खान मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय मंत्री श्री जी किशन रेड्डी महत्वपूर्ण खनिज क्षेत्र में सहयोग को विस्तार देने के उद्देश्य से कल सऊदी अरब के मंत्री से भेंट करेंगे

प्रविष्टि तिथि: 03 FEB 2025 8:28PM by PIB Delhi

केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी कल नई दिल्ली में सऊदी अरब के उद्योग और खनिज संसाधन मंत्री श्री बान्देर बिन इब्राहिम अलखोरायफ के साथ रणनीतिक बैठक करेंगे। उच्च स्तरीय चर्चा में दोनों देशों के बीच महत्वपूर्ण खनिज क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने और निवेश के नए अवसरों की खोज पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

यह बैठक केंद्रीय मंत्री की हाल ही में रियाद में फ्यूचर मिनरल्स फोरम 2025 में मंत्रिस्तरीय गोलमेज सम्मेलन में भागीदारी के बाद हुई है, जहां उन्होंने ऊर्जा परिवर्तन और स्वच्छ ऊर्जा प्रणालियों के लिए आवश्यक महत्वपूर्ण खनिजों को सुरक्षित करने के उद्देश्य से भारत की प्रतिबद्धता को उजागर किया था। उन्होंने भारत के बढ़ते खनन क्षेत्र में संभावनाएं तलाशने के लिए वैश्विक निवेशकों को आमंत्रित किया और आर्थिक एवं तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने हेतु ब्राजील, इटली तथा मोरक्को के मंत्रियों के साथ व्यापक चर्चा की।

हाल ही में मंत्रिमंडल द्वारा राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन (एनसीएमएम) को मंजूरी दिए जाने के बाद यह कार्य और अधिक महत्वपूर्ण हो गया है। बैठक में मुख्य चर्चाएं लचीली खनिज आपूर्ति श्रृंखलाओं को बढ़ावा देने, मूल्य-वर्धित प्रसंस्करण में निवेश व खनिज संसाधन क्षेत्र में भारत-सऊदी संबंधों को सशक्त करने के लिए तकनीकी सहयोग पर केंद्रित होंगी।

यह रणनीतिक बैठक खनिज क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय साझेदारी विकसित करने के लिए भारत के सक्रिय दृष्टिकोण को रेखांकित करती है और सतत खनिज विकास में वैश्विक भागीदार के रूप में इसकी बढ़ती भूमिका की पुष्टि करती है।

एमजी/केसी/एनके


(रिलीज़ आईडी: 2099401) आगंतुक पटल : 141
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Telugu