रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

रक्षा विभाग ने विशेष अभियान 4.0 के तहत अग्रणी पहल की शुरुआत की


हिमालयन पर्वतारोहण संस्थान ने दार्जिलिंग में प्रतिदिन 1,000 लीटर की क्षमता वाला पहला सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया

Posted On: 16 OCT 2024 1:50PM by PIB Delhi

देशभर में रक्षा विभाग ने ‘स्वच्छता अभियान’ पहल के तहत अपने 3,832 स्थानों में 2,705 स्थलों को सफलतापूर्वक कवर किया है और इसका पूरे देश में सकारात्मक प्रभाव दिखाई दे रहा है। 15 अक्टूबर, 2024 तक 20,976 से अधिक फाइलों की समीक्षा की गई है और 5,391 फाइलों को हटा दिया गया है। इसके परिणामस्वरूप 195 हजार वर्ग फीट मूल्यवान स्थान खाली हो गया है। स्क्रैप सामग्री और अप्रचलित आईटी उपकरणों के निपटान के माध्यम से 21.1 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

इन स्थानों में सैन्य अस्पताल, रक्षा लेखा महानियंत्रक, सीमा सड़क संगठन, भारतीय तटरक्षक राष्ट्रीय कैडेट कोर, सैनिक स्कूल, कैंटीन स्टोर विभाग और छावनी के साथ-साथ नेहरू पर्वतारोहण संस्थान, उत्तरकाशी तथा हिमालयन पर्वतारोहण संस्थान, दार्जिलिंग के स्थल शामिल हैं।

इस अभियान में छावनी सबसे आगे रही हैं, उन्होंने मच्छरों को पनपने से रोकने के लिए अभियान चलाए हैं। इसके साथ ही छावनी में स्वयंसेवकों के साथ मिलकर स्थानीय समुदायों के लिए कचरे को अलग करने की कार्यशालाओं का आयोजन किया है। कचरा संभावित क्षेत्र (जीवीपी) में वृक्षारोपण किया जा रहा है तथा पार्कों में सूखी पत्तियों से खाद बनाने की पहल के साथ सार्वजनिक स्थानों को और बेहतर बनाया गया है।

हिमालय पर्वतारोहण संस्थान ने दार्जिलिंग में पहला सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित किया है और इसका नाम रखा गया है - स्वच्छता से समृद्धि। यह प्लांट प्रतिदिन 1,000 लीटर अपशिष्ट जल को उपयोगी बना सकता है, जो सालाना 365 किलोलीटर के बराबर है। इस पानी को शौचालय फ्लश सिस्टम में इस्तेमाल किया जाता है, जिससे संस्थान के भीतर स्थायी अपशिष्ट प्रबंधन सुनिश्चित होता है। इसके अतिरिक्त, संस्थान ने 1.8 लाख लीटर की क्षमता वाला वर्षा जल भंडारण संयंत्र भी बनाया है, जिससे बाहरी जल स्रोतों पर निर्भरता काफी कम हुई है।

हिमालय पर्वतारोहण संस्थान उपयोग न करने योग्य पर्वतारोहण उपकरणों, जैसे जूते और रस्सियों की सजावटी वस्तुएं बनाकर नवीकरणीयता के सिद्धांत का उदाहरण प्रस्तुत करता है, जो पुनर्चक्रण और पर्यावरण संरक्षण की नवोन्मेषी भावना को उजागर करता है।

***

एमजी/आरपीएम/केसी/वीके/जीआरएस



(Release ID: 2065436) Visitor Counter : 61


Read this release in: English , Urdu , Tamil