पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

पश्चिम बंगाल को समुद्री क्षेत्र में 1 ट्रिलियन रुपये का निवेश प्राप्त होगा, जो इसे निकट भविष्य में क्षेत्रीय व्यापार का केंद्र बनाएगा : श्री सर्बानंद सोनोवाल


श्री सोनोवाल ने आगामी ग्लोबल मैरीटाइम इंडिया समिट, 2023 के लिए कोलकाता के श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट द्वारा आयोजित रोड शो में हिस्सा लिया

Posted On: 14 AUG 2023 7:56PM by PIB Delhi

केंद्रीय पोत, पोत परिवहन और जलमार्ग तथा आयुष मंत्री श्री सर्बानंद सोनोवाल ने आगामी ग्लोबल मैरीटाइम इंडिया समिट, 2023 के लिए आज कोलकाता के श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट द्वारा आयोजित रोड शो में भाग लिया। इस रोड शो में शहर के भारतीय उद्योग जगत के शीर्ष लोगों और शीर्ष अधिकारियों, टेक्नोक्रेट्स तथा सामाजिक हस्तियों ने भी भाग लिया। इसका उद्देश्य नई दिल्ली में होने जा रहे आगामी शिखर सम्मेलन में वैश्विक निवेशकों के साथ "जुड़ाव, सहयोग और निर्माण" करने के लिए सार्थक भागीदारी को बढ़ावा देना था।

इस अवसर पर श्री सर्बानंद सोनोवाल ने अपने संबोधन में कहा, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के दृष्टिकोण से प्रेरणा लेते हुए हमारा मंत्रालय "जुड़ाव, सहयोग और निर्माण" के लक्ष्य के साथ भारत मंडपम में 17 से 19 अक्टूबर, 2023 तक तीसरा ग्लोबल मैरीटाइम इंडिया समिट, 2023 आयोजित करने जा रहा है। आज, आप सभी भारत के समुद्री क्षेत्र को भारत की आर्थिक तरक्की की एक असल गुणक शक्ति के रूप में सक्षम और सशक्त बनाने के महत्वपूर्ण कार्य में हमारे साथ शामिल हुए हैं। कोलकाता अपनी बेहद समृद्ध समुद्री विरासत और एक रणनीतिक स्थल होने के नाते भारत के पूर्वी हिस्से को सक्षम और सशक्त बनाने में, समुद्री क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। समुद्री क्षेत्र भारतीय अर्थव्यवस्था की जीवन रेखा है, जो एक्ज़िम कार्गो में तादाद के लिहाज से 90 प्रतिशत से ज्यादा और मूल्य में लगभग 70 प्रतिशत का योगदान देता है।”

निजी क्षेत्र की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए मंत्री महोदय ने कहा, “भारत के समुद्री क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ाने में निजी क्षेत्र एक जरूरी भागीदार है। सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) ने नए बंदरगाहों के विकास और मौजूदा बंदरगाहों की क्षमता बढ़ाने में बहुत योगदान दिया है।” पीपीपी टर्मिनल वर्तमान में प्रमुख बंदरगाहों पर लगभग 50 प्रतिशत कार्गो संभाल रहे हैं। आने वाले दशकों में वे अपनी भागीदारी 100 प्रतिशत तक बढ़ाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल समुद्री क्षेत्र में 1 ट्रिलियन रुपये का निवेश प्राप्त करने जा रहा है, जो इस राज्य को निकट भविष्य में एक समुद्री केंद्र बनाएगा। इसे देखते हुए भारत में बंदरगाहों के बुनियादी ढांचे और अन्य सहायक सुविधाओं के सुधार तथा विकास में व्यापार और उद्योगों की सक्रिय और तहेदिल से भागीदारी अनिवार्य है। मैं इस अवसर पर आप सभी से आगामी ग्लोबल मैरीटाइम इंडिया समिट में वैश्विक निवेशकों के साथ "कनेक्ट, ॉलोबॉरेट और क्रिएट" करने का और आत्मनिर्भर भारत के भागीदार बनने का आग्रह करता हूं।”

केंद्रीय मंत्री के साथ इस रोड शो में श्री भूषण कुमार, संयुक्त सचिव (एसएम), पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय; श्री रथेंद्र रमन, अध्यक्ष, श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट; श्री ए.के. महेरा, उपाध्यक्ष, एचडीसी; श्री सम्राट राही, उपाध्यक्ष, एसएमपी कोलकाता; और सरकारी अधिकारी, उद्योग जगत के लोग, हितधारक, व्यापार निकाय, वाणिज्य मंडल आदि ने हिस्सा लिया। रोड शो में संयुक्त सचिव (सागरमाला); अध्यक्ष, श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट; उपाध्यक्ष, श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट; कोमोडोर पी.आर. हरि, सीएमडी, जीआरएसई; सेंचुरी पोर्ट्स लिमिटेड के निदेशक श्री आशुतोष जायसवाल और एपीएसईज़ेड लिमिटेड के सीईओ पोर्ट्स, श्री सुब्रत त्रिपाठी ने भी लोगों को संबोधित किया।

****

एमजी/एमएस/आरपी/जीबी/एजे


(Release ID: 1948795) Visitor Counter : 233
Read this release in: English , Urdu , Bengali