कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने मनीकंट्रोल फैमिली बिजनेस अवार्ड्स 2024 में भारत के आर्थिक विकास में पारिवारिक व्यवसायों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उन्हें स्तंभ करार दिया
पारिवारिक व्यवसाय भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था की कुंजी हैं: डॉ. जितेंद्र सिंह
डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि 2014 में 50 बायो-टेक स्टार्टअप से वर्तमान में इनकी संख्या लगभग 9000 तक पहुंचना देश में बेहतर आर्थिक माहौल का प्रमाण है
वैश्विक नवाचार सूचकांक में भारत का स्थान अब 41वां है जो भारत की नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है: डॉ. जितेंद्र सिंह
Posted On:
03 DEC 2024 8:13PM by PIB Delhi
केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पीएमओ, परमाणु ऊर्जा विभाग, अंतरिक्ष विभाग, कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने मनीकंट्रोल फैमिली बिजनेस अवार्ड्स 2024 में भारत के आर्थिक विकास में पारिवारिक व्यवसायों के योगदान की सराहना की। उद्योग जगत के दिग्गजों के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, उन्होंने 2047 तक 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था और एक विकसित राष्ट्र बनने के भारत के दृष्टिकोण को प्राप्त करने में पारिवारिक उद्यमों की अपरिहार्य भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि देश को उस दिशा में ले जाने वाले मिशन का नेतृत्व प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी कर रहे हैं।
डॉ. सिंह ने कहा, "पारिवारिक व्यवसाय भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, जो सकल घरेलू उत्पाद में 70 प्रतिशत से अधिक का योगदान देते हैं और आबादी के एक महत्वपूर्ण हिस्से को रोजगार देते हैं। 2047 तक यह हिस्सा बढ़कर 80-85 प्रतिशत होने की उम्मीद है, जो देश के भविष्य को आकार देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को उजागर करता है।"
केंद्रीय मंत्री ने पीएम-विश्वकर्मा जैसी योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की, जो देश में पारंपरिक पारिवारिक व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए सबसे उपयुक्त है। उन्होंने पारिवारिक उद्यमों की उनके लचीलेपन और अनुकूलनशीलता के लिए प्रशंसा करते हुए कोविड-19 महामारी जैसे संकटों के दौरान उनकी उल्लेखनीय भूमिका का जिक्र किया, जब कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उन्होंने सरकार के साथ मिलकर काम किया था। उन्होंने कहा, "आधुनिक नवाचार के साथ विरासत मूल्यों को मिलाने की उनकी क्षमता उनकी सतत भावना और सर्वोत्तम उद्यमशीलता का प्रमाण है।"
डॉ. सिंह ने भारतीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए हाल के दिनों में उठाए गए कुछ कदमों का भी उल्लेख किया। मिशन मौसम, स्टार्टअप के लिए एक हजार करोड़ वेंचर फंड, नेशनल रिसर्च फाउंडेशन के लिए एक लाख करोड़ रुपये और हाल ही में शुरू की गई वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन (ओनोस) सरकार द्वारा हाल के दिनों में लिए गए कुछ ऐसे फैसले हैं जिनका एकमात्र उद्देश्य देश में कारोबारी माहौल को बढ़ावा देना है।
डॉ. सिंह ने पारिवारिक व्यवसायों के सामने आने वाली चुनौतियों, जैसे उत्तराधिकार नियोजन और वैश्विक प्रतिस्पर्धा को स्वीकार करते हुए युवा पीढ़ी के कारोबारियों से परंपरा और परिवर्तन के बीच संतुलन बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, "भारत की अर्थव्यवस्था के संरक्षक के रूप में, पारिवारिक व्यवसायों को लचीलापन, नवाचार और सामुदायिक निर्माण को अपनाते हुए प्रेरणा और नेतृत्व देना जारी रखना चाहिए।"
इस कार्यक्रम में भारत की अर्थव्यवस्था और समाज में पारिवारिक व्यवसायों द्वारा किए गए उत्कृष्ट योगदान का उल्लेख किया गया। डॉ. सिंह ने पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों को उद्यमशीलता को बढ़ावा देने, रोजगार सृजन करने और क्षेत्रीय तथा राष्ट्रीय विकास को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।
मनीकंट्रोल फैमिली बिजनेस अवार्ड्स उन पारिवारिक उद्यमों की उपलब्धियों को मान्यता देकर सम्मानित करते हैं, जिन्होंने मूल्यों और परंपराओं को कायम रखते हुए व्यवसाय संचालन में उत्कृष्टता का प्रदर्शन किया है। इन पुरस्कारों का उद्देश्य भारत के व्यापार के व्यापार जगत में नवाचार और सहयोग को प्रोत्साहित करना है।
****
एमजी/केसी/जेके/एसके
(Release ID: 2080577)