रेल मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारतीय रेलवे ने 04 नवंबर, 2024 को एक ही दिन में 3 करोड़ से अधिक लोगों को यात्रा की सुविधा प्रदान कर ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त की


भारतीय रेलवे ने पिछले 36 दिनों में 4,521 विशेष ट्रेनों के माध्यम से 65 लाख लोगों को यात्रा की सुविधा प्रदान की

भारतीय रेलवे 08-11 नवंबर के बीच छठ पूजा की वापसी भीड़ को प्रबंधित करने के लिए प्रतिदिन 160 विशेष ट्रेनें संचालित करेगा

Posted On: 06 NOV 2024 8:27PM by PIB Delhi

इस वर्ष के त्योहारों के मौसम में 01 अक्टूबर से 05 नवंबर 2024 तक, भारतीय रेलवे ने पिछले 36 दिनों में 4,521 विशेष ट्रेनों के माध्यम से 65 लाख लोगों को यात्रा की सुविधा प्रदान कर उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त की। इन अतिरिक्त सेवाओं ने दुर्गा पूजा, दीवाली और छठ पूजा समारोहों के दौरान लोगों की यात्रा को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। रेलवे ने इन विशेष प्रयासों से सुनिश्चित किया कि लाखों यात्री आराम से अपने गंतव्य स्थानों तक पहुंच सकें। यह उपलब्धि भारतीय रेलवे की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है जो त्योहारों के चरम समय में यात्रा की बढ़ी हुई मांग को पूरा करने के लिए है, जिससे यात्रा सभी लोगों के लिए आसान एवं सुलभ हो जाती है।

त्योहारों के दौरान यात्रा की बढ़ती हुई मांग को पूरा करने के लिएभारतीय रेलवे ने 01 अक्टूबर से 30 नवंबर 2024 तक, कुल 7,724 विशेष ट्रेनों की घोषणा की, जो पिछले वर्ष की 4,429 विशेष ट्रेन सेवाओं की तुलना में 73 प्रतिशत वृद्धि को दर्शाती है। यह महत्वपूर्ण विस्तार त्योहारों के चरम मौसम के दौरान निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने के लिए की गई है। भारतीय रेलवे ने छठ पूजा के लिए यात्रियों को उनके गंतव्यों तक पहुंचाने के लिए पिछले चार दिनों में औसतन 175 विशेष ट्रेनों का संचालन किया है।

अब, भारतीय रेलवे 08 नवंबर, 2024 से शुरू होने वाली प्रत्याशित भीड़ की वापसी के लिए तैयारी कर रहा है, जब छठ पूजा महोत्सव समाप्त होगा। वापसी करने वाले यात्रियों के लिए विशेष ट्रेनों की घोषणा की गई है, साथ ही स्थानीय मांग को पूरा करने के लिए समस्तीपुर, दानापुर डिवीजनों और अन्य डिवीजनों के लिए अतिरिक्त ट्रेनें संचालित करने की योजना बनाई गई है।

छठ पूजा के लिए भीड़ की वापसी 08 नवंबर 2024 को सूर्योदय होने के बाद से शुरू होने वाली है, जिसमें यात्रियों की उच्च संख्या को समायोजित करने के लिए 164 विशेष ट्रेनें संचालित करने की योजना बनाई गई है। इसके बाद, भारतीय रेलवे ने 09 नवंबर को 160 विशेष ट्रेनें, 10 नवंबर को 161 और 11 नवंबर को 155 विशेष ट्रेनें संचालित करने की योजना बनाई है, जिससे त्योहार के दौरान यात्रियों की अपेक्षित भीड़ को प्रबंधित करने के लिए पर्याप्त क्षमता प्राप्त किया जा सके।

भारतीय रेलवे ने त्यौहारों के मौसम के दौरान यात्रा की मांग को पूरा करने के लिए 04 नवंबर, 2024 को एक ही दिन में 3 करोड़ से अधिक यात्रियों को यात्रा की सुविधा प्रदान कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त की। ​​ इस दिन भारतीय रेलवे ने रिकॉर्ड संख्या में 120.72 लाख गैर-उपनगरीय लोगों को यात्रा सुविधा प्रदान की। इसमें 19.43 लाख आरक्षित यात्री और 101.29 लाख अनारक्षित गैर-उपनगरीय यात्री शामिल थे। इसी तरह, उपनगरीय यातायात रिकॉर्ड 180 लाख यात्रियों तक पहुंच गया, जो कि इस वर्ष का सबसे अधिक एक दिवसीय यात्री आंकड़ा बन गया।

उल्लेखनीय है कि 01 अक्टूबर से 05 नवंबर के बीच भारतीय रेलवे के माध्यम से बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और झारखंड में लगभग 6.85 करोड़ यात्रियों ने यात्रा की, जो ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड जैसे देशों की संयुक्त जनसंख्या के दोगुनी से अधिक है।

***

एमजी/आरपीएम/केसी/एके


(Release ID: 2071372) Visitor Counter : 424