रक्षा मंत्रालय
भारतीय नौसेना ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) – 2024 का उत्सव मनाया
हिंद महासागर क्षेत्र और पश्चिमी प्रशांत महासागर में तैनात भारतीय नौसेना के युद्धपोतों ने समुद्र एवं विदेशी बंदरगाहों पर योग सत्र का आयोजन किया
Posted On:
21 JUN 2024 6:05PM by PIB Delhi
भारतीय नौसेना के जवानों द्वारा 21, जून 2024 की सुबह 10वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई 24) नौसेना के जहाजों व तटीय प्रतिष्ठानों पर "स्वयं और समाज के लिए योग" की विषय-वस्तु के साथ मनाया गया। नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी और नौसेना कल्याण एवं आरोग्य संगठन की अध्यक्षा श्रीमती शशि त्रिपाठी ने नई दिल्ली के चाणक्य बाग में आयोजित योग सत्र में भाग लिया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह के एक भाग के रूप में समुद्र में नौसेना के जहाजों पर तथा विदेशी बंदरगाहों सहित अन्य स्थानों पर सामान्य योग प्रोटोकॉल सत्र आयोजित किए गए। इस दिन विशेष रूप से आयोजित योग कार्यक्रमों में असैन्य रक्षा कर्मचारियों सहित नौसेना कर्मियों तथा उनके परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। मित्र देशों की नौसेनाओं के प्रशिक्षुओं ने भी योग दिवस की गतिविधियों में तन्मयता के साथ भाग लिया।
हिंद महासागर क्षेत्र और पश्चिमी प्रशांत महासागर में तैनात भारतीय नौसेना के युद्धपोतों ने समुद्र में तथा विदेशी बंदरगाहों पर योग सत्र आयोजित किए। भारतीय पोत कोलकाता और तबर ने जिबूती में, सुनयना ने मॉरीशस के पोर्ट लुइस में, तरकश ने ओमान के सलालाह में, कामोर्टा ने श्रीलंका के त्रिंकोमाली में और सरयू ने इंडोनेशिया के बेलावान में अपने-अपने लंगर वाले बंदरगाहों पर योग सत्र आयोजित किए, जिससे महासागरों के पार भी योग की भावना पहुंच गई।
शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने में योग की महत्ता को स्वीकार करते हुए अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पहले 11 जून, 2024 से ही सभी नौसेना स्टेशनों पर दैनिक रूप से योग सत्र आयोजित किए गए। इसके अलावा, योग से संबंधित प्रश्नोत्तरी, पोस्टर बनाने और ड्राइंग प्रतियोगिताएं तथा योग को जीवन शैली के रूप में अपनाने के लिए विभिन्न नौसेना इकाइयों में योग विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान भी आयोजित किए गए। स्वस्थ जीवनशैली हेतु योग अभ्यासों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अधिकांश प्रतिष्ठानों/कार्यालयों में सामान्य कार्यालयी समय-सारणी के दौरान भारतीय नौसेना के विभागों में भी योग का आयोजन किया गया।
नौसेना कल्याण एवं आरोग्य संगठन द्वारा सभी प्रमुख नौसेना केंद्रों पर महिलाओं और नौसेना कर्मियों के परिवारों के लिए योग को जीवनशैली के रूप में अपनाने हेतु विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पिछले 10 दिनों की अवधि में रक्षा असैन्य कर्मियों सहित भारतीय नौसेना के कर्मचारियों और उनके परिवारों ने इस वर्ष के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की विषय-वस्तु - 'स्वयं और समाज के लिए योग' की सच्ची भावना को आत्मसात करते हुए योग संबंधी गतिविधियों में पूरी तन्मयता से भाग लिया।

*****
एमजी/एआर/एनके/एजे
(Release ID: 2027747)