इलेक्ट्रानिक्स एवं आईटी मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav g20-india-2023

केंद्रीय मंत्री श्री राजीव चंद्रशेखर कल 'टेक तत्व महोत्सव 2023' के मुख्य अतिथि के रूप में अपने मातृ संस्थान मणिपाल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी का दौरा करेंगे

Posted On: 16 OCT 2023 7:36PM by PIB Delhi

केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी राज्य मंत्री श्री राजीव चंद्रशेखर कल अपने मातृ संस्थान मणिपाल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी का दौरा करेंगे। वह वार्षिक टेकतत्व महोत्सव 2023 के उद्घाटन में मुख्य अतिथि होंगे, जहां वह छात्रों के साथ बातचीत करेंगे। वह रोबोटिक्स के लिए एक कौशल विकास प्रयोगशाला का भी उद्घाटन करेंगे।

महोत्सव की थीम के अनुरूप, श्री राजीव चंद्रशेखर "न्यू इंडिया" के लगातार विकसित हो रहे तकनीकी परिदृश्य में आज युवा भारतीयों के लिए उपलब्ध महत्वपूर्ण अवसरों के बारे में भी बात करेंगे। देश के युवाओं के एक मजबूत समर्थक के रूप में, श्री चंद्रशेखर ने विशेष रूप से प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में वर्तमान पीढ़ी की अद्वितीय क्षमता पर लगातार प्रकाश डाला है।

अपने पिछले बयानों में, राज्य मंत्री श्री राजीव चंद्रशेखर ने विश्वास व्यक्त किया कि आज की पीढ़ी आधुनिक भारत के इतिहास में सबसे भाग्यशाली है। उन्होंने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि कैसे उनका योगदान भारत को 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनने के अपने लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में प्रेरित कर सकता है।

वर्ष 1981 में, राज्य मंत्री श्री राजीव चन्द्रशेखर मणिपाल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में शामिल हुए जहाँ से उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद 1986 में उन्होंने शिकागो के इलिनोइस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से कंप्यूटर साइंस में मास्टर डिग्री प्राप्त की। श्री राजीव चन्द्रशेखर को इंटेल में शामिल होने के लिए विनोद धाम, जिन्हें 'पेंटियम चिप के जनक' के रूप में जाना जाता है, द्वारा चुना गया था, जहां उन्होंने 1988 से 1991 तक काम किया। इंटेल में अपने कार्यकाल के दौरान, श्री चन्द्रशेखर ने एक वरिष्ठ डिजाइन इंजीनियर के रूप में कार्य किया और i486 प्रोसेसर को डिजाइन करने के लिए जिम्मेदार आर्किटेक्चरल टीम में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

एक उद्यमी के रूप में, श्री चन्द्रशेखर ने 1994 में बीपीएल मोबाइल की स्थापना की, जो भारत की सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनियों में से एक थी। वह भारतीय सशस्त्र बलों के साथ लगातार जुड़े रहने के साथ एक परोपकारी व्यक्ति भी रहे हैं।

चार दिनों तक चलने वाला टेक तत्व फेस्टिवल 2023, देश में सबसे लोकप्रिय टेक फेस्टिवल में से एक के रूप में जाना जाता है और विशेष रूप से कर्नाटक में छात्रों के लिए इस तरह का सबसे बड़ा आयोजन है। अपनी यात्रा के दौरान, श्री राजीव चन्द्रशेखर इस बात पर प्रकाश डालेंगे कि देश के युवा भारत की जीडीपी में कहाँ और कैसे योगदान दे सकते हैं। वह डिजिटल अर्थव्यवस्था की क्षमता पर जोर देते हुए नवीन विचारों का पता लगाने, व्यक्तिगत उद्यम शुरू करने और उभरती प्रौद्योगिकियों में गहराई से जाने के तरीकों पर अपने विचार साझा करेंगे।

 

*****

एमजी/एमएस/एआर/केके/डीवी



(Release ID: 1968238) Visitor Counter : 233


Read this release in: Telugu , English , Urdu