विद्युत मंत्रालय

ऊर्जा मंत्रालय को आईआईटीएफ 2023 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विशेष प्रशंसा पदक मिला

Posted On: 27 NOV 2023 7:44PM by PIB Delhi

भारत सरकार के ऊर्जा मंत्रालय को भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला 2023 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विशेष प्रशंसा पदक से सम्मानित किया गया है। यह मेला 14 से 27 नवंबर, 2023 के दौरान प्रगति मैदान, नई दिल्ली में आयोजित किया गया है। मंत्रालय को आईआईटीएफ के 42वें संस्करण में लगाए गए ऊर्जा मंडप के लिए पुरस्कार मिला। इस मंडप की स्थापना नोडल एजेंसी एनटीपीसी और ऊर्जा मंत्रालय के अंतर्गत 11 अन्य सार्वजनिक उपक्रमों के योगदान से मंत्रालय के तत्वावधान में की गई थी। इस मंडप का उद्घाटन 14 नवंबर, 2023 को केंद्रीय बिजली और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री आर.के. सिंह ने किया।

इस मंडप का उद्देश्य घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उद्योग के सामने बिजली क्षेत्र में प्रमुख पहलों को प्रस्तुत करना तथा सरकार की योजनाओं एवं नीतियों में सार्वजनिक जागरूकता और भागीदारी को बढ़ाना है। मंडप पर विवरणिका यहां पाया जा सकता है।

आज आयोजित पुरस्कार समारोह में ऊर्जा मंत्रालय के निदेशक श्री अजय अग्रवाल और एनटीपीसी के मुख्य महाप्रबंधक (कॉर्पोरेट संचार) श्री हरजीत सिंह ने यह पुरस्कार प्राप्त किया।

व्यापार मेले में ऊर्जा मंडप में लोगों की भारी भीड़ देखी गई। इसमें आगंतुकों को ऊर्जा क्षेत्र के बारे में जानकारी प्रदान की गई और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं, नुक्कड़ नाटक तथा जादू शो के माध्यम से दर्शकों को जोड़े रखा गया।

***

एमजी/एआर/आरके/एके/वाईबी



(Release ID: 1980304) Visitor Counter : 201


Read this release in: English , Urdu