रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

पूर्वावलोकन: भारतीय नौसेना आरके बीच, विशाखापत्तनम में परिचालन प्रदर्शन करेगी

Posted On: 28 DEC 2024 11:30AM by PIB Delhi

भारतीय नौसेना 04 जनवरी 25 को विशाखापत्तनम के खूबसूरत आरके बीच पर एक भव्य परिचालन प्रदर्शन के साथ आंध्र प्रदेश के नागरिकों को आश्चर्यचकित करने के लिए तैयार है। आंध्र प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री एन चंद्रबाबू नायडू ने इस महत्वपूर्ण नौसेना कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बनने पर अपनी सहमति व्यक्त की है, जिसकी मेजबानी वाइस एडमिरल राजेश पेंढारकर, फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, पूर्वी नौसेना कमान द्वारा की जाएगी। तैयारियों के लिए, पूर्वी नौसेना कमान (ईएनसी), राज्य सरकार और शहर प्रशासन के अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से स्थल सर्वेक्षण और समन्वय बैठकें की जा रही हैं।

यह वार्षिक फ्लैग शिप आउटरीच कार्यक्रम आंध्र प्रदेश के लोगों के साथ एक मजबूत बंधन को बढ़ावा देने और राष्ट्र के समुद्री हितों की रक्षा के लिए भारतीय नौसेना की अटूट तत्परता को प्रदर्शित करने के लिए पूर्वी नौसेना कमान की प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करता है। परिचालन प्रदर्शन, युद्धपोतों, पनडुब्बियों, विमानों, नौसेना बैंड और मरीन कमांडो (मार्कोस) द्वारा प्रदर्शनों सहित गतिविधियों की एक रोमांचक और सुव्यवस्थित श्रृंखला के माध्यम से भारतीय नौसेना की अत्याधुनिक क्षमताओं को दिखाएगा।

इस बार के कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण में शामिल हैं - विभिन्न प्रकार के युद्धपोतों द्वारा उच्च गति के युद्धाभ्यास, लड़ाकू विमानों और फिक्स्ड विंग मैरीटाइम विमानों के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के हेलीकॉप्टरों द्वारा उड़ान संचालन, उभयचर हमले का प्रदर्शन, लाइव स्लिथरिंग ऑपरेशन और मरीन कमांडो द्वारा कॉम्बैट फ्री फ़ॉल शामिल हैं। इस कार्यक्रम में विशाखापत्तनम के सी कैडेट्स कोर द्वारा एक अनूठा हॉर्न पाइप डांस और ईएनसी बैंड द्वारा बीटिंग रिट्रीट समारोह भी शामिल होगा।

अभ्यास कार्यक्रम: प्रारंभिक अभ्यास कार्यक्रम 28 और 29 दिसंबर 24 के लिए निर्धारित है, जबकि अंतिम अभ्यास कार्यक्रम 02 जनवरी 25 को निर्धारित है, ताकि 04 जनवरी 25 को कार्यक्रम का त्रुटिहीन प्रदर्शन सुनिश्चित किया जा सके। आम लोगों को इन तिथियों पर आरके बीच पर अभ्यास कार्यक्रम देखने के लिए सादर आमंत्रित किया जाता है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/OP_DEMO_1D5V5.jpg

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/OP_DEMO_2TIU9.jpg

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/OP_DEMO_59ZGO.jpeg

***

एमजी/केसी/जेके


(Release ID: 2088649)
Read this release in: English , Urdu , Telugu