सूचना और प्रसारण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

सच्चा लोकतंत्र तब होता है जब सरकार जनता के दरवाजे तक पहुंचती है : श्री अनुराग सिंह ठाकुर


विकसित भारत संकल्प यात्रा एक महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंच गई है और यात्रा बारह करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंच चुकी है: श्री अनुराग सिंह ठाकुर

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा युवा मामले एवं खेल मंत्री श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने मुंबई के बायकुला में विकसित भारत संकल्प यात्रा वैन को हरी झंडी दिखाई

प्रविष्टि तिथि: 11 JAN 2024 4:06PM by PIB Delhi

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा युवा मामले एवं खेल मंत्री श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आज मुंबई के बायकुला में विकसित भारत संकल्प यात्रा वैन को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने विकसित भारत संकल्प यात्रा और यात्रा का हिस्सा बनने के लिए उपस्थित सभी लोगों को धन्यवाद दिया।

“यात्रा देश के हर कोने का दौरा कर रही है। विकसित भारत संकल्प यात्रा से बारह करोड़ से अधिक लोग जुड़ चुके हैं। इसके माध्यम से उन्हें योजनाओं की जानकारी मिली है और उन्हें केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिला है।'' श्री ठाकुर ने इसके लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद दिया।

श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने बताया कि विकसित भारत संकल्प यात्रा दो लाख से अधिक पंचायतों और चार हजार से अधिक शहरी स्थानीय निकायों तक पहुंचेगी। यात्रा का उद्देश्य कमजोर वर्ग और सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के पात्र लोगों तक पहुंचना और उन्हें सरकारी योजनाओं से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान लोगों को विभिन्न योजनाओं में शामिल करने के लिए स्टॉल लगे हैं और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए पत्रक व अन्य सामग्रियां उपलब्ध हैं।

पहल के उद्देश्य को समझाते हुए केंद्रीय मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि जब सरकार लोगों के दरवाजे तक पहुंचती है, तो वास्तविक लोकतंत्र का एहसास होता है और विकसित भारत संकल्प यात्रा में यही हो रहा है। विकसित भारत संकल्प यात्रा वैन और स्टॉल के माध्यम से सरकारी योजनाओं के लिए नामांकन बहुत आसान हो गया है। नागरिकों को सूचित करना और उनमें जागरूकता पैदा करना सरकार का काम है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भी यही करता है। सूचना ब्रोशर, पुस्तिकाएं और पर्चे विभिन्न योजनाओं का विवरण दे रहे हैं, जबकि कैलेंडर नए संसद भवन, भारत मंडपम और कर्तव्यपथ जैसी नई संरचनाओं की तस्वीरों के माध्यम से नए भारत का चेहरा गर्व से प्रदर्शित कर रहा है।

सरकार के हालिया प्रयासों के बारे में बात करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि सरकार अपने संचालन और जन कल्याण योजनाओं के वितरण में अधिक दक्षता और पारदर्शिता लायी है। आरएनआई पंजीकरण प्रणाली को डिजिटल कर दिया गया है और फिल्म प्रमाणीकरण को भी ऑनलाइन कर दिया गया है। सरकार ने डिजिटलीकरण को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठाए हैं। आज वैश्विक डिजिटल भुगतान (लेन-देन) का चालीस प्रतिशत भारत में होता है। छोटे व्यापारी और रेहड़ी-पटरी वाले भी डिजिटल भुगतान तकनीक का उपयोग कर रहे हैं।

श्री अनुराग ठाकुर ने सरकार के कल्याणकारी दर्शन को समझाते हुए कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के योजनाओं का लाभ देती है। यह "सबका साथ, सबका विकास" के मंत्र पर चल रहा है।

उपस्थित लोगों से भारत की विकास गाथा का हिस्सा बनने का आग्रह करते हुए श्री ठाकुर ने कहा, “हम 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाना चाहते हैं। मैं सभी से इसे सुविधाजनक बनाने के लिए माय भारत पोर्टल के साथ जुड़ने की अपील करता हूं। आप स्वयंसेवक बनकर विभिन्न चीजें सीख और अनुभव कर सकते हैं। आज डेढ़ महीने से भी कम समय में माय भारत ऐप से एक करोड़ से ज्यादा लोग जुड़ चुके हैं और देश की प्रगति के लिए तैयार हैं। कल प्रधानमंत्री नासिक से राष्ट्रीय युवा दिवस का उद्घाटन करेंगे और उन युवाओं को संबोधित करेंगे जो अपने जीवन के अगले पच्चीस वर्ष एक विकसित राष्ट्र के लिए समर्पित कर रहे हैं। प्रधानमंत्री महाराष्ट्र में नई और महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे। गौरतलब है कि सरकार द्वारा किये जा रहे सभी अच्छे कार्य आप जैसे जागरूक नागरिकों के माध्यम से समाज के सभी वर्गों तक पहुंच रहे हैं, जिसके माध्यम से यह गरीबों और जरूरतमंदों तक पहुंच सकता है। यह एक मील का पत्थर है कि विकसित भारत संकल्प यात्रा बारह करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंच चुकी है। हम 26 जनवरी तक अठारह करोड़ का आंकड़ा पार कर लेंगे। आज़ाद भारत में शायद यह पहली बार है कि कोई सरकार विकसित भारत का संदेश लेकर लोगों के दरवाजे पर आई है।''

इस अवसर पर महाराष्ट्र सरकार के कौशल, रोजगार, उद्यमिता और नवाचार मंत्री श्री मंगल प्रभात लोढ़ा, बायकुला विधानसभा सदस्य सुश्री यामिनी जाधव और विधायक श्री आशीष शेलार भी उपस्थित थे।

*****

एमजी/एआर/आरपी/डीवी


(रिलीज़ आईडी: 1999062) आगंतुक पटल : 172
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi