पंचायती राज मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav g20-india-2023

स्वच्छता ही सेवा अभियान 2024 में पंचायती राज मंत्रालय की सक्रियता के साथ भागीदारी


पंचायती राज मंत्रालय ने स्वच्छता और साफ सफाई की आदत को दैनिक जीवन में शामिल करने की प्रतिबद्धता दोहराई

Posted On: 02 OCT 2024 4:31PM by PIB Delhi

पंचायती राज मंत्रालय (एमओपीआर) स्वच्छता ही सेवा के सिद्धांतों के अनुरूप ही दैनिक जीवन, मूल्यों और कार्य प्रणालियों के एक अभिन्न अंग के रूप में स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है। पंचायती राज मंत्रालय ने नौ सूत्री पूर्व-कार्य योजना के हिस्से के रूप में स्वच्छता ही सेवा-2024 (एसएचएस-2024) अभियान के दौरान विभिन्न गतिविधियां संचालित कीं, जिनका आयोजन 17 सितंबर, 2024 से 2 अक्टूबर, 2024 तक किया गया था।

स्वच्छता ही सेवा अभियान-2024 के अंतिम दिन यानी 2 अक्टूबर, 2024 को पंचायती राज मंत्रालय के सचिव श्री विवेक भारद्वाज के नेतृत्व में कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने कनॉट प्लेस (राजीव चौक) के ब्लॉक-ए क्षेत्र में स्वच्छता अभियान (श्रमदान) की गतिविधियों में भाग लिया। उन्होंने स्वच्छ भारत दिवस की 10वीं वर्षगांठ के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं दीं और दैनिक जीवन में स्वच्छता को अपने स्वभाव तथा मूल्यों को अभिन्न अंग के रूप में स्वीकार करने लिए प्रोत्साहित किया। स्वच्छ भारत दिवस के मौके पर लगभग 70 कर्मचारियों ने कनॉट प्लेस (राजीव चौक) के ब्लॉक-ए क्षेत्र के आसपास सफाई अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान छोटे प्लास्टिक के टुकड़े, डिस्पोजल मग, कप और इसी तरह की सामग्री से युक्त लगभग 100 किलोग्राम कचरा हटाया गया। श्री भारद्वाज ने सफाई अभियान का नेतृत्व करते हुए कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की और पूरे साल भर तक इसी गति को बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कर्मचारियों को श्रमदान के माध्यम से अपने स्वयं के योगदान के अलावा, अधिक भीड़-भाड़ वाले क्षेत्र को गोद लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय करते हुए इसकी सफाई की जिम्मेदारी लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर आज सभी हाउस कीपिंग कर्मचारियों को नई दिल्ली स्थित कार्यालय परिसर, जीवन भारती भवन, जीवन प्रकाश भवन और कृषि भवन की साफ-सफाई के उनके नियमित जोखिम भरे कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

मंत्रालय के अधिकारी एवं कर्मचारी स्वच्छता ही सेवा-2024 अभियान के दौरान सक्रिय रूप से श्रमदान में लगे रहे। उन्होंने अपने कार्यस्थलों फर्नीचर की सफाई, धूल हटाने और साफ-सुथरा करने के लिए प्रतिदिन समय निकाला उसका सदुपयोग किया। 20 सितंबर, 2024 को नई दिल्ली में कस्तूरबा गांधी मार्ग स्थित जीवन प्रकाश इमारत की 11वीं मंजिल पर काम करने वाले कर्मचारियों ने एक व्यापक सफाई अभियान में भाग लिया, जिसमें उनके कार्यालय परिसर और भवन के आसपास के क्षेत्रों की स्वच्छता पर ध्यान केंद्रित किया गया। इसके बाद 27 सितंबर, 2024 को जीवन भारती भवन की 9वीं मंजिल पर मंत्रालय में काम करने वाले कर्मचारियों ने रीगल बिल्डिंग के इलाकों की सफाई करके अपना योगदान दिया। दोनों ही अवसरों पर करीब 100 कर्मचारियों ने इन सफाई गतिविधियों में हिस्सा लिया और स्वच्छ एवं स्वस्थ कार्य शैली वाले वातावरण को बढ़ावा देने के लिए अपने सामूहिक प्रयास प्रतिबद्धता को उजागर किया।

23 सितंबर, 2024 को सफाई कर्मचारियों के साथ एक संवादात्मक बैठक आयोजित की गई। इसका उद्देश्य 25 सितंबर, 2024 को प्रस्तावित स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने के लिए यह पता लगाना था कि हाउस कीपिंग स्टाफ में से किसी को स्वास्थ्य संबंधी कोई समस्या है अथवा नहीं। चूंकि हाउस कीपिंग स्टाफ के 14 सदस्यों में से किसी ने भी कोई स्वास्थ्य समस्या नहीं बताई, इसलिए कोई शिविर नहीं लगाया गया।

