जनजातीय कार्य मंत्रालय

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 20 नवंबर 2023 को मयूरभंज के कुलियाना में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का उद्घाटन करेंगी

Posted On: 19 NOV 2023 8:00PM by PIB Delhi

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु 20 नवंबर 2023, सोमवार को अपनी मयूरभंज यात्रा के दौरान मयूरभंज के कुलियाना में नए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय परिसर का उद्घाटन करेंगी। इस अवसर पर ओडिशा के राज्यपाल श्री रघुबर दास, जनजातीय कार्य मंत्री श्री अर्जुन मुंडा और भारत सरकार के जल शक्ति जनजातीय कार्य राज्य मंत्री श्री बिश्वेश्वर टुडू तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहेंगे।

एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय जनजातीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए भारत सरकार की एक प्रमुख योजना है। वर्ष 2019 में, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में 452 नए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय स्वीकृत किए गए थे, विशेषकर उन स्थानों पर जिनमें से प्रत्येक जनजातीय ब्लॉक में 50% या 20,000 से अधिक अनुसूचित जनजाति आबादी निवास करती है। माननीय प्रधानमंत्री ने 12 सितंबर 2019 को झारखंड की राजधानी रांची से इस योजना का शुभारंभ किया था। इस योजना के अंतर्गत प्रति विद्यार्थी आवर्ती लागत भी 61,000 रुपये से बढ़ाकर 1,09,000 रुपये कर दी गई। इसके बाद वर्ष 2022 में, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय की निर्माण लागत मैदानी क्षेत्रों में 20 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 38 करोड़ रुपये तथा पहाड़ी क्षेत्रों में 24 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 48 करोड़ रुपये कर दी गई। पुरानी योजना के तहत साल 2019 से पहले स्वीकृत 288 स्कूलों के साथ, जनजातीय कार्य मंत्रालय मार्च 2026 तक कुल 740 विद्यालय स्थापित करेगा, जिसमें 2019 में स्वीकृत किये गए 452 स्कूलों का निर्माण कार्य भी शामिल है।

जनजातीय कार्य मंत्रालय नवोदय विद्यालयों की तर्ज पर राष्ट्रीय आदिवासी विद्यार्थी शिक्षा समिति (एनईएसटीएस) के माध्यम से इस योजना को लागू कर रहा है। राष्ट्रीय आदिवासी विद्यार्थी शिक्षा समिति द्वारा इन विद्यालयों के लिए 38,000 से अधिक शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों की भर्ती भी की जा रही है।

राज्य सरकारों को इन विद्यालयों के निर्माण के लिए लगभग 15 एकड़ की बाधा मुक्त भूमि प्रदान किये जाने की आवश्यकता है। ओडिशा में कुल 114 विद्यालयों का निर्माण होना है, जिनमें से 106 को स्वीकृति मिल चुकी है। इन 114 विद्यालयों में से 27 विद्यालयों को पुरानी योजना के अंतर्गत और 87 स्कूलों को नई योजना के तहत तैयार किया जाना हैं। फिलहाल 8 स्थानों पर भूमि उपलब्ध कराने की कार्रवाई प्रक्रिया में है। आंकड़ों के अनुसार आज तक 32 स्थानों पर विद्यालय अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं और 31 स्कूलों की इमारतें पूरी तरह से तैयार हो चुकी हैं, जिनमें से 4 नई योजना के तहत बनी हैं।

राष्ट्रपति मयूरभंज में कुलियाना विद्यालय का उद्घाटन करेंगी, जिसके लिए जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा 38 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है, इसका निर्माण आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के प्रशासनिक नियंत्रण में सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यम हिंदुस्तान स्टील कंस्ट्रक्शन लिमिटेड (एचएससीएल) द्वारा किया जा रहा है।

ओडिशा में स्वीकृत किये गए 87 नए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में से अकेले मयूरभंज जिले को हर ब्लॉक में 19 स्कूल मिले हैं, जो भारत में किसी भी जिले के लिए सबसे अधिक संख्या है। पिछले दो वर्षों में राज्य सरकार के सहयोग से ओडिशा में 48 स्थानों पर विद्यालयों का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसमें 19 स्कूल मयूरभंज में हैं। माननीय केंद्रीय जल शक्ति जनजातीय कार्य राज्य मंत्री श्री बिश्वेश्वर टुडू मयूरभंज जिले से सांसद हैं। कुलियाना एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय परिसर लगभग 12 एकड़ भूमि में बनाया गया है। इसमें 480 विद्यार्थियों के लिए 16 कक्षाएं होंगी, जिनमें 240 लड़कियां और 240 लड़के शिक्षा प्राप्त करेंगे। यहां लड़कों और लड़कियों के लिए अलग-अलग छात्रावास, भोजनालय, प्रधानाचार्य, शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों के लिए आवासीय आवास, प्रशासनिक भवन, खेल का मैदान कंप्यूटर तथा विज्ञान प्रयोगशालाओं को तैयार किया गया है। ये विद्यालय इस क्षेत्र के आदिवासी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के मार्ग में मील का पत्थर साबित होंगे।

*****

एमजी/एआर/एनके/एजे



(Release ID: 1978147) Visitor Counter : 161


Read this release in: English , Urdu , Punjabi