सूचना और प्रसारण मंत्रालय
केंद्रीय संचार ब्यूरो ने नई दिल्ली के राष्ट्रीय रेल संग्रहालय में प्रथम राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाने के लिए मल्टीमीडिया प्रदर्शनी का आयोजन किया
आभासी वास्तविकता (वीआर) और संवर्धित वास्तविकता (एआर) सहित अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी मॉड्यूल गहन अनुभव प्रदान करते हैं
प्रविष्टि तिथि:
23 AUG 2024 6:49PM by PIB Delhi
सूचना और प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) द्वारा "राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस" की पहली वर्षगांठ मनाने के लिए आज नई दिल्ली के चाणक्यपुरी में राष्ट्रीय रेल संग्रहालय में तीन दिवसीय मल्टीमीडिया प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। प्रदर्शनी अंतरिक्ष अन्वेषण में भारत की उल्लेखनीय उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए आयोजित की गई है और इसका उद्देश्य युवा विद्यार्थियों की जिज्ञासा को प्रेरित और प्रज्वलित करना है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने चंद्रमा पर उतरने वाला चौथा राष्ट्र बनने की गौरवशाली उपलब्धि का सम्मान करते हुए घोषणा की थी कि अब से प्रत्येक वर्ष 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के रूप में मनाया जाएगा। प्रज्ञान रोवर की सॉफ्ट लैंडिंग ने भारत को ऐसी क्षमता वाले विशिष्ट राष्ट्रों के समूह में शामिल कर दिया था।

बच्चों को प्रेरित और प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से, केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) ने प्रदर्शनी लगाई है जिसमें आभासी वास्तविकता (वीआर) और संवर्धित वास्तविकता (एआर) सहित अत्याधुनिक तकनीकी मॉड्यूल हैं, जो दर्शकों के लिए एक गहन अनुभव प्रदान करते हैं। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी प्रदर्शनी देखने आ रहे हैं।

राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस की पहली वर्षगांठ का विषय "चन्द्रमा को छूते हुए जीवन को छूना: भारत की अंतरिक्ष गाथा" है।
***
एमजी/एआर/आरपी/एमकेएस
(रिलीज़ आईडी: 2048297)
आगंतुक पटल : 215