Release ID: 2131253)
Read this release in: English , Urdu , Bengali-TR