खान मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

खान मंत्रालय कल राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन पर बजट सेमिनार का आयोजन करेगा

Posted On: 13 AUG 2024 6:04PM by PIB Delhi

भारत सरकार के खान मंत्रालय को 14 अगस्त 2024 को नई दिल्ली के मान सिंह रोड एरिया के साउथ ब्लॉक में स्थित ताज महल होटल में “राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन” पर एक बजट सेमिनार के आयोजन की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है।

यह पहल केन्द्रीय बजट 2024-25 का एक हिस्सा है, जिसमें केन्द्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण ने राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन के बारे में जानकारी दी। इस मिशन को देश की आर्थिक प्रगति और शुद्ध-शून्य उत्सर्जन वाली अर्थव्यवस्था में परिवर्तन हेतु आवश्यक कच्चे माल के मामले में आत्मनिर्भरता हासिल करने की दिशा में भारत की यात्रा को आगे बढ़ाने हेतु डिज़ाइन किया गया है।

राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन का उद्देश्य सभी चरणों - अन्वेषण एवं खनन से लेकर लाभकारी, प्रसंस्करण और अंतिम उत्पादों से पुनर्प्राप्ति तक - में भारत की महत्वपूर्ण खनिजों की मूल्य श्रृंखला को मजबूत करना है। इस मिशन का लक्ष्य महत्वपूर्ण खनिजों की औद्योगिक मांगों को पूरा करने के मामले में आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करना है।

यह बजट सेमिनार उद्योग जगत की हस्तियों, रचनात्मक स्टार्टअप, सरकारी अधिकारियों, वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों और नीति विशेषज्ञों सहित विभिन्न हितधारकों को एक साथ लाएगा। इसके विभिन्न सत्रों में कई प्रमुख विषयों पर गहन चर्चा और संवादात्मक आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया जायेगा, जिनमें शामिल हैं:

• महत्वपूर्ण खनिजों की घरेलू अन्वेषण और उत्पादन को प्रोत्साहित करने की रणनीतियां

• विदेशों में महत्वपूर्ण खनिज परिसंपत्तियों का अधिग्रहण

• व्यापार और स्टॉक प्रबंधन

• अनुसंधान और विकास संबंधी जरूरतें

• कौशल संबंधी आवश्यकताएं

• महत्वपूर्ण खनिजों के पुनर्चक्रण के लिए उत्पादन से जुड़े प्रोत्साहन  

इस सेमिनार का प्राथमिक उद्देश्य सार्थक संवाद और सहयोग को बढ़ावा देना है, जिसकी परिणति राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन के लिए एक सर्वांगीण रणनीति में होगी। इससे इस मिशन का प्रभावी कार्यान्वयन और इसके प्रमुख उद्देश्यों की प्राप्ति सुनिश्चित होगी।

खान मंत्रालय भारत के महत्वपूर्ण खनिज क्षेत्र के भविष्य को आकार देने में मदद करने हेतु सभी संबंधित हितधारकों को इस महत्वपूर्ण सेमिनार में शामिल होने के लिए आमंत्रित करता है।

****

एमजी/एआर/आर/डीवी



(Release ID: 2045022) Visitor Counter : 150


Read this release in: English , Urdu , Hindi_MP , Tamil