रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारतीय सशस्त्र बलों की एक टुकड़ी संयुक्त सैन्य अभ्यास "विनबैक्स 2023" के लिए हनोई पहुंची

प्रविष्टि तिथि: 11 DEC 2023 12:11PM by PIB Delhi

भारतीय सशस्त्र बलों के 45 कर्मियों की एक टुकड़ी संयुक्त सैन्य अभ्यास विनबैक्स 2023 के चौथे संस्करण में भाग लेने के लिए वियतनाम के हनोई पहुंची है। यह अभ्यास 11 से 21 दिसंबर 2023 तक हनोई, वियतनाम में आयोजित किया जाएगा। भारतीय दल में बंगाल इंजीनियर ग्रुप की एक इंजीनियर रेजिमेंट के 39 कर्मी और आर्मी मेडिकल कोर के छह कर्मी शामिल हैं। वियतनाम पीपुल्स आर्मी की टुकड़ी का प्रतिनिधित्व भी 45 कर्मियों द्वारा किया जाएगा।

विनबैक्स अभ्यास 2018 में शुरू किया गया था और इसका पहला संस्करण मध्य प्रदेश के जबलपुर में आयोजित किया गया था। यह भारत और वियतनाम में बारी-बारी से आयोजित होने वाला एक वार्षिक प्रशिक्षण कार्यक्रम है। पिछला संस्करण अगस्त 2022 में चंडी मंदिर मिलिट्री स्टेशन में आयोजित किया गया था।

अभ्यास का उद्देश्य शांति स्थापना संचालन पर संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अध्याय VII के तहत दोनों पक्षों के बीच आपसी सहयोग और सर्वोत्तम अभ्यास साझाकरण को बढ़ावा देना है। यह अभ्यास एक कमांड पोस्ट अभ्यास सह फील्ड प्रशिक्षण अभ्यास के रूप में आयोजित किया जाएगा जो एक इंजीनियर कंपनी और मेडिकल टीम की तैनाती और काम पर केंद्रित होगा।

संयुक्त अभ्यास से विचारों के आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा और दोनों टीमें संयुक्त रूप से रणनीति, तकनीक और प्रक्रियाओं का अभ्यास करेंगी। परिचालन क्षेत्रों में सड़कों, पुलों, हेलीपैड, गोला-बारूद भंडारण स्थलों और अवलोकन चौकियों के निर्माण के नवीन तरीकों पर विचारों का आदान-प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा कॉम्बैट इंजीनियरिंग और कॉम्बैट मेडिकल ऑपरेशंस से जुड़े अभ्यासों की रिहर्सल भी की जाएगी।

यह अभ्यास एक सत्यापन अभ्यास के साथ समाप्त होगा, जिसमें दोनों टुकड़ियों द्वारा हासिल किए गए मानकों को प्रस्तुत किया जाएगा। दोनों पक्ष संयुक्त राष्ट्र सैनिकों की विश्वव्यापी तैनाती जैसे परिदृश्यों में तकनीकी सैन्य अभियान चलाएंगे।

संयुक्त अभ्यास से दोनों सेनाओं के बीच आपसी समझ और सहयोग को बढ़ावा देने और मित्र सेनाओं के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।

********

एमजी/एआर/आरपी/डीवी


(रिलीज़ आईडी: 1988015) आगंतुक पटल : 667
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu