नागरिक उड्डयन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

मंत्रिमंडल ने बागडोगरा और बिहटा हवाई अड्डों पर प्रमुख नागरिक उड्डयन बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को मंजूरी दी


बागडोगरा और बिहटा हवाई अड्डों पर सिविल एन्क्लेव परियोजनाओं का उद्देश्य भविष्य की जरूरतों को पूरा करना और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को बढ़ावा देना है- श्री राममोहन नायडू

Posted On: 16 AUG 2024 9:49PM by PIB Delhi

आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीईए) ने आज बागडोगरा और बिहटा हवाई अड्डों पर नए सिविल एन्क्लेव के विकास को मंजूरी दे दी है। कैबिनेट के फैसले पर खुशी जताते हुए केंद्रीय नागर विमानन मंत्री श्री राममोहन नायडू ने कहा, "मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि कैबिनेट ने दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है, जो बागडोगरा और बिहटा हवाई अड्डों की क्षमता और दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि करेंगी। 2962.00 करोड़ रुपये के संयुक्त निवेश वाली ये परियोजनाएं क्षेत्रीय कनेक्टिविटी में सुधार और पूरे भारत में हवाई यात्रा की बढ़ती मांग को पूरा करने की हमारी व्यापक रणनीति का एक अभिन्न अंग हैं।"

बागडोगरा में नए सिविल एन्क्लेव, 1549.00 करोड़ रुपये के निवेश के साथ, 3,000 पीक ऑवर पैसेंजर्स (पीएचपी) के लिए डिज़ाइन किया गया 70,390 वर्ग मीटर का टर्मिनल और 10 मिलियन यात्रियों की वार्षिक क्षमता प्रदान करेगा। इस परियोजना में ए-321 प्रकार के विमानों के लिए 10 पार्किंग बे, दो लिंक टैक्सीवे और एक बहु-स्तरीय कार पार्किंग सुविधा के साथ एक एप्रन का निर्माण शामिल है। टर्मिनल एक ग्रीन बिल्डिंग होगी, जिसमें नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों को शामिल किया जाएगा और स्थिरता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता के अनुरूप प्राकृतिक प्रकाश को अधिकतम किया जाएगा।

पटना हवाई अड्डे पर बढ़ते यातायात को ध्यान में रखते हुए, बिहटा हवाई अड्डे पर एक नई नागरिक उड्डयन सुविधा का रणनीतिक निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना के तहत बनने वाला नया टर्मिनल 1413 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा और यह 66,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनेगा। इसे एक समय में 3,000 (पीक ऑवर) यात्रियों की क्षमता और 5 मिलियन की वार्षिक यात्री प्रबंधन क्षमता के साथ लॉन्च किया जाएगा। वार्षिक क्षमता को 10 मिलियन तक विस्तारित किया जाएगा। इस परियोजना में A-321/B-737-800/A-320 प्रकार के विमानों के लिए 10 पार्किंग बे और दो टैक्सीवे शामिल हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि "ये परियोजनाएं सिर्फ बुनियादी ढांचे के विस्तार के बारे में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि ये लोगों की भविष्य की जरूरतों को पूरा करने और आसपास के क्षेत्रों के आर्थिक विकास में योगदान देने की दूरदर्शिता का प्रतिनिधित्व करते हैं। हम इन परियोजनाओं को समय पर और उच्चतम मानकों के साथ पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम इन्हें वर्तमान और भविष्य की मांगों को पूरा करने के लिए डिजाइन कर रहे हैं।"

**********

एमजी/एआर/आरपी/डीवी 


(Release ID: 2048066)
Read this release in: English , Urdu , Telugu