कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय

भारत के लोकपाल के तीन सदस्यों ने शपथ ली, भारत के लोकपाल कार्यालय में अब अध्यक्ष सहित नौ सदस्यों की पूर्णक्षमता उपलब्ध

Posted On: 12 MAR 2024 7:12PM by PIB Delhi

भारत के लोकपाल के अध्यक्ष, न्यायमूर्ति श्री अजय माणिकराव खानविलकर ने आज सुबह 11:00 बजे नई दिल्ली स्थित भारत के लोकपाल परिसर में आयोजित एक समारोह में निम्नलिखित लोगों को न्यायिक सदस्य और भारत के लोकपाल के सदस्य के रूप में पद की शपथ दिलाई:

न्यायिक सदस्य

  1. श्री न्यायमूर्ति लिंगप्पा नारायण स्वामी
  2. श्री न्यायमूर्ति संजय यादव

सदस्य

  1. श्री सुशील चन्द्र

श्री न्यायमूर्ति लिंगप्पा नारायण स्वामी, भारत के लोकपाल के न्यायिक सदस्य के रूप में योगदान देने से पहले, हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश थे और कर्नाटक उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश हैं।

श्री न्यायमूर्ति संजय यादव, भारत के लोकपाल के न्यायिक सदस्य के रूप में योगदान देने से पहले, इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश थे और इलाहाबाद उच्च न्यायालय और मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश हैं।

श्री सुशील चंद्रा 1980 बैच के आईआरएस (आईटी) अधिकारी हैं। भारत के लोकपाल के सदस्य के रूप में योगदान देने से पहले, वह भारत के 24वें मुख्य चुनाव आयुक्त थे और पहले केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे।

आज तीन नए सदस्यों के शपथ ग्रहण के साथ, भारत के लोकपाल कार्यालय में अब अध्यक्ष सहित नौ सदस्यों की पूर्णक्षमता उपलब्ध हो गई है।

(बाएं से दाएं) श्री न्यायमूर्ति संजय यादव, न्यायिक सदस्य; श्री महेंद्र सिंह, सदस्य; श्री डी.के. जैन, सदस्य; श्री न्यायमूर्ति पी.के. मोहंती, न्यायिक सदस्य; श्री न्यायमूर्ति अजय माणिकराव खानविलकर, अध्यक्ष; श्रीमती न्यायमूर्ति अभिलाषा कुमारी, न्यायिक सदस्य; श्रीमती अर्चना रामसुंदरम, सदस्य; श्री न्यायमूर्ति लिंगप्पा नारायण स्वामी, न्यायिक सदस्य; श्री सुशील चंद्रा, सदस्य

आज के समारोह में लोकपाल के सदस्य, न्यायमूर्ति हेमंत गुप्ता, अध्यक्ष, भारत अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता केंद्र (आईआईएसी), न्यायमूर्ति इंदरमीत कौर कोचर, सदस्य, महानदी जल विवाद न्यायाधिकरण (एमडब्ल्यूडीटी), न्यायमूर्ति रवि रंजन, सदस्य (एमडब्ल्यूडीटी), श्री प्रवीण कुमार श्रीवास्तव, केंद्रीय सतर्कता आयुक्त, श्री अरविंद कुमार, सतर्कता आयुक्त और सीबीआई एवं ईडी के वरिष्ठ अधिकारीभी उपस्थित थे।

***

एमजी/एआर/आर

 



(Release ID: 2013930) Visitor Counter : 328


Read this release in: English , Urdu , Marathi