रक्षा मंत्रालय
भारतीय नौसेना द्वारा मानसिक स्वास्थ्य पर एक कार्यशाला का आयोजन
विषय-वस्तु- ‘आत्म-परिवर्तन और आंतरिक-जागरण’
मानसिक स्वास्थ्य और आंतरिक सद्भाव पर चल रहे 60-दिवसीय विशेष कार्यक्रम का हिस्सा
Posted On:
06 JAN 2025 7:44PM by PIB Delhi
मानसिक स्वास्थ्य आज की तेजी से भागती-दौड़ती दुनिया में एक गंभीर चिंता के रूप में उभरा है, खासकर सशस्त्र बलों और इसकी असैन्य सहायता प्रणाली जैसे उच्च तनाव वाले वातावरण में काम करने वाले व्यक्तियों के लिए ऐसी परेशानियां बढ़ी हैं। मानसिक स्वास्थ्य में भावनात्मक शक्ति, आंतरिक सद्भाव एवं चुनौतियों के बीच शांत और केंद्रित रहने की क्षमता जैसे विभिन्न गुण शामिल हैं। तेजी से बदलते कार्य परिवेश में असैन्य कर्मचारियों सहित नौसेना कर्मियों का मानसिक स्वास्थ्य प्राथमिकता बन जाता है, क्योंकि उनकी भूमिकाएं अक्सर निरंतर ध्यान व उच्च भावनात्मक सहनशक्ति की मांग करती हैं।
भारतीय नौसेना मानसिक स्वास्थ्य एवं आंतरिक सद्भाव पर चल रहे 60-दिवसीय विशेष कार्यक्रम के हिस्से के रूप में 07 जनवरी, 2025 को नई दिल्ली में डीआरडीओ भवन के डॉ. डीएस कोठारी ऑडिटोरियम में 'आत्म-परिवर्तन और आंतरिक-जागरण' पर एक कार्यशाला आयोजित कर रही है।
इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में ब्रह्माकुमारीज की शिवानी बहन उपस्थित रहेंगी। विश्व स्तर पर प्रशंसित आध्यात्मिक गुरु और राजयोग मेडिटेशन की शिक्षिका बीके सिस्टर शिवानी अपने कार्यक्रम 'अवेकनिंग विद ब्रह्माकुमारीज' के लिए व्यापक रूप से जानी जाती हैं। उन्होंने भावनात्मक कल्याण, संबंधों और मन की शक्ति पर अपनी सरल लेकिन गहन शिक्षाओं से दुनिया भर के लाखों लोगों को प्रेरित किया है। कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों की प्राप्तकर्ता बीके सिस्टर शिवानी ने अपना जीवन जनकल्याण में शांति और प्रसन्नता को फिर से खोजने में सहायता करने के लिए समर्पित कर दिया है। मानव व्यवहार को बदलने में उनकी भूमिका के लिए उन्हें 2019 में प्रतिष्ठित 'नारी शक्ति पुरस्कार' से सम्मानित किया गया।
यह कार्यशाला नौसेना के कर्मियों के भीतर मानसिक कल्याण और भावनात्मक सहयोग की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए एक मंच प्रदान करती है। यह स्थायी मानसिक एवं भावनात्मक कल्याण को बढ़ावा देने के लिए ज्ञान और तकनीक के साथ आमजन को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। कार्यशाला का उद्देश्य प्रतिभागियों को भावनात्मक रूप से सक्षम बनाने, तनाव को प्रभावी ढंग से दूर करने और सकारात्मक मानसिकता विकसित करने के लिए सहायता प्रदान करना; उन्हें पेशेवर चुनौतियों और व्यक्तिगत कल्याण के बीच संतुलन स्थापित करने में लचीला बनाना है। यह कार्यक्रम आंतरिक लचीलेपन और भावनात्मक कल्याण के महत्व को एकसूत्र करने के लिए सैन्य और अन्य रक्षा कर्मियों को एक साथ लाएगा।
यह आयोजन भारतीय नौसेना कर्मियों के भावनात्मक कल्याण और मानसिक स्वास्थ्य में सुधार के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
***
एमजी/आरपीएम/केसी/एनके /डीए
(Release ID: 2090730)