श्रम और रोजगार मंत्रालय

श्रम एवं रोज़गार मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव ने कहा है कि भारतीय अध्यक्षता ने जी-20 रोजगार कार्य समूह की विरासत को मजबूत करने का प्रयास किया है

Posted On: 20 JUL 2023 8:38PM by PIB Delhi

केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव ने कहा है कि भारतीय अध्यक्षता ने जी-20 रोजगार कार्य समूह की विरासत को मजबूत करने का प्रयास किया है। उन्होंने इंदौर में आज जी-20 की भारतीय अध्यक्षता में दो दिवसीय श्रम एवं रोजगार मंत्रियों (एलईएम) की बैठक को संबोधित करते हुए प्रभावी ढंग से सहयोग करने और परिणाम दस्तावेजों को अंतिम रूप देने की दिशा में काम करने के लिए जी-20 रोजगार कार्य समूह (ईडब्ल्यूजी) को बधाई दी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में हम उनके प्रयासों को सफल बनाने में सक्षम होंगे।

श्री यादव ने प्रभावी नीति निर्धारण के लिए नियोक्ता संघों और श्रमिक संघों को प्रमुख सुविधाप्रदाता के रूप में मान्यता दी। इसके अलावा, उन्होंने श्रम एवं रोजगार मंत्रियों बैठक में श्रम-20 (एल-20), व्यापार-20 (बी-20), और अंतर्राष्ट्रीय नियोक्ता संगठन (आईओई) की उपस्थिति की सराहना की। केंद्रीय मंत्री महोदय ने कहा कि वह आज रात उनके विचारों को सुनने के लिए उत्सुक हैं क्योंकि ये श्रमिकों के लिए टिकाऊ और समावेशी भविष्य की साझा परिकल्पना की दिशा में काम करने के लिए महत्वपूर्ण हैं। श्री यादव ने इस अवसर की शोभा बढ़ाने और इंदौर शहर में रोजगार कार्य समूह (ईडब्ल्यूजी) और श्रम एवं रोजगार मंत्रियों (एलईएम) की चौथी बैठक आयोजित करने के लिए मध्य प्रदेश के नेताओं को भी धन्यवाद दिया। समारोह में केंद्रीय श्रम और रोजगार राज्य मंत्री, श्री रामेश्वर तेली भी उपस्थित थे।

श्रम-20 की ओर से श्री हिरण्मय पंड्या और व्यापार-20 की ओर से भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के महानिदेशक श्री चंद्रजीत बनर्जी ने सत्र को संबोधित किया। एक संयुक्त वक्तव्य में श्रम-20 और व्यापार-20 ने विश्वास पर आधारित और त्रिपक्षीय सहयोग, विवाद निपटान, सामूहिक सौदेबाजी और नीति विकास चर्चाओं में सामाजिक भागीदारों की भागीदारी द्वारा समर्थित सहकारी औद्योगिक संबंधों का आह्वान किया। यह रोजगार सृजन, वस्तुओं की कीमतों में उतार-चढ़ाव और भविष्य के किसी भी आर्थिक विकार या संकट पर वैश्विक रुझानों की निगरानी में नीति निर्माताओं की सक्रिय भूमिका को भी रेखांकित करता है।

नियोक्ताओं का अंतर्राष्ट्रीय संगठन (आईओई) के महासचिव श्री रॉबर्टो सुआरेज़ सैंटोस ने भी सत्र को संबोधित किया। इसके बाद मध्य प्रदेश की पारंपरिक प्रदर्शन कलाओं को प्रदर्शित करने वाला एक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

इससे पहले दिन में, श्रम एवं रोजगार सचिव और जी-20 रोजगार कार्य समूह (ईडब्ल्यूजी) की अध्यक्ष श्रीमती आरती आहूजा ने जी-20 रोजगार कार्य समूह (ईडब्ल्यूजी) के मसौदा परिणाम दस्तावेजों पर चर्चा का संचालन किया। चर्चाएँ तीन सत्रों में चलीं और निम्नलिखित बिन्दुओं को अंतिम रूप देने के साथ समाप्त हुईं:

वैश्विक स्तर पर कौशल कमियों को दूर करने की रणनीतियों पर जी-20 नीति की प्राथमिकताएं,

गिग और प्लेटफ़ॉर्म श्रमिकों के लिए पर्याप्त और स्थायी सामाजिक सुरक्षा और उचित कार्य पर जी-20 नीति प्राथमिकताएं, और

सामाजिक सुरक्षा के सतत वित्तपोषण के लिए जी-20 नीति विकल्प।

मसौदा परिणाम दस्तावेजों को मौजूदा श्रम एवं रोजगार मंत्रियों (एलईएम) की बैठक में स्वीकृत किया जाएगा और बाद में सितंबर, 2023 के महीने में आगामी जी-20 शिखर सम्मेलन में प्रस्तुत किया जाएगा।

रोजगार कार्य समूह (ईडब्ल्यूजी) की चौथी और अंतिम बैठक की अपनी समापन टिप्पणियों में, सह-अध्यक्षों, अर्थात् इंडोनेशिया और ब्राजील ने चर्चाओं को आगे बढ़ाने और परिणाम दस्तावेजों को अंतिम रूप देने के लिए भारतीय अध्यक्षता पद और विशेष रूप से जी-20 रोजगार कार्य समूह (ईडब्ल्यूजी) के अध्यक्ष को बधाई दी।

श्रम एवं रोजगार सचिव और जी20 रोजगार कार्य समूह (ईडब्ल्यूजी) की अध्यक्ष श्रीमती आरती आहूजा ने रोजगार कार्य समूह (ईडब्ल्यूजी) की बैठकों के सफल संचालन के लिए जी-20 देशों, अतिथि देशों, सामाजिक साझेदारों, भागीदारी समूहों, अर्थात श्रम-20 और व्यापार-20, अंतर्राष्ट्रीय संगठनों, भारत सरकार के अन्य मंत्रालयों, मध्य प्रदेश सरकार और इंदौर के जिला प्रशासन के प्रतिनिधियों को धन्यवाद दिया। इसके अलावा, उन्होंने सत्रों के बीच में स्फूर्तिदायक योग स्ट्रेच ब्रेक आयोजित करने के लिए योग प्रशिक्षकों को धन्यवाद दिया।

 **********

एमजी/एमएस/आरपी/एमकेएस/एजे



(Release ID: 1941291) Visitor Counter : 954


Read this release in: English , Urdu