सूचना और प्रसारण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

विकसित भारत संकल्प यात्रा असम के ग्रामीण भागों तक पहुंची


बक्सा, कोकराझार और कार्बी आंगलोंग में जारी यात्रा में 12,000 से अधिक लोगों ने भाग लिया

विकसित भारत संकल्प यात्रा अगले दो महीनों में 2,660 से अधिक ग्राम पंचायतों से होकर गुजरेगी

Posted On: 22 NOV 2023 5:59PM by PIB Delhi

विकसित भारत संकल्प यात्रा देश के हर एक कोने तक पहुंचने का उद्देश्य पूरा करने के लिए अपने राष्ट्रव्यापी सफर के साथ आगे बढ़ते हुए आज असम की ग्राम पंचायतों में भी शुरू हुई। इसके तहत सरकारी योजनाओं को प्रत्येक देशवासी के समक्ष ले जाने तथा योजनाओं की 100% परिपूर्णता सुनिश्चित करने के प्रयास में 36 वैन अगले दो महीनों के दौरान असम के ग्रामीण इलाकों में यात्राएं करेंगी और वे यह सुनिश्चित करेंगी कि सरकारी योजनाओं का लाभ राज्य के हर हिस्से तक पहुंचे।

यात्रा के दौरान केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में जागरूकता फैलाने के साथ-साथ लक्षित समुदाय की तत्काल आवश्यकताओं को पूरा करते हुए ऑन-द-स्पॉट सेवाएं भी शुरू की जाएंगी। इस विशेष आयोजन के दौरान स्वास्थ्य शिविर, तपेदिक की जांच, एनीमिया की जांच, आयुष्मान कार्ड बनाना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में नए नामांकन और अद्यतन, माय भारत पहल तथा किसान क्रेडिट कार्ड में नामांकन सेवाएं भी उपलब्ध होंगी।

असम सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता कार्य मंत्री श्री रणजीत कुमार दास ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के दूसरे चरण के पहले दिन बजाली के जिला आयुक्त श्री मृदुल दास के साथ बजाली में यात्रा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित किये गए कार्यक्रम में लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरण के अलावा निःशुल्क चिकित्सा जांच के लिए स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया।

 

(असम सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता कार्य मंत्री श्री रणजीत कुमार दास बजाली में विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान)

इसके अतिरिक्त, पर्यावरण मंत्रालय के उप सचिव श्री सोनामोनी हाओबम और सोनितपुर के जिला आयुक्त श्री देबा कुमार मिश्रा ने तेजपुर में जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाई। जोरहाट के जिला आयुक्त श्री पुलक कुमार महंत ने जिले में विकसित भारत संकल्प यात्रा को आगे जाने के लिए रवाना किया।

(विकसित भारत संकल्प यात्रा में जोरहाट के जिला आयुक्त श्री पुलक कुमार महंत)

नागरिकों के बीच सरकार की विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के बारे में जन जागरूकता उत्पन्न करने के लिए आईईसीवैन आज लखीमपुर जिले के उज्जलपुर ग्राम पंचायत में पहुंचीं। इसके बाद सामुदायिक कल्याण की जनभावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बारपेटा जिले के हलपाकुरी में एक स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया। इसी तरह के कई अन्य कार्यक्रमों का आयोजन नलबाड़ी जिले में भी किया गया।

विकसित भारत संकल्प यात्रा असम में एक विशेष अभियान पर है और यात्रा का वाहन महत्वपूर्ण जानकारी के साथ ही आम जन समुदायों को सशक्त बनाने के लिए नौका के माध्यम से माजुली पहुंचा।

असम में इस यात्रा के बारे में जानकारी:

15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर असम के तीन आदिवासी जिलों बक्सा, कोकराझार और कार्बी आंगलोंग में विकसित भारत संकल्प यात्रा की शुरुआत की गई थी। अब तक यह यात्रा लगभग 32 ग्राम पंचायतों से गुजर चुकी है, जिसमें करीब 12,311 लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। स्वास्थ्य शिविरों में 429 लोगों की सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई है और यात्रा स्थलों पर लगभग 444 लोगों की तपेदिक की जांच भी हुई है।

https://pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1977073

इस यात्रा के संबंध में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए इस वेबसाइट को देखें:

https://viksitbharatsankalp.gov.in/

***

एमजी/एआर/एनके


(Release ID: 1979071) Visitor Counter : 185
Read this release in: English , Urdu , Assamese