कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय
राष्ट्रीय अनुभव पुरस्कार योजना, 2025 के अंतर्गत 42 संगठनों ने 1459 लेख प्रकाशित किए
राष्ट्रीय अनुभव पुरस्कार योजना, 2025 में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की जबर्दस्त भागीदारी
प्रविष्टि तिथि:
02 APR 2025 6:04PM by PIB Delhi
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर, सेवानिवृत्त होने हो रहे/सेवानिवृत्त हो चुके केंद्रीय सरकारी अधिकारियों के लिए सरकार में रहते हुए अपने अनुभव प्रस्तुत करने हेतु 'अनुभव पोर्टल' https://pensionersportal.gov.in/Anubhav/ ] मार्च 2015 में लॉन्च किया गया था।
इसके बाद, अपने सेवा काल के अनुभवों को प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहन और मनोबल बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय वार्षिक पुरस्कार योजना तैयार की गई। अब तक, पोर्टल पर 104 संगठन पंजीकृत हो चुके हैं और उत्कृष्ट लेखन के लिए 59 अनुभव पुरस्कार और 19 जूरी प्रमाणपत्र प्रदान किए जा चुके हैं।
राष्ट्रीय अनुभव पुरस्कार योजना, 2025 को बड़े बदलाव के साथ अधिसूचित किया गया। पहली बार, केंद्र सरकार के कर्मचारियों के अलावा, केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों (सीपीएसई) और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (पीएसबी) के कर्मचारियों को भी राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को मान्यता देने के लिए इस योजना के तहत शामिल किया गया। इसके साथ ही, एक वस्तुनिष्ठ अंकन प्रणाली भी लागू की गई। अधिसूचित योजना के अनुसार, 01.04.2024 से 31.03.2025 तक प्रकाशित लेखों पर विचार किया जाना था।
17 मंत्रालयों/विभागों द्वारा 22.01.2025 तक केवल 423 लेख प्रकाशित किए गए थे। योजना में अधिकतम और व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए, डीओपीपीडब्ल्यू द्वारा 23.01.2025 से 31.03.2025 तक एक आउटरीच अभियान चलाया गया।
इस श्रृंखला में, 12 सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और सीपीएसई सहित मंत्रालयों/विभागों के अनुभव नोडल अधिकारियों के लिए 23.01.2025 को सचिव (पेंशन) की अध्यक्षता में एक कार्यशाला आयोजित की गई। योजना के प्रावधानों और लेख प्रस्तुत करने की प्रक्रिया के बारे में प्रश्नों के उत्तर देने के लिए एक समर्पित प्रकोष्ठ की स्थापना की गई। इस दिशा में एक सूचनात्मक वीडियो भी जारी किया गया और उसे डीओपीपीडब्ल्यू के यूट्यूब चैनल पर डाला गया। इसके अलावा, पात्र सेवानिवृत्त अधिकारियों/कर्मचारियों को ई-मेल और एसएमएस भेजे गए। आउटरीच अभियान के दौरान मंत्रालयों और विभागों के अनुभव नोडल अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण थी; इसलिए, प्रगति की समीक्षा के लिए उनके साथ पाक्षिक बैठकें आयोजित की गईं।

इन पहलों का सकारात्मक प्रभाव पड़ा क्योंकि आउटरीच अभियान अवधि के दौरान अनुभव पोर्टल पर प्रकाशित लेखों की संख्या 423 से बढ़कर 1,459 हो गई। इसमें लेवल-13 और उससे ऊपर के वरिष्ठ अधिकारियों के 124 लेख शामिल हैं। इसके अलावा, आउटरीच अभियान के कारण, जिन मंत्रालयों/विभागों/संगठनों के कर्मचारियों ने अपने लेख प्रस्तुत किए हैं, उनकी संख्या 17 से बढ़कर 42 हो गई है, जो अनुभव योजना के इतिहास में सबसे अधिक है।
आगामी वार्षिक अनुभव पुरस्कार समारोह में प्रदान किए जाने वाले 05 अनुभव पुरस्कारों और 10 जूरी प्रमाणपत्रों के लिए उत्कृष्ट लेखों को अंतिम रूप देने के लिए 1,459 प्रकाशित लेखों का अब द्वि-स्तरीय प्रक्रिया के माध्यम से मूल्यांकन किया जाएगा।
****
एमजी/केसी/जेके/एसवी
(रिलीज़ आईडी: 2117994)
आगंतुक पटल : 145