खान मंत्रालय
खान मंत्रालय ने महत्वपूर्ण खनिजों की नीलामी के लिये रोड़शो आयोजित किया
प्रविष्टि तिथि:
08 FEB 2024 1:35PM by PIB Delhi
भारत सरकार के खान मंत्रालय ने अति महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिजों की पहली नीलामी की सफलता के लिये तैयारी करते हुये 07 फरवरी 2024 को भुवनेश्वर में रोड़ शो का आयोजन किया। इस नीलामी की शुरूआत केन्द्रीय संसदीय कार्य, कोयला और खान मंत्री श्री प्रहलाद जोशी ने 29 नवंबर 2023 को की थी।
रोड़ शो में प्राधिकृत अधिकारी और खान मंत्रालय में संयुक्त सचिव डा. वीणा कुमारी डेरमल, नाल्को के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) श्री श्रीधर पात्रा उपस्थित थे। कार्यक्रम में खान मंत्रालय और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, बोली लगाने वाले, उद्योग सलाहकार और अन्वेषण एजेंसियों ने भी भाग लिया।
इस पहली किस्त में, कुल मिलाकर 20 अति महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिज ब्लाक की नीलामी की जा रही है जिनमें 16 के लिये समग्र लाइसेंस दिया जायेगा जबकि 4 के लिये खनन पट्टा दिया जायेगा। खनिजों में ग्रेफाइट, ग्लूकोनाइट, लिथियम, आईईई, मोलिबेडनम, निकेल, पोटाश, पीजीई और फास्फोराइट शामिल हैं। ये ब्लाक बिहार, छत्तीसगढ़, गुंजरात, झारखंड, ओड़ीशा, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और संघ शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर में फैले हुये हैं। इन 20 खनिज ब्लाक में से 4 ब्लाक ओड़ीशा में स्थित हैं। रोड़ शो का आयोजन संभावित बोलीदाताओं के साथ क्षेत्रीय स्तर पर संपर्क साधने के लिये किया गया।
रोड़ शो का उद्देश्य संभावित बोलीदाताओं को नीलामी प्रक्रिया के बारे में जानकारी देना है। नाल्को के सीएमडी श्री श्रीधर पात्रा ने आधुनिक तकनीक, आर्थिक वृद्धि और राष्ट्रीय सुरक्षा में महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिजों की प्रमुख भूमिका पर जोर देते हुये उनके विविध औद्योगिक उपयोगों पर प्रकाश डाला।
एसबीआई कैपिटल मार्किट्स लिमिटेड, के लेनदेन सलाहकार, एमईसीएल (मिनरल एक्सप्लोरेशन कार्पोरेशन लिमिटेड) के तकनीकी परामर्शदाता और एमएसटीसी (मेटल स्क्रैप ट्रेड कार्पोरेशन) के ई-नीलामी मंच प्रदाता ने प्रस्तुतीकरण दिये जिनमें उन्होंने नीलामी प्रक्रिया का पूरा विवरण, बोली सौंपने के तकनीकी पहलुओं और पंजीकरण प्रक्रिया के साथ ही 20 ब्लाॅक का तकनीकी ब्यौरा सबके सामने रखा।
खान मंत्रालय में संयुक्त सचिव और प्राधिकृत अधिकारी डा. वीणा डेरमल ने अपने समापन संबोधन में अति महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिजों की प्रमुख भूमिका पर पुनः जोर दिया। उन्होंने हाल के संशोधनों का मसौदा तैयार करने और महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिजों की नीलामी को सुविधाजनक बनाने के लिये भविष्य के कदमों की योजना तैयार करने में खान मंत्रालय द्वारा निभाई जा रही भूमिका के बारे में भी बताया।

डा. डेरमल ने कहा कि अर्जेंटीना के काटामार्का प्रांत में पांच लीथियम ब्लाक के दोहन के बाद अर्जेंटीना के सरकारी उद्यम और केएबीआईएल के बीच खोज के लिये एक समझौते पर हस्ताक्षर होने के साथ खान मंत्रालय ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। यह भारत की किसी भी सरकारी कंपनी द्वारा लीथियम खोज और खनन परियोजना के लिये किया गया अब तक का पहला समझौता है। इसके अलावा उन्होंने डाउनस्ट्रीम उद्योगों तक महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिजों की आपूर्ति श्रृंखला सुनिश्चित करने के लिये अंतरराष्ट्रीय और घरेलू मोर्चे पर भारत सरकार द्वारा की गई कार्रवाई के बारे में विस्तार से बताया।
निविदा दस्तावेजों की बिक्री के लिये अंतिम तिथि 13 फरवरी 2024 है और बोली सौंपने की अंतिम तिथि 20 फरवरी 2024 है। उसके बाद ई- नीलामी बोलियां शुरू होंगी। विस्तृत जानकारी एमएसटीसी नीलामी मंच www.mstcecommerce.com/auctionhome/mlcl/index.jsp पर उपलब्ध है।
---
एमजी/एआर/एमएस/डीके-
(रिलीज़ आईडी: 2004025)
आगंतुक पटल : 213