पंचायती राज मंत्रालय ने स्वच्छता ही सेवा अभियान के पिछले सभी संस्करणों में लगातार महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस मंत्रालय ने वर्ष 2024 में अभियान के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में और भी अधिक जोश, उत्साह सतर्कता का प्रदर्शन किया, जिसे सभी स्तरों पर नागरिकों, पंचायतों तथा अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से सफलतापूर्वक पूरा किया गया है।  पंचायती राज मंत्रालय के सचिव ने 12 सितंबर, 2024 को जारी किये गए एक संयुक्त परामर्श में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (डीडीडब्ल्यूएस), जल शक्ति मंत्रालय के सचिव तथा ग्रामीण विकास मंत्रालय में ग्रामीण विकास विभाग (डीओआरडी) के सचिव के साथ मिलकर सभी पंचायती राज संस्थानों और ग्रामीण स्थानीय निकायों से स्वच्छता ही सेवा अभियान-2024 में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की। परामर्श के अनुसार स्वच्छता को विस्तार देने तथा लोगों की भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सुझाई गई गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की गई है और साथ ही अभियान की विषय-वस्तु “स्वभाव स्वच्छता, संस्कार स्वच्छता” के अनुरूप व्यवहार में बदलाव लाने को प्रोत्साहित किया गया है। आयोजित की गई प्रमुख गतिविधियों में बड़े पैमाने पर स्वच्छता अभियान, सफाई मित्र सुरक्षा शिविर, सांस्कृतिक उत्सव, स्वच्छ स्ट्रीट फूड तथा व्यापक जन भागीदारी और सहयोग शामिल हैं।

श्री विवेक भारद्वाज ने 13 सितंबर, 2024 को केंद्रीय आवास और शहरी कार्य तथा विद्युत मंत्री श्री मनोहर लाल; केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री सी. आर. पाटिल; राज्य मंत्रियों, सचिवों मिशन निदेशकों के साथ स्वच्छता ही सेवा अभियान-2024 के उद्घाटन कार्यक्रम में भाग लिया। पूर्वावलोकन कार्यक्रम के दौरान, केंद्रीय पंचायती राज मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ​​लल्लन सिंह का संदेश (https://youtu.be/_T0PrEOK0W8) भी प्रसारित किया गया, जिससे राष्ट्रव्यापी अभियान की रूपरेखा तैयार हुई। केंद्रीय मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह ने पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों से अपने आदर्श आचरण और नेतृत्व के माध्यम से स्वच्छता के संदेश को बढ़ावा देकर ग्रामीण भारत में स्वच्छता ही सेवा अभियान का नेतृत्व करने का आह्वान किया। श्री विवेक भारद्वाज ने स्वच्छता ही सेवा अभियान में त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। इस अवसर पर एक उल्लेखनीय बात यह रही कि उत्तर प्रदेश के लखनऊ जिले के माल ब्लॉक के अटारी ग्राम पंचायत की ग्राम प्रधान श्रीमती संयोगिता सिंह चौहान ने केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल के साथ बातचीत की। श्रीमती चौहान ने अपनी ग्राम पंचायत द्वारा की गई महत्वपूर्ण स्वच्छता गतिविधियों को साझा किया और "स्वभाव स्वच्छता, संस्कार स्वच्छता" विषय के अंतर्गत इस वर्ष के अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए अपनी पंचायत की प्रतिबद्धता की पुष्टि की।

श्री विवेक भारद्वाज ने अभियान की अगुवाई में 5 सितंबर, 2024 को “एक पेड़ मां के नाम” पहल के तहत नई दिल्ली में इंडिया गेट के पास चिल्ड्रेन पार्क में एक रुद्राक्ष (इलियोकार्पस गैनिट्रस) का पौधा लगाया और इसे अपनी मां को समर्पित किया। आर्थिक सलाहकार डॉ. बिजय कुमार बेहरा और संयुक्त सचिव श्री विकास आनंद सहित मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी इस वर्ष स्वच्छता ही सेवा अभियान के दौरान क्रमशः ओडिशा तथा महाराष्ट्र में इसी प्रकार की वृक्षारोपण गतिविधियों में भाग लिया। अभियान के एक हिस्से के रूप में 17 सितंबर, 2024 को पंचायती राज मंत्रालय के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों (नियमित, संविदा आउटसोर्स) को स्वच्छता शपथ दिलाई गई, जिससे स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के प्रति मंत्रालय की अटूट प्रतिबद्धता को बढ़ावा मिला है।

***

एमजी/आरपीएम/केसी/एनके/डीके



(Release ID: 2061231) Visitor Counter : 117


Read this release in: English , Urdu