सामाजिक न्‍याय एवं अधिकारिता मंत्रालय

मुख्य आयुक्त-दिव्यांगजन ने दिव्यांगता स्थिति अपडेट नहीं करने के लिए एमटीएनएल के खिलाफ कार्रवाई की

Posted On: 23 NOV 2023 7:14PM by PIB Delhi

एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्य आयुक्त, दिव्यांगजन ने एमटीएनएल द्वारा एक कर्मचारी की सेवा पुस्तिका में दिव्यांगता की स्थिति अपडेट नहीं करने पर कड़ी अस्वीकृति व्यक्त की है, जिसे चार वर्षों से अपडेट नहीं किया गया है। 16.11.2023 को एक अंतरिम आदेश में, मुख्य आयुक्त ने दिव्यांगता मामलों पर जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक अनूठी सिफारिश की है।

मुख्य आयुक्त ने एमटीएनएल को निर्देश दिया है कि दिव्यांगता मामलों में लंबे समय तक देरी करने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की पहचान की जाए और उन्हें कड़कड़डूमा, विकास मार्ग, दिल्ली- 92 में स्थित अमर ज्योति चैरिटेबल ट्रस्ट में भेजा जाए। पद्मश्री डॉ. उमा तुली के नेतृत्व वाला ट्रस्ट, दिव्यांगजनों की सेवाओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के लिए प्रसिद्ध है। अधिकारियों को 31 दिसंबर 2023 से पहले दिव्यांग छात्रों को पांच दिनों तक सेवा प्रदान करना अनिवार्य किया गया है, जिससे दिव्यांगता संबंधित मुद्दों पर उनकी संवेदनशीलता सुनिश्चित की जा सके।

यह अभूतपूर्व पहल संगठनों में दिव्यांगता के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता को बढ़ावा देने के लिए मुख्य आयुक्त की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। डॉ. उमा तुली का सम्मानित अमर ज्योति चैरिटेबल ट्रस्ट दिव्यांगजनों के सामने आने वाली चुनौतियों से लोगों को सीधे जुड़ने का एक अनूठा अवसर प्रदान करता है।

इसके अलावा, मुख्य आयुक्त ने अनुशंसित कार्रवाई पूरी करने के बाद एमटीएनएल से एक व्यापक रिपोर्ट की मांग की है। इस कदम का उद्देश्य जागरूक कार्यक्रमों के प्रभाव का आकलन करना और संगठन में दिव्यांगता संबंधित मुद्दों को संबोधित करने में जवाबदेही सुनिश्चित करना है।

मुख्य आयुक्त का यह सक्रिय रुख दिव्यांगता-समावेशी कार्यस्थल की आवश्यकता पर बल देते हुए, समय पर और सटीक रिकॉर्ड रखने के महत्व पर बल देता है। मुख्य आयुक्त द्वारा अपनाया गया अनूठा दृष्टिकोण कॉरपोरेट जगत में दिव्यांगजनों के लिए ज्यादा अनुकूल और समावेशी वातावरण को बढ़ावा देने के लिए एक मिसाल कायम करता है।

***

एमजी/एआर/एके/एसएस  



(Release ID: 1979236) Visitor Counter : 172


Read this release in: English , Urdu