सामाजिक न्‍याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

पं. दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय शारीरिक दिव्याङ्गजन संस्थान द्वारा उत्साह के साथ मनाया गया 10वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

Posted On: 21 JUN 2024 6:44PM by PIB Delhi

पं. दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय शारीरिक दिव्याङ्गजन संस्थान (पीडीयूएनआईपीपीडी) ने 10वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक उत्कृष्ट समारोह का आयोजन किया। इस वर्ष के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह का विषय समावेशी और सक्षम समाज के लिए भारत सरकार के लोकाचार निर्देशों का सम्मान करते हुए "स्वयं और समाज के लिए योग" है। नई दिल्ली के बाराखंभा रोड स्थित मॉडर्न स्कूल में आयोजित इस कार्यक्रम में 550 दिव्याङ्ग व्यक्तियों (दिव्यांगजनों) के साथ-साथ 200 से अधिक कर्मचारी और विद्यार्थी एकत्रित हुए, जो स्वास्थ्य, कल्याण और समावेशिता को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से एक उल्लेखनीय कार्यक्रम था।

इस कार्यक्रम में भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय में राज्य मंत्री श्री बी.एल. वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के सचिव श्री राजेश अग्रवाल भी मुख्य अतिथि के रूप में इस कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित करके की गई।

केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री बी.एल. वर्मा ने अपने संबोधन में लोगों की बड़ी भागीदारी पर विशेष प्रसन्नता व्यक्त की और दिव्यांगजनों के जीवन पर योग के परिवर्तनकारी प्रभाव पर प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता में उनके अमूल्य योगदान के लिए सभी प्रतिभागियों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के निरंतर सहयोग की भी प्रशंसा की। श्री वर्मा ने इस बात पर बल दिया कि योग केवल एक शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि एक समग्र अनुशासन है जो शरीर, मन और आत्मा को सामंजस्य बनाने के लिए श्वास तकनीक, ध्यान और सचेत गति को एकीकृत करता है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि नियमित अभ्यास से योग लचीलापन, शक्ति और समग्र शारीरिक फिटनेस को बढ़ाता है।

समारोह में प्रमाणित योग प्रशिक्षकों द्वारा योगासनों के प्रेरक प्रदर्शन प्रस्तुत किए गए, जिनमें दिव्याङ्गजनों सहित सभी व्यक्तियों के लिए योग की सुलभता और लाभ को प्रदर्शित किया गया। 

इस कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने पं. दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय शारीरिक दिव्याङ्गजन संस्थान (पीडीयूएनआईपीपीडी)(डी) द्वारा उपलब्ध कराई गई अनुकूलित टी-शर्ट पहन रखी थीं, जिससे यह कार्यक्रम एक एकीकृत रूप में दिखाई दिया।

पं. दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय शारीरिक दिव्याङ्गजन संस्थान (पीडीयूएनआईपीपीडी) में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह ने एकता, स्वास्थ्य और समावेशिता की भावना को प्रदर्शित किया, जो संयुक्त राष्ट्र द्वारा शुरू किए गए इस वैश्विक कार्यक्रम के व्यापक लक्ष्यों के साथ प्रतिध्वनित होता है।

****

एमजी/एआर/आरपी/एमकेएस/डीके


(Release ID: 2027719)
Read this release in: English , Urdu