पर्यटन मंत्रालय
वाइब्रेंट विलेजेज कार्यक्रम के अंतर्गत सीमावर्ती गांवों के सरपंचों ने लाल किले पर आयोजित भारत पर्व का दौरा किया
Posted On:
27 JAN 2024 5:30PM by PIB Delhi
वाइब्रेंट विलेजेज कार्यक्रम के अंतर्गत आज सीमावर्ती गांवों के 400 सरपंचों और उप-सरपंचों ने लाल किले पर आयोजित भारत पर्व का दौरा किया। पर्यटन मंत्रालय ने 27 जनवरी, 2024 को अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के सीमावर्ती गांवों से आये सरपंचों और उप-सरपंचों की मेजबानी की।
केन्द्र सरकार और गृह मंत्रालय के नेतृत्व में वाइब्रेंट विलेजेज कार्यक्रम हमारे सीमावर्ती गांवों के लिए एक सतत विकास कार्यक्रम है। पर्यटन मंत्रालय भारत के इन पहले गांवों की पर्यटन क्षमता को साकार करने और उन्हें वास्तव में जीवंत बनाने के लिए इस कार्यक्रम के माध्यम से काम कर रहा है। आज, इन ग्राम प्रतिनिधियों के लिए भारत पर्व यात्रा की व्यवस्था की गई थी।


पर्यटन मंत्रालय की महानिदेशक श्रीमती मनीषा सक्सेना ने भारत पर्व में अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्राम प्रतिनिधियों को वाइब्रेंट विलेजेज कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी और बताया कि पर्यटन मंत्रालय इन गांवों को वास्तव में जीवंत बनाने के लिए किस तरह के प्रयास कर रहा है। पर्यटन मंत्रालय पर्यटन की संभावना वाले चुनिंदा जीवंत गांवों पर एक सूचना विवरणिका भी तैयार कर रहा है। इस अवसर पर विवरणिका का आवरण पृष्ठ लॉन्च किया गया।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 23 जनवरी, 2023 को पराक्रम दिवस के अवसर पर भारत पर्व 2024 का उद्घाटन किया। यह नौ दिवसीय भारत पर्व देश की बहुविध समृद्ध संस्कृति को प्रदर्शित करता है।
***.*
एमजी/एआर/वीएलके/एसएस
(Release ID: 2000347)