सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
अंतर्राष्ट्रीय व्हीलचेयर दिवस 2025 पर, विकलांग व्यक्तियों के सशक्तिकरण और समावेशन पर जोर देते हुए पूरे भारत में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए
Posted On:
02 MAR 2025 8:38PM by PIB Delhi
अंतर्राष्ट्रीय व्हीलचेयर दिवस 2025 के अवसर पर, केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग (डीईपीडब्ल्यूडी) के अंतर्गत विभिन्न राष्ट्रीय संस्थानों और समेकित क्षेत्रीय केंद्रों (सीआरसी) ने दिव्यांगजनों के लिए सुगमता, स्वतंत्रता और समावेश को बढ़ावा देने के लिए देश भर में कई कार्यक्रम आयोजित किए। यह दिन न केवल उपयोगकर्ताओं के जीवन में व्हीलचेयर की अहमियत को उजागर करता है, बल्कि समाज में जागरूकता और समावेशिता को बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर के रूप में भी काम करता है।
एनआईएलडी, कोलकाता में सेमिनार और खेल कार्यक्रम
कोलकाता के राष्ट्रीय गतिशील दिव्यांगजन संस्थान (एनआईएलडी) ने व्हीलचेयर उपयोगकर्ताओं के लिए सेमिनार, व्हीलचेयर वितरण और विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया। इस अवसर पर, व्हीलचेयर उपयोगकर्ता सुश्री डॉली को जीवन के प्रति उनके सकारात्मक दृष्टिकोण और अदम्य भावना के लिए सम्मानित किया गया।
एनआईईपीआईडी, सिकंदराबाद में सहायक उपकरणों पर चर्चा
राष्ट्रीय बौद्धिक दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान (एनआईईपीआईडी), सिकंदराबाद ने मोबिलिटी इंडिया, हैदराबाद के सहयोग से सहायक प्रौद्योगिकियों पर एक संवादात्मक सत्र आयोजित किया। विशेषज्ञों ने गतिशीलता से जुड़ी सहायता में नवीनतम प्रगति और विकलांग व्यक्तियों के लिए व्हीलचेयर के महत्व पर चर्चा की।
एसवीएनआईआरटीएआर, ओडिशा में समावेश पर जागरूकता कार्यक्रम
स्वामी विवेकानंद राष्ट्रीय पुनर्वास प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (एसवीएनआईआरटीएआर), कटक, ओडिशा में व्हीलचेयर उपयोगकर्ताओं और देखभाल करने वालों के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पहुंच और समावेश पर जोर देते हुए, विकलांग व्यक्तियों के जीवन पर उनके प्रभाव को उजागर किया गया।
सीआरसी गोरखपुर में जन जागरूकता एवं व्हीलचेयर वितरण कार्यक्रम
समेकित क्षेत्रीय केंद्र (सीआरसी), गोरखपुर ने एक दिवसीय जागरूकता एवं व्हीलचेयर वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया, जिससे बड़ी संख्या में दिव्यांगजन लाभान्वित हुए। वितरित की गईं व्हीलचेयर से गतिशीलता एवं आत्मनिर्भरता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
सीआरसी, त्रिपुरा की विभिन्न गतिविधियां
इस अवसर पर, सीआरसी त्रिपुरा ने व्हीलचेयर उपयोगकर्ताओं की आवश्यकताओं, अधिकारों एवं पहुंच पर ध्यान केंद्रित करते हुए विशेष सत्र आयोजित किए।
सीआरसी, दावणगेरे में व्हीलचेयर प्रशिक्षण और सहायक उपकरण वितरण
सीआरसी दावणगेरे ने एएलआईएमसीओ के सहयोग से 26 लाभार्थियों के लिए व्हीलचेयर संचालन प्रशिक्षण का आयोजन किया और 90 सहायक उपकरण वितरित किए, जिससे विकलांग व्यक्तियों के लिए बेहतर गतिशीलता और पहुंच सुनिश्चित हुई।
सीआरसी, नेल्लोर में व्हीलचेयर प्रतियोगिता और वितरण
सीआरसी, नेल्लोर में, अंतर्राष्ट्रीय व्हीलचेयर दिवस के महत्व पर जागरूकता अभियान, जरूरतमंद लोगों को व्हीलचेयर का वितरण और व्हीलचेयर दौड़ प्रतियोगिता सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रतियोगिता के विजेताओं को विशेष उपहार देकर सम्मानित किया गया।
इन पहलों ने न केवल व्हीलचेयर उपयोगकर्ताओं की जरूरतों को उजागर किया, बल्कि ये एक अधिक समावेशी और सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में सामने आए।
*****
एमजी/आरपीएम/केसी/एमपी
(Release ID: 2107635)
Visitor Counter : 152