विद्युत मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

राज्य-विशिष्ट ऊर्जा पारगमन लक्ष्यों को अर्जित करने और सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए राज्य स्तरीय ऊर्जा पारगमन समितियां

प्रविष्टि तिथि: 15 DEC 2023 1:16PM by PIB Delhi

केंद्रीय विद्युत और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री ने सूचित किया है कि भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय ने राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में ऊर्जा पारगमन उपायों को बढ़ावा देने के लिए मई 2022 में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में ऊर्जा पारगमन पर एक राज्य स्तरीय संचालन समिति (एसएलएससी) स्थापित करने के लिए राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों से अनुरोध किया है। उपरोक्त समिति के सदस्यों के रूप में बिजली, नई और नवीकरणीय ऊर्जा, आवास और शहरी विकास, उद्योग, परिवहन, ग्रामीण विकास, कृषि, पर्यावरण, पीडब्ल्यूडी विभागों आदि के सचिव शामिल हैं।

ऊर्जा पारगमन के लिए राज्य स्तरीय संचालन समिति के लक्ष्य इस प्रकार हैं:

  • राज्य स्तर पर ऊर्जा पारगमन के प्रमुख स्तंभों की पहचान
  • ऊर्जा पारगमन के लिए कार्यनीतिक रूपरेखा
  • आर्थिक विकास एवं रोजगार सृजन
  • संबंधित राज्यों में अंतर्राष्ट्रीय सर्वोत्तम प्रथाएं और निवेश के अवसर

नवंबर 2023 तक, 23 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों ने अपने मुख्य सचिव के अधीन ऊर्जा पारगमन पर राज्य स्तरीय संचालन समितियों का गठन किया है। ऊर्जा पारगमन पर राज्य स्तरीय संचालन समिति के गठन में राज्यों द्वारा कोई चुनौती रिपोर्ट नहीं की गई है।

ऊर्जा पारगमन के लिए राज्य स्तरीय संचालन समिति की भूमिकाएँ और जिम्मेदारियाँ मोटे तौर पर निम्नलिखित शामिल हैं:

  • राज्य-विशिष्ट ऊर्जा पारगमन लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए नीति मार्गदर्शन और अनुशंसाएं प्रदान करना।
  • सतत विकास को सक्षम करने के लिए कार्यनीतिक दिशा प्रदान करना।
  • सार्वजनिक-निजी भागीदारी और अन्य माध्यमों से सहयोग की सुविधा के लिए हितधारकों के लिए एक संयोजक मंच के रूप में कार्य करना।
  • ऊर्जा पारगमन से संबंधित कौशल और ज्ञान को बढ़ाने के लिए क्षमता निर्माण और अनुसंधान को बढ़ावा देना।
  • स्थानीय आपूर्ति श्रृंखलाओं के विकास को प्रोत्साहित करके स्वच्छ ऊर्जा परियोजनाओं से जुड़े सहायक उद्योगों के विकास को बढ़ावा देना।
  • ऊर्जा पारगमन पहलों की प्रगति पर दृष्टि रखने के लिए निगरानी और मूल्यांकन तंत्र स्थापित करना।

ऊर्जा पारगमन के लिए राज्य स्तरीय संचालन समितियों के सुचारू और प्रभावी कामकाज को सक्षम करने के लिए, विद्युत मंत्रालय द्वारा समिति के लिए मॉडल संदर्भ की शर्तें (टीओआर) सभी राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों को उनके तत्काल संदर्भ के लिए भेज दी गई हैं।

यह जानकारी केंद्रीय विद्युत और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री आर.के. सिंह ने 14 दिसंबर, 2023 को लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।

***

एमजी/एआर/एसकेजे/एसके


(रिलीज़ आईडी: 1986737) आगंतुक पटल : 314
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Telugu