सूचना और प्रसारण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

पश्चिम बंगाल में विकसित भारत संकल्प यात्रा शुरू


इस कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है

प्रविष्टि तिथि: 15 NOV 2023 5:12PM by PIB Delhi

पश्चिम बंगाल में आज भव्य तरीके से "विकसित भारत संकल्प यात्रा" (वीबीएसवाई) की शुरुआत हुई। इस पहल का उद्देश्य उन लोगों तक पहुंचना है, जो अब तक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित थे और साथ ही सरकारी योजनाओं का प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित करना है। इस यात्रा के तहत सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जनता को जागरूक करना और उन्हें इन योजनाओं का लाभ दिलाना है। इन कल्याणकारी योजनाओं में स्वच्छता सुविधाएं, आवश्यक वित्तीय सेवाएं, बिजली कनेक्शन, एलपीजी सिलेंडर तक पहुंच, गरीबों के लिए आवास, सुनिश्चित खाद्य आपूर्ति, पर्याप्त पोषण, विश्वसनीय  स्वास्थ्य देखभाल, स्वच्छ पेयजल आपूर्ति आदि शामिल हैं। इस यात्रा के दौरान संभावित लाभार्थियों का विवरण सुनिश्चित करने के बाद उनका पंजीकरण किया जाएगा।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज वीबीएसवाई का शुभारंभ किया, जो एक राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम है जिसका उद्देश्य उन नागरिकों तक पहुंचना है जो विभिन्न केंद्रीय योजनाओं के लिए पात्र हैं लेकिन अब तक लाभान्वित नहीं हुए हैं। उन्होंने यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर खूंटी से विशेष रूप से डिजाइन की गई पांच आईईसी (सूचना, शिक्षा और संचार) वैन को हरी झंडी दिखाई। इसी तरह की वैनों को देश भर के महत्वपूर्ण जनजातीय आबादी वाले अन्य जिलों से भी रवाना किया गया।

पश्चिम बंगाल में यात्रा की शुरुआत के अवसर पर राज्य के झारग्राम जिले के बीनापुर-द्वितीय ब्लॉक और मिदनापुर जिले के दातन-प्रथम ब्लॉक में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के वरिष्ठ आर्थिक सलाहकार श्री. आरके जेना उपस्थित थे। ये कार्यक्रम बीनापुर-द्वितीय में काकुन और दातन-Iमें मनोहरपुर में आयोजित किए गए। कार्यक्रम का आयोजन केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), मिदनापुर, नाबार्ड कृषि विकास केंद्र बैंक, गैस कंपनी, नेशनल फर्टिलाइजर्स कंपनी लिमिटेड और झारग्राम कृषक प्रोड्यूसर कंपनी के सहयोग से किया गया था।

कार्यक्रम स्थल पर कई लाभार्थी एकत्र हुए, जहां उन्हें केंद्र सरकार की विभिन्न विकास परियोजनाओं से संबंधित सेवाएं प्रदान की गईं। इसके साथ ही नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड द्वारा ड्रोन की सहायता से कीटनाशकों के उपयोग का प्रदर्शन भी किया गया।

वहां उपस्थित प्रमुख हस्तियों में नाबार्ड, पश्चिम मिदनापुर डीडीएम श्री आकाश शर्मा, कृषि विज्ञान केंद्र, झार ग्राम प्रमुख डॉ. आकाश मैती और अन्य लोग शामिल थे।

इसके साथ ही उत्तर बंगाल के अलीपुर द्वार जिले में भी ऐसा ही कार्यक्रम आयोजित किया गया।

उल्लेखनीय है कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में केंद्र की प्रमुख योजनाओं और कार्यक्रमों के लाभार्थियों के साथ संपर्क स्थापित करने का यह अभियान 25 जनवरी, 2024 को समाप्त होगा। इस यात्रा के तहत, 2.7 लाख ग्राम पंचायतों को कवर किया जाएगा और इन स्वचालित आईईसी वैन का उपयोग करके देश के लगभग 15000 शहरी स्थानों पर जमीनी स्तर की गतिविधियाँ की जाएंगी।

*****

एमजी/एआर/आरपी/डीवी


(रिलीज़ आईडी: 1979519) आगंतुक पटल : 173
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Urdu , English